आशिमा मॉल फ्लाईओवर का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, राज्यमंत्री गौर ने दिए आदेश

समय-सीमा में पूर्ण हो आशिमा मॉल फ्लाईओवर का निर्माण कार्य: राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौर

निवास कार्यालय समाधान में समीक्षा बैठक हुई

भोपाल 
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि आशिमा मॉल से बावड़िया गांव होते हुए सेज अपोलो अस्पताल के समीप नर्मदापुरम मार्ग को जोड़ने वाला प्रस्तावित फ्लाईओवर बनेगा। जो क्षेत्र की आबादी के सुगम आवागमन के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगा। अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में गति लाएं तथा कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न करें।” यह निर्देश पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने बुधवार को अपने निवास कार्यालय "समाधान" में आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए।

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने होशंगाबाद मार्ग स्थित आशिमा मॉल फ्लाईओवर के निर्माण में हो रहे विलंब पर गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में यातायात के दबाव को कम करने और आमजन की सुविधा के उद्देश्य से इस परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि प्रस्तावित फ्लाईओवर की कुल लंबाई लगभग 1,183 मीटर होगी। इसमें 733 मीटर मुख्य ब्रिज स्ट्रक्चर तथा दोनों ओर लगभग 400 मीटर लंबी एप्रोच एवं सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। इस सेतु की चौड़ाई 15.5 मीटर निर्धारित की गई है।

यह फ्लाईओवर आशिमा मॉल के समीप से प्रारंभ होकर बावड़िया गांव को पार करते हुए सेज अपोलो अस्पताल के निकट नर्मदापुरम मुख्य मार्ग से जुड़ेगा। इसके निर्माण से संपूर्ण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और नागरिकों को आवागमन में सुगमता प्राप्त होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *