Tag: Development plans

  • मीरजापुर की बघेड़ा खुर्द बनी प्रदेश की पहली मॉडल पंचायत, अब पूरे यूपी में लागू होगी योजना

    मीरजापुर की बघेड़ा खुर्द बनी प्रदेश की पहली मॉडल पंचायत, अब पूरे यूपी में लागू होगी योजना

    लखनऊ
    गांव में विकास के काम अब वहां के लोगों की जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखकर कराए जाएंगे। इसके लिए मीरजापुर के छानबे ब्लॉक की बघेड़ा खुर्द ग्राम पंचायत में प्रदेश का पहला विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) तैयार किया गया है। इस योजना को आगे चलकर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में लागू किया जाएगा।

    केंद्र सरकार से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनरों ने ट्रांसफार्म रूरल इंडिया (टीआरआई) के सहयोग से गांव में कार्यशाला आयोजित की। इसमें झारखंड के निहार महाराणा और मध्य प्रदेश के हरिविलास द्विवेदी ने ग्रामीणों को साथ लेकर गांव का भ्रमण किया।

    उन्होंने गांव के ऊंचे हिस्से से निचले हिस्से तक जाकर पानी के बहाव, जमीन और दूसरे प्राकृतिक संसाधनों की स्थिति समझाई। योजना बनाने के लिए पंचायत को छह हिस्सों में बांटा गया। हर हिस्से में बैठक कर ग्रामीणों से पूछा गया कि उनके क्षेत्र में किन सुविधाओं की जरूरत है और कौन सी समस्याएं हैं।

    ग्रामीणों ने स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल, सड़क और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग रखी। इसमें सड़क और नाली जैसे निर्माण कार्यों के साथ तालाब, पानी और जमीन का बेहतर इस्तेमाल करने पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि गांव में रोजगार और आजीविका के साधन बढ़ें। इसके लिए वीपीआरपी, वीजीपीपी, वीडीपी और जीपीडीपी की योजनाओं को एक साथ जोड़कर काम किया जाएगा।

    ग्राम्य विकास विभाग पोर्टल के माध्यम से सभी पंचायतों की योजनाएं तैयार कराएगा। इसके लिए प्रदेश से लेकर ब्लाक और पंचायत स्तर तक के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।