Tag: Kashi Vishwanath

  • दिवाली पर भक्तों को राहत, काशी विश्वनाथ धाम में जारी रहेगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

    दिवाली पर भक्तों को राहत, काशी विश्वनाथ धाम में जारी रहेगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

     वाराणसी

    वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दरवाजे दिवाली और धनतेरस के पावन अवसर पर भक्तों के लिए लगातार खुले रहेंगे. मंदिर के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी है कि इन बड़े पर्वों पर दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी पूरी तरह जारी रहेगी, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। 

    हालांकि, मंदिर प्रशासन ने एक विशेष समय के लिए बुकिंग बंद रखने का फैसला लिया है. काशी विश्वनाथ मंदिर के एसडीएम शंभू शरण के अनुसार, आगामी 9 नवंबर को दोपहर के वक्त होने वाली 'श्रृंगार भोग आरती' के तुरंत बाद से लेकर 10 नवंबर की शाम को होने वाली 'सप्तऋषि आरती' तक सभी प्रकार की टिकट बुकिंग अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। 

    न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह निर्णय 'अन्नकूट' उत्सव से जुड़ी जरूरी तैयारियों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए लिया गया है. इस निश्चित समयावधि को छोड़कर बाकी सभी दिनों में मंदिर की आम दर्शन व्यवस्था, ऑनलाइन सेवाएं और अन्य सभी प्रबंध हमेशा की तरह सुचारू रूप से चलते रहेंगे. श्रद्धालु बिना किसी बाधा के बाबा विश्वनाथ के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे। 

     कपाट खुलना: धनतेरस और दिवाली के दौरान मंदिर खुला रहता है और भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकते हैं.
    • ऑनलाइन टिकट बुकिंग: दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहती है. 
    • विशेष सजावट: श्री काशी विश्वनाथ धाम में दिवाली और धनतेरस पर विशेष फूल-मालाओं और रोशनी की भव्य सजावट की जाती है.
    • अन्नपूर्णा मंदिर: पास स्थित माता अन्नपूर्णा मंदिर में भी दीवाली उत्सव और विशेष फूलों का श्रृंगार व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं.
    • देव दीपावली (24 नवंबर 2026): दिवाली के कुछ दिनों बाद आने वाली देव दीपावली के अवसर पर काशी के गंगा घाटों और काशी विश्वनाथ मंदिर में लाखों दीपों का भव्य दीपोत्सव होता है.

  • बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, लिया आशीर्वाद

    बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, लिया आशीर्वाद

    बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ के दरबार में मुख्यमंत्री योगी ने नवाया शीश

    विधि-विधान से किया दर्शन-पूजन, राष्ट्र की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की
     
    एक सप्ताह में दूसरी बार काशी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    वाराणसी
     शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्र में धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में बुधवार को मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाया। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार काशी पहुंचे मुख्यमंत्री ने दोनों मंदिरों में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 7 अक्टूबर को भी काशी पहुंचकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई थी।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा का विधिवत दर्शन-पूजन कर आरती की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर के गर्भगृह में उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया और बाबा काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश और देश की लोक कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। बाबा काल भैरव मंदिर में मौजूद बच्चों को प्यार से चॉकलेट दी और उनसे उनकी पढाई के बारे में बात की। 

    दर्शन-पूजन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुनील पटेल सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।