Tag: Major accident

  • बच्चों की चीख-पुकार से गूंजा घटनास्थल! बिलासपुर में स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त, 25 बच्चे थे सवार

    बच्चों की चीख-पुकार से गूंजा घटनास्थल! बिलासपुर में स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त, 25 बच्चे थे सवार

     बिलासपुर

    चकरभाठा क्षेत्र के कडार में बुधवार दोपहर फोलिएज पब्लिक स्कूल की बस से हादसा हो गया। बस में घटना के समय करीब 25 बच्चे सवार थे। हादसा कड़ार के पास नेशनल हाईवे से लगभग दो किलोमीटर अंदर हुआ। घटना में एक बच्चे को गंभीर चोट आई है। स्वजन उसे अस्पताल लेकर गए हैं। घटना की सूचना पर चकरभाठा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। प्राथमिक पूछताछ में ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है।

    चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कड़ार में संचालित फोलिएज पब्लिक स्कूल में आसपास के कई गांव के बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों को लाने और पहुंचाने के लिए बस की व्यवस्था की गई है। बुधवार की दोपहर छुट्टी के बाद स्कूल की बस से बच्चों को घर पहुंचाया जा रहा था। तभी कड़ार के पास तेज रफ्तार बस सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी।

    इससे बच्चों में चीख पूकार मच गई। इधर सड़क से गुजर रहे लोगों ने बच्चों को तत्काल बस से उतारकर सांत्वना दी। साथ ही इसकी सूचना चकरभाठा पुलिस को दी गई। बताया जाता है कि हादसे में एक बच्चे को गंभीर चोटे आई है। जिसे स्वजन निजी अस्पताल ले गए हैं। घटना की सूचना पर चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चों की जानकारी लेकर पुलिस की टीम लौट गई है। घायल बच्चे की जानकारी जुटाई जा रही है।

    स्कूल प्रबंधन पर लगे लापरवाही के आरोप

    घटना के दौरान मौके पर गांव के संजय कौशिक, ईश्वर कौशिक, सुमित निर्णेजक, शुभम कौशिक, बसदेव साहू, राजेश दुबे, संजु साहू, ईश्वर शर्मा, सागर दास, कोमल निर्मालकर और करण वर्मा मौजूद थे। गांव के लोगों ने बताया कि स्कूल प्रबंधन छात्रों की सुरक्षा को लेकर लगातार लापरवाही बरत रही है। स्कूल प्रबंधन बार बार बस का ड्राइवर बदल रहा है। इसके चलते नए ड्राइवर को सड़क और ट्रैफिक की स्थिति की स्पष्ट जानकारी नहीं रहती। वहीं, बुधवार को बस का ड्राइवर लापरवाही पूर्वक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसके कारण हादसा हुआ।

     

  • बिहार के गोपालगंज में दर्दनाक हादसा, गैस लीक के बाद आग की चपेट में आए 25 लोग

    बिहार के गोपालगंज में दर्दनाक हादसा, गैस लीक के बाद आग की चपेट में आए 25 लोग

    गोपालगंज

    जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव में मंगलवार की शाम गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद दीये से निकली चिंगारी के कारण भीषण आग लग गई।

    इस हादसे में करीब 25 लोग झुलस गए। घायलों में बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है। घटना में कई लोगों की हालत गंभीर होने की सूचना है।

    घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

    झुलसने वालों में बच्चों की संख्या अधिक, कई की हालत गंभीर

    जानकारी के अनुसार, सफियाबाद गांव निवासी सिंहासन मांझी के घर में मंगलवार की शाम रसोई में रखे गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था।

    इसी दौरान दीये से निकली चिंगारी के कारण अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घर में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

    आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने और घर में फंसे लोगों को बचाने का प्रयास किया।
    चार की हालत गंभीर 

    इस दौरान आग की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल बैकुंठपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

    वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

    झुलसे लोगों में छोटन शर्मा, कंचन देवी, मिस्टी कुमारी, रोशन कुमार, सीमा देवी, चांदनी देवी, कुंदन कुमार शर्मा, बेबी देवी, शिवकुमार मांझी, कुसुम देवी, आयांश कुमार, आयुष कुमार, आरती कुमारी, रीना देवी व कुमुद कुमार सहित 25 अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।

    चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ डा प्रेरणा सिंह जांच में जुट गई है।