Tag: Mike Hussey

  • एशेज, वर्ल्ड कप और ओलंपिक की तैयारी में जुटा ऑस्ट्रेलिया, माइक हसी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

    एशेज, वर्ल्ड कप और ओलंपिक की तैयारी में जुटा ऑस्ट्रेलिया, माइक हसी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

    मेलबर्न

    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी अब अपनी राष्ट्रीय टीम के साथ नई भूमिका में नजर आएंगे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने उन्हें हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड के कोचिंग ग्रुप में कंसल्टेंट कोच नियुक्त किया है. हसी आने वाले वर्षों में टीम की रणनीति तैयार करने, विरोधियों का विश्लेषण करने और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में योगदान देंगे। 

    उनकी नियुक्ति इसी महीने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज से शुरू होगी. इसके बाद माइकल हसी अगले साल होने वाली एशेज सीरीज, 2027 वनडे वर्ल्ड कप, 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक और आगामी टी20 वर्ल्ड कप चक्र के दौरान भी टीम के साथ काम करेंगे। 

    हसी के पास कोचिंग का भी अच्छा अनुभव
    माइकल हसी ने हाल के वर्षों में दुनिया की कई बड़ी टी20 प्रतियोगिताओं में कोचिंग की है. वह इंग्लैंड की टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कोचिंग स्टाफ से जुड़े रहे हैं. इसके अलावा IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) और द हंड्रेड जैसी लीग में भी काम कर चुके हैं. उनकी जिम्मेदारियों में खास तौर पर टी20 रणनीति बनाना, विपक्षी टीमों की ताकत और कमजोरियों का आकलन, नए खिलाड़ियों की पहचान तथा उनके प्रदर्शन पर काम करना शामिल होगा। 

    माइकल हसी ने नई भूमिका मिलने पर उत्साह जताते हुए कहा, 'आने वाले वर्षों में टीम का औपचारिक और सार्थक रूप से हिस्सा बनने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं. इस टीम ने हाल के समय में काफी उपलब्धियां हासिल की हैं. उम्मीद है कि मैं खिलाड़ियों और कोचिंग ग्रुप के लिए उपयोगी साबित हो सकूंगा। 

    ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने माइकल हसी का स्वागत करते हुए कहा कि उनका अनुभव मौजूदा कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद होगा. उन्होंने यह भी कहा कि हसी का अलग-अलग फॉर्मेट, देशों और प्रतियोगिताओं में खेलने तथा कोचिंग करने का अनुभव उन्हें टीम के लिए खास बनाता है। 

    माइकल हसी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 302 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. अपने इंटरनेशनल करियर में उन्होंने 22 शतक लगाए. जनवरी 2013 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।