Tag: Minister Lakshmi Rajwade

  • सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवा का शुभारंभ, स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति जताया आभा

    सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवा का शुभारंभ, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति जताया आभा

    रायपुर

    महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा मिली है। मंत्री  राजवाड़े ने आज सेवा संकल्प अभियान के तहत हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया। स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई।

    इस अवसर पर मंत्री  राजवाड़े ने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। हमारा निरंतर प्रयास है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो और जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सके। लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ALS एंबुलेंस की सुविधा से गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

    मंत्री  राजवाड़े ने एंबुलेंस की मांग पर त्वरित पहल कर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से लटोरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लाभ होगा और जरूरत पड़ने पर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

    उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री  राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री  जायसवाल से लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की और घोषणा के 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई।

    कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन  बाबूलाल अग्रवाल,  नूतन विश्वास, महेश्वर पैकरा,   बीना गुप्ता,  ठाकुर सिंह पैकरा,  सुमित्रा राजवाड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

  • सड़कें विकास की जीवन रेखा हैं: बेहतर कनेक्टिविटी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती—मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े।

    सड़कें विकास की जीवन रेखा हैं: बेहतर कनेक्टिविटी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती—मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े।

    रायपुर

    महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान क्षेत्रवासियों को सड़क विकास की बड़ी सौगात देते हुए 34 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का कार्यप्रारम्भ पूजन किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी तथा क्षेत्र में विकास की गति को नई दिशा मिलेगी।

    मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सड़कें विकास की जीवन रेखा हैं। मजबूत और बेहतर सड़क नेटवर्क से गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ती है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। सरकार का प्रयास है कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना पहुंचे और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं का लाभ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों सहित आम नागरिकों को मिलेगा।
    उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत और टिकाऊ अधोसंरचना ही विकास कार्यों का स्थायी लाभ लोगों तक पहुंचा सकती है।

    राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा तक 18 किलोमीटर सड़क का होगा चौड़ीकरण

    कार्यप्रारम्भ पूजन किए गए प्रमुख कार्यों में डुमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा मार्ग का चौड़ीकरण एवं उन्नयन शामिल है। लगभग 30.41 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत बिटुमिनस कंक्रीट एवं शोल्डर कार्य के साथ 6,570 मीटर नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल, 8 एचपीसी तथा 7 स्लैब पुलियों का निर्माण किया जाएगा। सड़क के उन्नयन से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और आवागमन सुविधा बेहतर होगी।

    दर्रीपारा-दनौली मार्ग से झम्मनपारा को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

    इसी क्रम में झम्मनपारा में दर्रीपारा से दनौली तक 3.20 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भी कार्यप्रारम्भ पूजन किया गया। इस कार्य के लिए 374.76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना में 3.20 किलोमीटर सड़क, 0.90 किलोमीटर सीसी रोड, 1,200 मीटर नाली, 90 मीटर रिटेनिंग वॉल तथा 6 एचपीसी पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

    मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की

    कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने क्षेत्रवासियों से सेवा संकल्प अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से सेवा और जनकल्याण के कार्यों को नई गति दी जा सकती है।

  • मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े की संवेदनशील पहल: आवेदन के 48 घंटे के भीतर दिव्यांग विष्णु लाल यादव को मिली इलेक्ट्रिक स्कूटी

    मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की संवेदनशील पहल: आवेदन के 48 घंटे के भीतर दिव्यांग विष्णु लाल यादव को मिली इलेक्ट्रिक स्कूटी

    रायपुर

    महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने दिव्यांगजन की समस्या पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए आवेदन के महज 48 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराई। सूरजपुर जिले के ग्राम तेलईकछार निवासी दिव्यांग श्री विष्णु लाल यादव को उनकी आवश्यकता को देखते हुए विशेष तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध कराई गई।

    श्री विष्णु लाल यादव ने मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े को दिए आवेदन में बताया था कि पिछले वर्ष रायपुर जाते समय वे बस दुर्घटना का शिकार हो गए थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वे दिव्यांग हो गए। घर से अस्पताल की दूरी अधिक होने के कारण इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे स्वयं स्कूटी खरीदने में सक्षम नहीं थे।

    मंत्री  राजवाड़े के संज्ञान में मामला आते ही उन्होंने तत्काल सहायता के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों में विष्णु लाल यादव को तीन पहिया इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध करा दी गई।

    स्कूटी मिलने से विष्णु लाल यादव को अब अस्पताल जाने, उपचार कराने तथा रोजमर्रा के आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने सहायता के लिए मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया।

  • मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने बालिका गृह की बेटियों के साथ सुनी ‘मन की बात’ ’

    मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बालिका गृह की बेटियों के साथ सुनी ‘मन की बात’ ’

    रायपुर

    ‘मन की बात’

    महिला एवं बाल विकास मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने आज शासकीय बालिका गृह, शंकर नगर रायपुर में बेटियों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना। इस अवसर पर मंत्री  राजवाड़े ने बेटियों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनके सपनों, उत्साह और आत्मविश्वास को करीब से जाना।

    मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेटियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सुनना उनके लिए बेहद आत्मीय और सुखद अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, नवाचार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम में बेटियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

    मंत्री  राजवाड़े ने कहा कि हर बेटी को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आगे बढ़ने के समान अवसर और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार मिले, यही डबल इंजन सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सुशासन सरकार बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

    उन्होंने कहा कि शासकीय बालिका गृह में रहने वाली बेटियों के सपनों को उड़ान देने के लिए उन्हें बेहतर वातावरण, आवश्यक सुविधाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बेटियों में आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाना महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।