Tag: Partition

  • बंटवारा 1947 ट्रेलर लॉन्च में शबाना आजमी ने बताया शूटिंग का दर्दनाक अनुभव

    बंटवारा 1947 ट्रेलर लॉन्च में शबाना आजमी ने बताया शूटिंग का दर्दनाक अनुभव

    फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी और सनी देओल एक लंबे अरसे के बाद दोबारा बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं. उनकी नई फिल्म बंटवारा 1947, जो पहले लाहौर 1947 के नाम से जानी जाती थी जल्द सिनेमाघरों में लगने वाली है. मंगलवार को मुंबई में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ, जिसमें फिल्म की पूरी कास्ट शामिल हुई.

    बंटवारा 1947 फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, अभिमन्यु सिंह, अली फजल और शबाना आजमी जैसे दमदार कलाकार हैं. इसमें शबाना आजमी एक बूढ़ी हिंदू औरत का किरदार निभा रही हैं, जो बंटवारे के बाद पाकिस्तान में ही रह गई हैं. ट्रेलर में उनके और सनी देओल के बीच एक गहरा बॉन्ड भी दिखाया गया है, जो फिल्म को एक इमोशनल टच देने का काम करेगा.

    फिल्म के ट्रेलर लॉन्च में शबाना आजमी ने राजकुमार संतोषी की बंटवारा 1947 शूट करने का भी अपना एक्सपीरियंस शेयर किया. उन्होंने बताया कि उनकी पिछली फिल्म धर्मेंद्र के साथ रॉकी रानी की प्रेम कहानी थी. अभी वो सनी देओल के साथ काम कर चुकी हैं. अब शबाना जी जल्द देओल परिवार के और दो कलाकार अभय और बॉबी देओल के साथ भी काम करना चाहेंगी.

    फिल्म में अपमानित हुईं शबाना आजमी
    सीनियर एक्ट्रेस ने आगे फिल्म से जुड़ा एक हैरान करने वाला किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया एक सीन को करते समय उन्हें सचमुच बेहद अपमानित सा महसूस हुआ था. इसकी झलक डायरेक्टर ने फिल्म के ट्रेलर में भी दिखाई है. शबाना आजमी ने कहा- बंटवारा 1947 में एक ऐसा सीन है, जिसमें पर्सनली एक इंसान होने के नाते मुझे बहुत ज्यादा अपमानित महसूस हुआ.

    'उस सीन में ऐसा लगा जैसे मेरी सारी इज्जत और गरिमा मुझसे छीन ली गई हो. ट्रेलर में इसकी एक छोटी-सी झलक भी दिखती है, जब विलेन मुझे घसीटता है और मेरा कुर्ता फाड़ देता है. उस पल मैंने खुद को जितना बेबस और असुरक्षित महसूस किया, शायद पहले कभी नहीं किया था. लेकिन यकीन मानिए, जब सनी आए और उन्होंने मुझे दुपट्टे से वापस ढका, तो उस वक्त मैं सिर्फ फिल्म का किरदार नहीं थी, बल्कि शबाना आजमी थी.'

    शबाना आजमी ने आगे कहा- उस पल सनी सिर्फ मेरे ऑन-स्क्रीन बेटे नहीं थे, बल्कि मेरे रक्षक बन गए थे. मैंने उन्हें पूरे दिल से गले लगाया और बस यही कहा कि भगवान का शुक्र है कि आप मुझे बचाने के लिए यहां हैं. एक कलाकार के रूप में 50 साल का अनुभव होने के बाद भी अगर मैं किसी एक पल को अपने को-स्टार की वजह से इतनी सच्चाई से महसूस कर सकती हूं, तो जाहिर है कि वही एहसास पर्दे पर भी दिखाई देगा. इसलिए सनी, मैं दिल से आपका शुक्रिया अदा करना चाहती हूं.

    बात करें फिल्म बंटवारा 1947 की, तो इसे आमिर खान ने प्रोड्यूस किया है. ये फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होने के लिए तैयार है. सनी देओल की फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की आवारापन 2 से टक्कर का सामना करना है.

  • सनी देओल की बंटवारा 1947 का ट्रेलर रिलीज, दिखा दमदार अवतार

    सनी देओल की बंटवारा 1947 का ट्रेलर रिलीज, दिखा दमदार अवतार

    सनी देओल और प्रीति जिंटा की मचअवेटेड फिल्म बंटवारा 1947 का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है. ये इमोशन, एक्शन से भरपूर है. मूवी में सनी का इंटेंस अवतार अपनी छाप छोड़ने में कामयाब हुआ है. इंटरनेट पर फिल्म के ट्रेलर को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. बंटवारा 1947 का ट्रेलर दिल को छूता है. ये कहानी भारत-पाक बंटवारे के बाद हुए दंगों, त्याग, मजहब और उससे जुड़े जज्बातों को दिखाती है.

    ट्रेलर में दिखा सनी का दम
    ट्रेलर 'भारत माता की जय' के नारे से शुरू होता है. भारत में आजादी का जश्न मनाया जा रहा है. लेकिन मजहब को लेकर फैले आक्रोश ने पूरे देश में तनाव पैदा कर दिया है. आगजनी, झगड़ों के बीच सनी का किरदार अपने परिवार को लेकर पाकिस्तान निकलता है. वहां उन्हें कस्टोडियन वालों ने नया मकान दिया है. लेकिन उस घर में पहले से बूढ़ी हिंदू महिला (शबाना आजमी) छिपकर रहती है. हिंदू महिला के लिए सनी बगावत करते हैं. घर में बना मंदिर तुड़वाने के खिलाफ आवाज उठाते हैं.

    वो कहते हैं- मंदिर तोड़ना इस्लाम नहीं है. मजहब को लेकर बड़ी जंग छिड़ जाती है. ट्रेलर के अंत में सनी का दमदार डायलॉग उनके फीयरलेस अवतार को दिखाता है. वो कहते हैं- आग लगा दूंगा पूरे शहर को. वो हिंदू औरत नहीं एक मां है, मां को हिंदू-मुसलमान में न बांटिए. मां अपने आप में एक मजहब है. हर इंसान का पहला मजहब मां है. हर बच्चे के मुंह से निकला पहला शब्द मां है.

    देखें ट्रेलर…
    भारत-पाकिस्तान के बंटवारे की कहानी बयां करती ये फिल्म असगर वजाहत के फेमस नाटक 'जिस लाहौर नहीं वेख्या, ओ जम्याई नई' पर बेस्ड है. फिल्म की कास्ट में सनी-प्रीति के अलावा शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल, अभिमन्यु अहम रोल में दिखेंगे. इस फिल्म के जरिए करीबन 30 साल बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल एकसाथ आए हैं. एक्टर-डायरेक्टर की हिट जोड़ी ने घायल, घातक और दामिनी जैसी हिट फिल्में दी हैं.

    फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. डायरेक्शन राजकुमार संतीषी का है. म्यूजिक ए आर रहमान ने दिया है. ये मूवी सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी. फिल्म में फैंस को लंबे अरसे बाद सनी और प्रीत की पेयरिंग देखने को मिलेगी.

    वर्कफ्रंट पर, सनी का बॉक्स ऑफिस पर धमाल देखने को मिल रहा है. गदर 2 से गर्दा उड़ाने के बाद फैंस को इस फिल्म के रिकॉर्डतोड़ कमाई करने की उम्मीद है. बंटवारा 1947 इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. इसे A सर्टिफिकेट मिला है. देखना होगा ये मूवी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर क्या कमाल दिखाती है.

  • ‘बंटवारा 1947’ का दमदार टीजर रिलीज, सनी देओल के एक्शन ने बढ़ाया रोमांच

    ‘बंटवारा 1947’ का दमदार टीजर रिलीज, सनी देओल के एक्शन ने बढ़ाया रोमांच

    सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर 'बंटवारा 1947' इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है. हिम्मत, बलिदान और इंसानी जज्बे की कहानी पर बनी 'बंटवारा 1947' को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट सुपर हाई है. मेकर्स ने अब बंटवारा 1947 का दूसरा टीजर रिलीज करके फैंस को बड़ी ट्रीट दी है.

    एक्शन अवतार में छाए सनी देओल
    बंटवारा 1947 के नए टीजर में हाई-वोल्टेज ड्रामा और दमदार एक्शन की झलक देखने को मिलती है. सनी देओल एक ऐसे शख्स के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो हर मुश्किल का सामना करते हुए अपने परिवार की रक्षा के लिए डटकर खड़ा रहता है. फिल्म का जोश और जुनून देखते ही बनता है. सनी देओल का जोश और इंटेंस अंदाज जबरदस्त छाप छोड़ता है.

    टीजर में काफी इमोशनल सीन्स दिखाए गए हैं, जो आपकी आंखों को नम कर सकते हैं. इमोशन्स के साथ टीजर में दमदार एक्शन, आगजनी, मारपीट और अत्याचार जैसे दिल दहला देने वाले सीन्स भी देखने को मिलते हैं. शुरुआती सीन्स में प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी के किरदार नजर आते हैं, जो इन अत्याचारों से मायूस दिखाई देते हैं.

    टीजर में एक ऐसे निडर हीरो की झलक दिखाई गई है, जो नफरत के सामने पूरे साहस और हौसले के साथ खड़ा रहता है. इसमें देश के बंटवारे के दौर के भारतीय इतिहास के सबसे अहम अध्यायों में से एक की झलक बखूबी दिखाई गई है. यह उन दर्दनाक घटनाओं की गूंज है, जिन्होंने दो देशों को अलग कर दिया और करोड़ों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी है. फिल्म का ये टीजर पूरी तरह से दिल को छू लेता है.

    दमदार है फिल्म की कास्ट
    बंटवारा 1947 में कास्ट भी काफी दमदार है. इसमें शबाना आजमी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे दमदार सितारे नजर आएंगे. इस फिल्म में करीब तीन दशक बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी फिर से साथ दिखेगी, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे.

    कब रिलीज होगी बंटवारा 1947?
    आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बंटवारा 1947 का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी ने किया है. फिल्म का म्यूजित ए.आर. रहमान ने दिया है, जबकि लिरिक्स जावेद अख्तर ने लिखे हैं. फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. बंटवारा 1947 दुनियाभर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी.