Tag: Rain Alert

  • राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, बीकानेर-सीकर समेत कई जिलों में बारिश के आसार; तापमान गिरेगा

    राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, बीकानेर-सीकर समेत कई जिलों में बारिश के आसार; तापमान गिरेगा

    जयपुर
     राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में नया परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से 10 और 11 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

    मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 अक्टूबर को भी उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश के दौर के बाद प्रदेश में तापमान में गिरावट होने के आसार हैं।

    राजस्थान के इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
    मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 और 11 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

    अलवर में तेज धूप से बचने के लिए छतरी लेकर दोपहिया वाहन पर बैठी महिला (फोटोः अंशुम आहूजा)

    इसके बाद 13-14 अक्टूबर को भी उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

    पिलानी में सबसे ज्यादा गर्मी, माउंट आबू में सबसे कम तापमान
    राजस्थान में मौसम बदलने की संभावना के बीच दिन के तापमान में गर्मी का असर बना हुआ है। पिलानी में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, बाड़मेर में 38.6, चूरू और जैसलमेर में 38.5-38.5 तथा श्रीगंगानगर और फलोदी में 38-38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री अधिक था।

    रात के तापमान में भी दिखा अंतर
    प्रदेश में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सिरोही में न्यूनतम तापमान 16.4, फतेहपुर में 18, चूरू में 18.3 और नागौर में 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फलोदी में रात का तापमान 26.6 डिग्री और श्रीगंगानगर में 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में बारिश के प्रभाव के बाद तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

     

  • छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, सुकमा से धमतरी तक दो दिन बारिश; रायपुर में बादलों का डेरा

    छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, सुकमा से धमतरी तक दो दिन बारिश; रायपुर में बादलों का डेरा

    रायपुर.

    प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. गुरुवार को रायपुर में करीब 3 बजे के बाद अचानक तेज हवा के साथ तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली.

    मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य रही और इसमें 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश के वितरण और तीव्रता में वृद्धि होने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा.

    रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?
    रायपुर में 11 सितंबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने के साथ कुछ बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. 

    इन इलाकों में हुई बारिश 
    प्रदेश में गुरुवार को पखांजूर में 5 सेमी, सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेमी, बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेमी बारिश हुई. रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में 2-2 सेमी वर्षा दर्ज की गई. रायपुर में भी 1 सेमी बारिश हुई.

    कई जिलों मे अलर्ट जारी
    मौसम विभाग ने आज सुबह कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरीऔर गरियाबंद में आकाशीय बिजली गिरने और वर्षा की संभावना जताई है.

  • बारिश से किसानों के चेहरे खिले, झारखंड में 4 सितंबर तक वर्षा के आसार; महुआडांड में 171 मिमी बारिश

    बारिश से किसानों के चेहरे खिले, झारखंड में 4 सितंबर तक वर्षा के आसार; महुआडांड में 171 मिमी बारिश

    रांची
    राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में एक बार फिर सक्रिय मानसून का असर देखने को मिल रहा है। सोमवार से शुरू शुरू हुई फुहारें मंगलवार तक जारी हैं। इस वर्षा ने जहां शहरी क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या खड़ी कर दी है तो वहीं किसानी को नया जीवन दिया है। किसान खेतों की ओर जाने लगे हैं। 

    विशेषकर राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा समेत आसपास के जिलों में तो निराश हो चुके किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। 

    बता दें कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने एक सितंबर को रांची समेत राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना जताई है।

    इन जिलों में भारी वर्षा की है संभावना 
    मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, दो, तीन और चार सितंबर को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। 

    इधर, सोमवार को राजधानी रांची में दिनभर रुक-रुककर वर्षा होती रही। देर शाम भी वर्षा का सिलसिला जारी रहा। रांची में करीब 13 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

    महुआडांड में 171 मिमी वर्षा
    पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई। सबसे अधिक 171 मिमी वर्षा लातेहार के महुआडांड में दर्ज की गई। इसके अलावा डुमरिया में 112.2 मिमी, मझगांव में 95.4 मिमी, चाकुलिया में 92.4 मिमी और मुसाबनी में 80.2 मिमी वर्षा हुई। वहीं, लोहरदगा में 41 मिमी, जमशेदपुर में 49 मिमी और चाईबासा में 29.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

     

  • यूपी में फिर बरसेंगे बादल! प्रयागराज-मुरादाबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

    यूपी में फिर बरसेंगे बादल! प्रयागराज-मुरादाबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

    लखनऊ 
     यूपी में अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), लखनऊ के अनुसार 31 अगस्त से चार सितंबर तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।

    आईएमडी के मुताबिक 31 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। एक सितंबर को भी दोनों अंचलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दो से चार सितंबर के दौरान दोनों अंचलों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 31 अगस्त को प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर और रायबरेली तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

    वाराणसी, जौनपुर, अमेठी में भारी बारिश
    वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, वाराणसी, जौनपुर और अमेठी में भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका है। एक सितंबर को बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, रायबरेली और अमेठी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं सहित अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी है।

    132 किलोमीटर दर्ज की गई बारिश
    दो सितंबर को बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तीन और चार सितंबर को भी दोनों अंचलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। आईएमडी के बारिश के आंकड़ों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार को प्रयागराज के कोरांव में सबसे अधिक 132 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चित्रकूट के राजापुर में 67 और कर्वी में 66 मिलीमीटर, अंबेडकर नगर के अकबरपुर में 63.4, प्रतापगढ़ के पट्टी में 63, अकबरपुर में 60, सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 60 और सुलतानपुर के लंभुआ में 56 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

    कहां-कितनी हुई बारिश
    प्रयागराज में 54.5, बांदा के बदुसा में 47.6, कौशाम्बी के चायल में 43.5 और प्रतापगढ़ के लालगंज आरा में 42 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा वाराणसी के राजघाट में 36.6, प्रयागराज के हंडिया में 36, बांदा के अतर्रा में 35, चित्रकूट के मानिकपुर में 35, फतेहपुर के बिंदकी में 34.7, बांदा में 34.6, गाजीपुर के मोहम्मदाबाद में 34 और उन्नाव के पुरवा में 34 मिलीमीटर बारिश हुई। अयोध्या में 33, जौनपुर के शाहगंज में 18.2, कानपुर में 18.2, गोरखपुर में 13.9 तथा मिर्जापुर में 11.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 149.4 मिलीमीटर बारिश मुरादाबाद में दर्ज हुई। मुरादाबाद वेधशाला में 47 और मुरादाबाद में 36.5 मिलीमीटर बारिश हुई। रामपुर में 32.5, मुरादाबाद के बिलारी में 31.2, हमीरपुर के मौदहा में 28, मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में 27 और बिजनौर के नजीबाबाद में 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

    कई जिलों में वज्रपात की संभावना
    मौसम विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान घर के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और संभव हो तो यात्रा से बचने की सलाह दी है। खुले स्थानों में पेड़ के नीचे आश्रय नहीं लेने तथा बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति में निचले इलाकों और सुरंगों में जलभराव, नदियों-नालों और जलाशयों के जलस्तर में अचानक वृद्धि तथा सड़कों पर जलभराव और फिसलन के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका है। विभाग ने लोगों को निचले और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से दूर रहने तथा जलमग्न सड़कों और उफनते पुलों से बचने की सलाह दी है। आईएमडी ने किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी है। भारी बारिश से गन्ने में जलभराव के कारण जड़ों में सड़न और फसल गिरने, अरहर में उकठा एवं जड़ गलन, मक्का में पौधों के गिरने तथा धान में लंबे समय तक जलभराव से वृद्धि प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। मूंगफली, तिल, उड़द-मूंग और सब्जियों की फसलों में भी अधिक नमी और जलभराव से रोग तथा फसल क्षति का खतरा बताया गया है।

  • Punjab में थमी मानसूनी रफ्तार, फिर भी आज बारिश की चेतावनी जारी

    Punjab में थमी मानसूनी रफ्तार, फिर भी आज बारिश की चेतावनी जारी

    अमृतसर.

    पंजाब में मानसून कमजोर हो रहा है। शनिवार को मौसम विभाग ने किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है। वहीं, हिमाचल से सटे कुछ जिलों को छोड़ अन्य में बारिश के आसार भी नहीं हैं। ऐसे में तापमन के बढ़ने के आसार हैं, जिससे लोग परेशान हो सकते हैं।

    इसके अलावा शुक्रवार तापमान में 0.9 डिग्री की हल्की गिरावट के साथ राहत देखने को मिली। मौसम विभाग की तरफ से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 31 अगस्त तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। इस दौरान तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं, सितंबर की शुरुआत में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। हालांकि कि इसे लेकर भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

    हिमाचल से सटे जिलों में बारिश की संभावना
    29 अगस्त: शनिवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में छिटपुट बारिश की संभावना है। राज्य के बाकी अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
    30 अगस्त: रविवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। मैदानी और दक्षिणी पंजाब में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने के आसार हैं।
    31 अगस्त: सोमवार को गुरदासपुर, नवांशहर और रूपनगर में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना कम है।
    1 सितंबर: मंगलवार को मौसम में कुछ और बदलाव देखने को मिल सकता है। पठानकोट और होशियारपुर में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, संगरूर और पटियाला समेत कई जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश के आसार हैं। वहीं फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला आदि में मौसम शुष्क रह सकता है।

    शुक्रवार को बठिंडा रहा सबसे गर्म
    शुक्रवार को पंजाब में अधिकतम तापमान में औसतन 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा। बठिंडा में सबसे अधिक 36.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भाखड़ा बांध क्षेत्र में भी 36.4 डिग्री तापमान रहा। चंडीगढ़ में 36.3, फिरोजपुर में 36.2, पटियाला में 35.8, लुधियाना में 35.8, अमृतसर और फरीदकोट में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। शुक्रवार को दर्ज स्टेशनों पर बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी कोई चेतावनी नहीं है।