Tag: Virat Kohli

  • भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले विराट कोहली पर बड़ा दावा, रोहित शर्मा को छोड़ेंगे पीछे?

    भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले विराट कोहली पर बड़ा दावा, रोहित शर्मा को छोड़ेंगे पीछे?

    नई दिल्ली

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से शुरू होने वाली 5 मैचों की वनडे सीरीज का इंतजार फैन्स बेसब्री के साथ कर रहे हैं. इस सीरीज में एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली के पास अपना दमखम दिखाने का मौका होगा। 

    वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने बड़ा बयान दिया है. पुजारा का मानना है कि न्यूजीलैंड की पेस और स्विंग से भरी परिस्थितियों में रोहित शर्मा के मुकाबले विराट कोहली के पास शतक लगाने के ज्यादा मौके हैं। 

    जियोस्टार पर बातचीत करते हुए पुजारा ने दोनों खिलाड़ियों के बल्लेबाजी क्रम और उनकी भूमिकाओं को लेकर खुलकर चर्चा की. उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा का काम पावरप्ले में तेजी से रन बनाकर टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाना होता है। 

    हालांकि, न्यूजीलैंड की मुश्किल कंडीशंस में ओपनर्स को नई गेंद के सामने काफी संभलकर खेलना पड़ता है, जिससे रोहित को बल्लेबाजी करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है.  इसके विपरीत विराट कोहली नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हैं, जहां वनडे फॉर्मेट में एंकर की भूमिका निभाने का मौका ज्यादा मिलता है। 

    दमदार फॉर्म में हैं कोहली
    पुजारा के मुताबिक नंबर तीन पर आने वाले बल्लेबाज के लिए पारी को संभालते हुए शतक तक पहुंचना थोड़ा आसान हो जाता है. यही वजह है कि वह विराट को रोहित से आगे रख रहे हैं. हालांकि, दोनों ही खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं. हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ विराट ने नाबाद 139 रनों की तूफानी पारी खेली थी तो वहीं रोहित ने भी तीन मैचों में 225 रन बनाए थे। 

    सीरीज को लेकर पुजारा की बड़ी भविष्यवाणी
    शतकों की बहस के अलावा पुजारा ने पूरी सीरीज के नतीजे पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने बताया कि इस दौरे पर भारतीय टीम दो अलग-अलग हिस्सों में बंटी हुई है, जहां पहले तीन मैचों के लिए एक अलग स्क्वाड है और आखिरी दो मैचों के लिए दूसरे खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। 

    पुजारा का मानना है कि इससे न्यूजीलैंड को एक बड़ा रणनीतिक फायदा मिलेगा क्योंकि कीवी टीम पूरी सीरीज में एक ही कॉम्बिनेशन के साथ खेलेगी. उन्होंने भविष्यवाणी की कि भारत शुरुआती तीन मैच जीतकर बढ़त बना सकता है, लेकिन आखिरी के दो मुकाबले काफी चुनौतीपूर्ण होंगे. उन्होंने यह भी अंदेशा जताया कि न्यूजीलैंड के मौसम को देखते हुए सीरीज का कम से कम एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ सकता है और अंत में यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर छूट सकती है। 

  • न्यूजीलैंड दौरे पर विराट कोहली के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका, बस करना होगा ये काम

    न्यूजीलैंड दौरे पर विराट कोहली के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका, बस करना होगा ये काम

     नई दिल्ली

    भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के पास एक अद्भुत उपलब्धि अपने नाम करने का मौका होगा, जब वे न्यूजीलैंड में अगले महीने 5 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेलेंगे। विराट कोहली का प्रदर्शन अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा रहा तो वे दुनिया के पहले और एकमात्र बल्लेबाज बन जाएंगे, जिनका औसत SENA देशों में यानी साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में औसत वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 से ज्यादा का होगा।

    विराट कोहली का औसत साउथ अफ्रीका में वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 76.38 का है। वहीं, इंग्लैंड में विराट ने 51.48 के औसत से रन बनाए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली ने 50.03 के औसत से वनडे क्रिकेट में रनों का अंबार लगाया हुआ है। अब बारी न्यूजीलैंड की है, जहां रन मशीन विराट का औसत 49.66 का है।

    विराट को करना होगा ये काम
    अब बात करते हैं कि विराट कोहली का औसत कैसे 50 के पार जा सकता है। इसका पहला सिनेरियो यह है कि विराट कोहली अगर पांच मैच खेलते हैं और उन पांचों मैचों में आउट हो जाते हैं और सीरीज में कुल रन वे 254 बनाते हैं तो उनका औसत 50 से ज्यादा का हो जाएगा। दूसरा सिनेरियो यह है कि अगर वे चार मैचों में आउट होते हैं और एक मैच में नाबाद रहते हैं और कुल रन सीरीज में 204 बनाते हैं तो भी वे 50 से ज्यादा का औसत हासिल कर लेंगे।

    विराट कोहली को 50 से ज्यादा का औसत अगर न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट में चाहिए तो इसके लिए तीसरा सिनेरियो यह है कि विराट 3 मैचों में आउट हो जाएं और दो मैचों में नाबाद लौटें, भले ही रन 154 ही बनाएं, तो भी उनका औसत न्यूजीलैंड की सरजमीं पर 50 के पार हो जाएगा और वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे, जिनका औसत चार बड़े देशों में वनडे क्रिकेट में 50 से ज्यादा का है।

    ऑस्ट्रेलिया में भाग्य ने दिया था कोहली का साथ
    ऑस्ट्रेलिया दौरे से जुड़ी दिलचस्प बात यह है कि विराट कोहली ने अपनी आखिरी गेंद पर चौका जड़ा था। इससे उनका औसत 50 से जरा से ऊपर चला गया था। अगर वे सिंगल या डबल आखिरी गेंद पर लेते तो उनका औसत 50 से नीचे चला जाता और वह फिर कभी ऊपर नहीं जाता, क्योंकि वह उनका आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा था।

    वनडे इंटरनेशनल करियर में 15 हजार से ज्यादा रन बना चुके विराट कोहली का करियर औसत 58.79 है। इतने ज्यादा रन किसी अन्य बल्लेबाज ने इतने अच्छे औसत से नहीं बनाए हैं। यहां तक कि स्ट्राइक रेट भी विराट का बाकी बल्लेबाजों के मुकाबले अच्छा है। 94.37 के स्ट्राइक रेट से वे अपने करियर में खेले हैं। 55 शतक और 79 अर्धशतक उनके नाम दर्ज हैं।

  • 2027 वर्ल्ड कप को लेकर विराट कोहली का लक्ष्य साफ, बोले- फाइनल में टीम को जिताना चाहता हूं

    2027 वर्ल्ड कप को लेकर विराट कोहली का लक्ष्य साफ, बोले- फाइनल में टीम को जिताना चाहता हूं

    नई दिल्ली
    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का सपना वनडे विश्व कप 2027 जीतना है। वह 2027 विश्व कप के फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच विजयी पारी खेलना और भारत को चैंपियन बनाना चाहते हैं। जियोस्टार से बातचीत के दौरान कोहली ने कहा, 'मैं हमेशा से ऐसा व्यक्ति रहा हूं, जो हर गेम में वह खिलाड़ी बनना चाहता है जो गेम जिताए। मैं ऐसा ही बना हूं। यह मुझसे कभी दूर नहीं जाएगा। इसलिए, मेरा लक्ष्य टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा गेम जीतना है। मेरा सपना है कि फाइनल में स्कोर चेज करते हुए मैच जिताने वाली पारी खेलूं। अगर ऐसा होता है, तो बहुत अच्छा होगा। विश्व कप का खिताब जीतना सबसे ज्यादा जरूरी है।'

    कोहली ने जोर देकर कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान में उतरना सबसे संतोषजनक बात होगी, लेकिन बड़ा लक्ष्य हमेशा बड़ा ही रहता है। अगर मुझे ऐसा करने का मौका मिलता है, तो एक व्यक्ति के तौर पर बीच में रहकर, एक बल्लेबाज के तौर पर इससे ज्यादा संतोषजनक कुछ नहीं होता। आप खुद को टीम को मुश्किल से निकालते हुए देखते हैं। यही आपको इस लेवल पर कॉम्पिटिशन करने के लिए प्रेरित करता है। मैं उस प्रतियोगी सोच को जाने नहीं देना चाहता।

    2023 की हार का दुख अभी भी कायम
    वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में मिली हार को याद करते हुए कोहली ने कहा, 'उस हार का दुख है। कई दिनों तक समझना बहुत मुश्किल था। 2025 में आईपीएल जीतने से पहले, मुझे 2016 के फाइनल की यादें आती थीं। वर्ल्ड कप फाइनल के बारे में भी मुझे ऐसा ही लगता है। मैं 54 रन पर खेल रहा था और मैंने खुद को एक बड़ी सेंचुरी के लिए तैयार किया था। अगर मैं 140-150 रन बना लेता, तो हम वह गेम जीतने की स्थिति में होते।'

    2023 में माहौल बढ़िया था
    कोहली ने कहा, 'पूरा वर्ल्ड कप बहुत बढ़िया था। माहौल जबरदस्त था। टीम के अंदर, आप भाईचारा देख सकते थे। हर कोई एक-दूसरे के लिए खेलकर खुश था। हार्दिक जैसे खिलाड़ी को जल्दी खोने के बाद भी, हमने कभी इस बारे में बात नहीं की कि आगे क्या होगा, हालांकि वह जो लाता है, उसके हिसाब से यह एक बड़ा नुकसान था। लेकिन शमी आया, और आप जानते हैं कि वह क्या कर सकता है। इसलिए, सभी को लग रहा था कि यह हमारा वर्ल्ड कप है। पूरी तरह से एक अलग ऊर्जा थी, लेकिन जब खेल इस तरह बदल जाता है, तो इसे समझना बहुत मुश्किल होता है।'

    मैं सबसे बेहतर बल्लेबाज नहीं- कोहली
    क्रिकेट का सबसे बेहतरीन बल्लेबाज माने जाने के सवाल पर कोहली ने कहा, 'मैं खुद को अब तक का सबसे अच्छा बल्लेबाज नहीं मानता। खेल के अलग-अलग समय पर अलग-अलग खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कुछ कमाल की चीजें की हैं, लेकिन हो सकता है कि उन्होंने उस तरह के नंबर जमा न किए हों, और कुछ के नंबर मुझसे कहीं बेहतर हैं। मुझे लगता है कि हर किसी का मुख्य लक्ष्य असर डालना होता है। मैं इतने लंबे समय तक खेलने के लिए खुशकिस्मत रहा हूं। जब आप अच्छा करने के लिए प्रतिबद्ध होते हैं, तो अक्सर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। मैं देश के लिए खेलने के लिए उत्साहित हूं, जो एक बड़ा सम्मान है।'

  • फैंस के लिए बड़ी खबर, विराट कोहली ने बताया कब खेलेंगे अपना आखिरी वनडे वर्ल्ड कप

    फैंस के लिए बड़ी खबर, विराट कोहली ने बताया कब खेलेंगे अपना आखिरी वनडे वर्ल्ड कप

    नई दिल्ली
    भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज विराट कोहली ने फैन्स को एक दिल तोड़ने वाली बात कही है. विराट कोहली अपने भविष्य और 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा खुलासा किया है.

    वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज से ठीक पहले विराट कोहली ने साफ कर दिया है कि साउथ अफ्रीका में होने वाला 2027 का आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी वनडे वर्ल्ड कप होगा.

    जियोस्टार को दिए गए एक इंटरव्यू में कोहली ने 50 ओवर के वर्ल्ड कप की चुनौती के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह भारत की तरफ से खेलने का आखिरी वर्ल्ड कप होने जा रहा है. और यही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है… यानी मैदान पर अपनी तरफ से सबकुछ झोंक देना, अपना शत-प्रतिशत निचोड़ लेना.

    कोहली ने 50-ओवर के फॉर्मेट की इंटेंसिटी पर बात करते हुए समझाया कि एक बड़े टूर्नामेंट में लगातार 10 मैचों तक उस शारीरिक और मानसिक स्तर को बनाए रखना बेहद थका देने वाला होता है, खासकर जब आप विदेशी परिस्थितियों में खेल रहे हों.

    दमदार रहा है कोहली का रिकॉर्ड
    विराट कोहली का वर्ल्ड कप इतिहास शानदार गवाह रहा है. उन्होंने वर्ल्ड कप के 37 मुकाबलों में लगभग 59.83 की शानदार औसत से 1,795 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं, उनके कुल वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने 302 पारियों में 14,941 रन बनाए हैं, जिसमें 54 शतक दर्ज हैं.

    दूसरी ओर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपने भविष्य और वर्ल्ड कप को लेकर बात की. रोहित ने कहा कि उनके दिमाग में कभी यह विचार नहीं आता कि उनका क्रिकेटिंग बिजनेस खत्म हो गया है. जब तक आप खेल रहे हैं, तब तक आपके सामने हमेशा कोई न कोई नई चुनौती होती है.

    भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार से शुरू हो रही तीन मैचों की इस रोमांचक वनडे सीरीज के साथ ही साल 2027 के उस ऐतिहासिक विश्व कप का सफर भी शुरू हो रहा है, जिसके लिए अब इन दोनों दिग्गजों का जोश सातवें आसमान पर है.

  • सचिन के 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं विराट कोहली, WI सीरीज में बनेंगे 10 नए कीर्तिमान

    सचिन के 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं विराट कोहली, WI सीरीज में बनेंगे 10 नए कीर्तिमान

     नई दिल्ली

    विराट कोहली के 100 शतक पूरे होंगे या नहीं यह बात हर कोई जानना चाहता है। किंग कोहली के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 85 शतक दर्ज हैं, वह टी20 और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे में ही एक्टिव हैं। 2027 वर्ल्ड कप तक भारत को कई वनडे मैच खेलने हैं। ऐसे में फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि टूर्नामेंट खत्म होते-होते कोहली शतकों का शतक पूरा करें और फिर ही अपना रिटायरमेंट अनाउंस करें। भारत को अगली वनडे सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से खेलनी है। इस सीरीज में विराट कोहली के निशाने पर सचिन तेंदुलकर के 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड समेत कुल 10 रिकॉर्ड्स होंगे। आइए इन रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं-

        विराट कोहली को वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन का आंकड़ा छूने के लिए 59 रन चाहिए। किंग कोहली इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बन जाएंगे। सचिन तेंदुलकर के नाम यह वर्ल्ड रिकॉर्ड 377 पारियों में दर्ज हैं, जबकि कोहली ने अभी तक 302 पारियां ही खेली है।

        लिस्ट ए में सबसे ज्यादा 60 शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। वहीं विराट कोहली 59 शतकों के साथ दूसरे पायदान पर हैं। 2 सेंचुरी और लगाते ही कोहली सचिन तेंदुलकर का यह रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

        वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 शतक लगाते ही वह इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

        विराट कोहली (41) घर पर सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के रिकॉर्ड से 2 शतक दूर हैं। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड भी 42 शतकों के साथ सचिन तेंदुलकर के नाम है।

        वेस्टइंडीज के खिलाफ जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा सेंचुरी के रिकॉर्ड से भी कोहली एक शतक दूर है।

        सचिन तेंदुलकर के नाम घर पर सबसे ज्यादा 6976 वनडे रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। विराट कोहली (6867) उनके इस रिकॉर्ड से 110 रन ही पीछे हैं।

        इंटरनेशनल क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड से कोहली 271 रन दूर हैं।

        वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत में सबसे ज्यादा रन के रिकॉर्ड से कोहली 142 रन दूर है।

        नंबर-3 पर 13 हजार वनडे रन का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी बनने के लिए कोहली को 180 रनों की दरकार है।

        एशिया में 17000 इंटरनेशनल रन पूरा करने के लिए किंग कोहली को 215 रन चाहिए।

    विराट कोहली के वनडे करियर की बात करें तो, अभी तक खेले 314 मैचों की 302 पारियों में 58.59 की औसत के साथ उन्होंने 14941रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 54 शतक लगाए हैं, जबकि 79 हाफ सेंचुरी ठोकी है।

  • IND vs AFG: हैमस्ट्रिंग इंजरी ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे विराट कोहली

    IND vs AFG: हैमस्ट्रिंग इंजरी ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे विराट कोहली

    मुंबई 

     टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने रिपोर्ट किया है कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण इस तीन मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं. हालांकि BCCI ने अभी तक इस सीरीज के लिए कोहली के रिप्लेसमेंट की पुष्टि नहीं की है। 

    कोहली को कब लगी थी चोट?
    कोहली को यह चोट IPL 2026 के फाइनल के दौरान लगी थी, जब उन्होंने RCB को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 156 रनों का लक्ष्य हासिल करते समय नाबाद 75 रनों की शानदार पारी खेली थी. मैच के दौरान कोहली को रन बनाते समय कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसकी वजह से उन्हें कई बार मेडिकल टीम से भी मदद लेनी पड़ी थी। 

    बता दें कि अफगानिस्तान एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलने के लिए भारत के दौरे पर है. टेस्ट मैच 6-10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. जबकि तीन वनडे मैच 13 जून से 20 जून तक खेले जाएंगे. इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी, जहां उसे 14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच तीन वनडे मैच खेलने हैं। 

    गलत समय पर लगी चोट
    यह चोट इस स्टार बल्लेबाज के लिए बिल्कुल गलत समय पर आई है. विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट से संन्यास लेने के बाद सिर्फ वनडे फॉर्मेट ही खेल रहे हैं, और वो इस समय इस फॉर्मेट में अपने सबसे शानदार फॉर्म से भी गुजर रहे हैं. 2025 में इस फॉर्मेट में कोहली 13 मैचों में 651 रन बनाकर भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल थे. उन्होंने इस फॉर्म को 2026 में भी जारी रखा और न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 240 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। 

    विराट फैंस को बड़ा झटका
    विराट कोहली के करोड़ों फैंस चाह रहे हैं कि ये स्टार बल्लेबाज 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेले और सेंचुरी की सेंचुरी भी पूरी करे, जिससे वो सिर्फ 15 शतक दूर हैं. कोहली के टेस्ट में 30 वनडे में 54 और टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक हैं. अगर कोहली वनडे में अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं तो फिर वो सचिन तेंदुलकर के सेंचुरी की सेंचुरी के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकते हैं। 

    अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का वनडे स्क्वाड
    शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे। 

    इस स्क्वाड में से रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को सब्जेक्टेड टू फिटनेस की कैटेगरी में रखा गया है. जिसका मतलब साफ है कि इन दोनों स्टार खिलाड़ियों को सीरीज शुरू होने अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। 

  • जीत के बाद आध्यात्मिक यात्रा पर विराट-अनुष्का, वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात

    जीत के बाद आध्यात्मिक यात्रा पर विराट-अनुष्का, वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात

     वृंदावन

    आरसीबी बेंगलुरु के IPL 2026 का खिताब जीतने के बाद स्टार क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे. यहां दोनों प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए उनके आश्रम राधा केलि कुंज पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया. दरअसल, आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर मैदान पर अपनी बादशाहत कायम रखने वाले भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली इस सफलता के बाद आध्यात्मिक ऊर्जा की तलाश में वृंदावन पहुंचे. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने के बाद विराट अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्‍का शर्मा (Anushka Sharma) के साथ मंगलवार को वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज (Premanand Maharaj) के आश्रम पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। 

    दोनों ने वृंदावन के राधा केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में विराट और अनुष्का आश्रम से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि दोनों ने कुछ समय आश्रम में बिताया और आध्यात्मिक चर्चा के साथ गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। 

    यह यात्रा ऐसे समय हुई है, जब RCB ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया है. जीत के जश्न के बीच विराट का वृंदावन पहुंचना क्रिकेट और अध्यात्म के अनूठे संगम के रूप में देखा जा रहा है. इससे पहले एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें विराट और अनुष्का आगरा एयरपोर्ट से बाहर निकलते दिखाई दिए. वहां से दोनों सीधे वृंदावन के लिए रवाना हुए। 

    विराट और अनुष्का पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से वृंदावन आते रहे हैं. दोनों कई बार प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद ले चुके हैं और सार्वजनिक मंचों पर आध्यात्मिकता के महत्व का जिक्र भी कर चुके हैं. क्रिकेट की चमक-दमक और फिल्मी दुनिया की व्यस्तताओं के बीच यह जोड़ी आध्यात्मिक साधना और धार्मिक आस्था को अपने जीवन का अहम हिस्सा मानती है। 

  • वन8 कम्यून पर कर्ज का बोझ, विराट कोहली ने किया नाता तोड़, कोर्ट ने लगाया ताला

    वन8 कम्यून पर कर्ज का बोझ, विराट कोहली ने किया नाता तोड़, कोर्ट ने लगाया ताला

     बेंगलुरु
    बेंगलुरु के चर्चित रेस्टोरेंट वन8 कम्यून (One8 Commune) पर आखिरकार ताला लग गया है. शहर के सिविल कोर्ट के आदेश के बाद इस आउटलेट को बंद कर दिया गया, क्योंकि मालिकों पर ₹2 करोड़ से ज्यादा का बकाया किराया और अन्य भुगतान लंबित था। 

    इस पूरे मामले में बड़ा नाम जुड़ा है भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली का, जिन्होंने अब इस रेस्टोरेंट से खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, कोहली ने न सिर्फ अपनी साझेदारी खत्म की, बल्कि अपने ब्रांड 'One8' का नाम भी इस आउटलेट से हटा लिया है। 

    रेस्टोरेंट का संचालन ट्रायो हिल्स हॉस्पिटैलिटी कर रही थी, जिसने करीब 6 महीने से किराया नहीं चुकाया था. इसके अलावा मेंटेनेंस चार्ज और रेवेन्यू शेयर भी बकाया थे. लगातार नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं होने पर बिल्डिंग मालिक को कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा, जिसके बाद कोर्ट ने रेस्टोरेंट को बंद करने का आदेश दिया। 

    यह आउटलेट पहले भी नियमों के उल्लंघन को लेकर विवादों में रहा था. बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) ने फायर सेफ्टी और अन्य नियमों को लेकर कई बार नोटिस जारी किए थे. सूत्रों के अनुसार, इन्हीं मुद्दों और बार-बार की शिकायतों के चलते कोहली ने खुद को इस प्रोजेक्ट से दूर कर लिया। 
     
    बताया जा रहा है कि ब्रांड वैल्यू गिरने और ग्राहकों की संख्या कम होने से बिजनेस पर भी असर पड़ा, जिससे नुकसान लगातार बढ़ता गया. फिलहाल कोर्ट के निर्देश के अनुसार, जब तक सभी बकाया राशि का भुगतान नहीं हो जाता, रेस्टोरेंट बंद ही रहेगा।

    क्या है वन8 कम्यून?
    र‍िपोर्टो के मुताब‍िक- वन8 कम्यून (One8 Commune) विराट कोहली द्वारा स्थापित एक प्रीमियम रेस्टोरेंट और बार सीरीज है. यह ब्रांड दिल्ली (एयरोसिटी), गुरुग्राम, पुणे, कोलकाता, नोएडा, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में स्थित है और वर्ल्ड लेवल के व्यंजनों, शानदार माहौल और जीवंत सामुदायिक भोजन (Dining) के लिए जाना जाता है.  यह विराट कोहली के 'वन8' ब्रांड का हिस्सा है और इसे ट्रू पैलेट हॉस्पिटैलिटी के साथ पार्टनरश‍िप में चलाया जाता है।