Category: मनोरंजन

  • नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट की फटकार, सुकेश चंद्रशेखर केस में पेश न होने पर जताई नाराजगी

    नोरा फतेही को दिल्ली कोर्ट की फटकार, सुकेश चंद्रशेखर केस में पेश न होने पर जताई नाराजगी

    बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही  को सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के सामने पेश होने था. नोरा को मिले समन के बावजूद वह कोर्ट के समक्ष पेश नहीं हुई, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जमकर फटकार लगाई.

    नोरा फतेही के कोर्ट के समक्ष नहीं पहुंचने पर दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि नोरा को समन भेजा गया था लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि वह आज कोर्ट के समक्ष पेश होंगी या नहीं. नोरा के वकील ने पेशी से छूट को लेकर याचिका दायर की है. इस पर अदालत ने कहा कि वह मामले में गवाह हैं और उन्हें इस नाते यहां होना चाहिए था. उनका व्यवहार सही नहीं है और वह अदालत को हल्के में नहीं लें.

    बता दें कि नोरा को मनी लॉन्ड्रिंग केस में बतौर गवाह कोर्ट के सामने पेश होकर बयान दर्ज कराना था. ईडी ने दरअसल नोरा के सुकेश के साथ संपर्क, महंगे गिफ्ट और कथित आर्थिक लेन-देन को लेकर पूछताछ की थी. इससे पहले नोरा ने एक पॉडकास्ट में इस विवाद पर खुलकर बात की थी.

    उन्होंने कहा था कि मैं उस समय को कभी नहीं भूल पाऊंगी. मैं इतनी सदमे में थी. मेरी मां मुझे जानती है और जानती है कि उन्होंने मुझे कैसे पाला है, मेरे दोस्त मुझे जानते हैं, लेकिन जो लोग मुझे इतना अच्छे से नहीं जानते थे, उन्होंने मेरे बारे में कही जा रही बातों पर विश्वास कर लिया होगा. वो बहुत संवेदनशील समय था. मैंने कई ब्रांड्स खो दिए. उस एक बेवकूफी भरी बात की वजह से मैंने बहुत सारा काम खो दिया. आज भी लोग ऐसी बातें कहते हैं जैसे, 'ओह, तुम्हें पता है, वो उस आदमी को जानती है', या 'उसने उसे डेट किया'. जबकि ये सच नहीं है.

    नोरा ने बताया कि विवाद के बाद भी लोग मानते रहे कि उनका सुकेश के साथ रोमांटिक रिश्ता था. उन्होंने उसके परिवार के साथ अपने संपर्क और उन्हें मिले तोहफे के बारे में भी बात की.

  • हॉलीवुड निर्देशक माइकल मैन के साथ हादसा, शूटिंग रेंज में अचानक चली गोली

    हॉलीवुड निर्देशक माइकल मैन के साथ हादसा, शूटिंग रेंज में अचानक चली गोली

    हॉलीवुड के जाने-माने फिल्म निर्देशक माइकल मैन (Michael Mann) एक हादसे का शिकार हो गए हैं. लॉस एंजेलिस के शूटिंग रेंज में उनसे गलती से गोली चल गई, जिसमें वह घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया.

    यह घटना लॉस एंजेलिस की है. लेकिन गनीमत रही कि गोली चलने से उन्हें हल्की चोटें आईं. उन्हें इलाज के बाद रिलीज भी कर दिया गया. माइकल के प्रतिनिधियों के मुताबिक, यह घटना 31 अक्टूबर की है. शूटिंग रेंज में होलस्टर यानी बंदूक रखने वाले कवर में रखी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं. माइकल मैन कई दशकों से शूटिंग करते रहे हैं और उन्हें इसका अच्छा अनुभव है.

    लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग (LAPD) के मुताबिक, शनिवार शाम करीब चार बजे लॉस एंजेलिस रेंज में गोली चलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद इसे दुर्घटनावश हुई फायरिंग बताया.

    'हीट' से 'फेरारी' तक…
    माइकल मैन हॉलीवुड के उन फिल्मकारों में शामिल हैं, जिन्होंने क्राइम ड्रामा और थ्रिलर फिल्मों को अपनी अलग पहचान दी है. उनकी फिल्मों में क्राइम की दुनिया, पुलिस और अपराधियों के बीच का टकराव और जटिल मानवीय रिश्ते अहम जगह रखते हैं. साल 1995 में आई उनकी फिल्म 'हीट' को इस शैली की सबसे चर्चित फिल्मों में गिना जाता. इसमें अल पचीनो और रॉबर्ट डी नीरो पहली बार एक ही फिल्म में आमने-सामने नजर आए थे.

    इसके अलावा उन्होंने 'थीफ' (1981), 'मैनहंटर' (1986), 'द इनसाइडर' (1999), 'कोलेटरल' (2004) और 'मियामी वाइस' (2006) जैसी फिल्में निर्देशित की हैं. उनकी फिल्मोग्राफी में चार ऑस्कर नामांकन और तीन गोल्डन ग्लोब नामांकन शामिल हैं. उनकी पिछली निर्देशित फिल्म 'फेरारी' (2023) थी, जिसमें एडम ड्राइवर और पेनेलोप क्रूज मुख्य भूमिकाओं में थे.

    माइकल मैन इन दिनों अपनी चर्चित फिल्म 'हीट' के सीक्वल 'हीट 2' को लेकर भी सुर्खियों में हैं. 1995 में रिलीज हुई 'हीट' की कहानी को आगे बढ़ाने वाली इस फिल्म की पटकथा उन्होंने मेग गार्डिनर के साथ मिलकर लिखे गए 2022 के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित की है. फिल्म में लियोनार्डो डिकैप्रियो, क्रिश्चियन बेल और एडम ड्राइवर जैसे सितारों के अहम भूमिकाओं में होने की चर्चा है.

  • संजय गुप्ता की बेटी के वायरल वीडियो पर पत्नी का बयान, पैपराजी से की प्राइवेसी की अपील

    संजय गुप्ता की बेटी के वायरल वीडियो पर पत्नी का बयान, पैपराजी से की प्राइवेसी की अपील

    फिल्ममेकर संजय गुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे. 57 साल की उम्र में उनका निधन हुआ. संजय गुप्ता को खोने के बाद परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा है. इसी बीच सोशल मीडिया पर उनकी बेटी का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वो पैपराजी को मिडिल फिंगर दिखाती नजर आई थीं. इस बिहेवियर के लिए इंटरनेट पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है. अब इस पूरे मामले पर संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता का रिएक्शन सामने आया है.

    संजय गुप्ता की पत्नी का रिएक्शन
    अनुराधा ने बताया कि उनके बच्चे लाइमलाइट और पैपराजी कल्चर से दूर पले बढ़े हैं. इसलिए अचानक से जब उनकी प्राइवेसी में हस्तक्षेप हुआ तो बच्चे परेशान हो गए थे. अनुराधा ने परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की. अनुराधा ने फिल्ममेकर मिलाप जावेरी के जरिए एक बयान साझा किया है.

    इसमें वो लिखती हैं- हमारी जिंदगी का एक हिस्सा हमेशा के लिए चला गया है. इस क्षति की भरपाई कभी नहीं हो सकती. अचानक गिरने से संजय गुप्ता के सिर में चोट लगी और वो चल बसे. संजय ने अपने बच्चों और परिवार को बेहद प्यार किया था. अपने पिता को अचानक खोने से बच्चे टूट गए हैं. वो पैपराजी कल्चर से बाहर पले बढ़े हैं. अचानक से दुख के वक्त मीडिया को आसपास देख वो टेंशन में आ गए.

    ''दुख और तकलीफ के समय बच्चों के कुछ रिएक्शन मीडिया से जुड़े लोगों की तरफ हो सकते हैं. अगर इससे किसी को ठेस पहुंची है तो मुझे इसका खेद है. मैं सभी से विनती करती हूं कि वो रिएक्शन से जुड़े नजरिए से समझें. ये उन रोते बिलखते बच्चों की भावनाएं हैं जो अपने पिता को खो चुके हैं. उस गम से उबरने की कोशिश कर रहे हैं. मैं मीडिया से विनती करती हूं कि वो बच्चों को अकेला छोड़ दें. उस कंटेंट को डिलीट कर दें जो बच्चों के इमोशंस को कुरेदने वाला हो. उन्हें प्राइवेसी और स्पेस दें, ताकि वो अपने पिता की मौत के दर्द के उबर सकें.''

    क्या है पूरा मामला?
    संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार के दिन एक वीडियो ने सबका ध्यान खींचा था. कार में बैठी एक लड़की पैपराजी को मिडिल फिंगर दिखाती और अपना चेहरा छिपाती दिखी. बाद में सामने आया कि वो लड़की संजय गुप्ता की बेटी है. इसके बाद यूजर्स ने संजय गुप्ता की बेटी को जमकर ट्रोल किया.

  • बॉलीवुड से आई दुखद खबर, फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने दुनिया को कहा अलविदा

    बॉलीवुड से आई दुखद खबर, फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने दुनिया को कहा अलविदा

    मुंबई 
    बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बहुत ही दर्दनाक और दुखद खबर सामने आ रही है। इंडस्ट्री के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता (57 साल) अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन की खबर से पूरे फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्होंने अपनी फिल्मों के जरिए हिंदी सिनेमा में एक अलग और खास पहचान बनाई थी। 'कांटे' , 'शूटआउट एट वडाला' , 'काबिल' जैसी कई शानदार फिल्मों और खासतौर पर क्राइम, गैंगस्टर और एक्शन फिल्मों को नए अंदाज में बड़े पर्दे पर पेश करने के लिए उन्हें जाना जाता था जो अब हमारे बीच नहीं हैं। अशोक पंडित ने उनके निधन के बाद एक पोस्ट शेयर किया है।

    बताया जा रहा है कि फिल्ममेकर संजय गुप्ता की बीती रात (30 अक्टूबर) को ही मौत हो गई। हालांकि उनके निधन को लेकर अधिक जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। वहीं रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि बीती रात वे अपने बाथरूम में गिर गए थे और आज शनिवार सुबह (31 तारीख) तक किसी को इसका पता नहीं चला। अब माना जा रहा है कि गिरने की वजह से उनकी मौत हो गई।

    घर पर सिर में चोट लगने से संजय गुप्ता का निधन
    फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन पर शोक जताते हुए एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा है, 'यह सच में चौंकाने वाला और दुखद है। अभी खबर मिली कि हमारे प्यारे दोस्त एक जाने-माने डायरेक्टर संजय गुप्ता अब नहीं रहे। घर पर सिर में चोट लगने से उनका निधन हो गया। एक और टैलेंट बहुत जल्दी चला गया। वह एक बेहतरीन नैरेटर, ज़िंदगी से भरपूर पर्सनैलिटी और एक पैशनेट फिल्ममेकर थे। हमारी इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान। तुम्हें याद करूंगा मेरे दोस्त। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना। ओम शांति। उनके अंतिम संस्कार की जानकारी जल्द ही शेयर की जाएगी।'

    यह सच में चौंकाने वाला और दुखद है। अभी खबर मिली कि हमारे प्यारे दोस्त एक जाने-माने डायरेक्टर संजय गुप्ता अब नहीं रहे। घर पर सिर में चोट लगने से उनका निधन हो गया। एक और टैलेंट बहुत जल्दी चला गया। वह एक बेहतरीन नैरेटर, ज़िंदगी से भरपूर पर्सनैलिटी और एक पैशनेट फिल्ममेकर थे। हमारी इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान।

    साल 1994 में फिल्म 'आतिश' से करियर की शुरुआत
    संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म 'आतिश: फील द फायर' से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में संजय दत्त और आदित्य पंचोली नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने कई ऐसी फिल्में बनाईं, जिन्होंने दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई।

    सबसे चर्चित फिल्मों में संजय दत्त, सुनील शेट्टी की 'कांटे'
    उनकी सबसे चर्चित फिल्मों में 'कांटे' का नाम शामिल है। साल 2002 में रिलीज हुई इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, महेश मांजरेकर, लकी अली और कुमार गौरव जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म की कहानी, एक्शन और अलग अंदाज को दर्शकों ने काफी पसंद किया और धीरे-धीरे यह कल्ट फिल्म बन गई।

    'शूटआउट एट वडाला', 'काबिल' और 'मुंबई सागा' जैसी फिल्मों का निर्देशन
    इसके अलावा संजय गुप्ता ने 'मुसाफिर', 'शूटआउट एट वडाला', 'काबिल' और 'मुंबई सागा' जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया। वहीं 'शूटआउट एट लोखंडवाला' से भी बतौर निर्माता जुड़े रहे। उनकी फिल्मों में मुंबई की अंडरवर्ल्ड दुनिया, अपराध और गैंगस्टर की कहानियों को खास अंदाज में दिखाया जाता था।

    स्टाइलिश निर्देशन, दमदार डायलॉग और शानदार एक्शन सीक्वेंस
    संजय गुप्ता की फिल्मों की सबसे बड़ी खासियत उनका स्टाइलिश निर्देशन, दमदार डायलॉग और शानदार एक्शन सीक्वेंस थे। उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस 'व्हाइट फेदर फिल्म्स' के जरिए भी कई प्रोजेक्ट्स में योगदान दिया।

    परिवार की ओर से अभी नहीं दी गई है जानकारी
    फिलहाल उनके निधन की वजह को लेकर परिवार और करीबी लोगों की ओर से भी जानकारी दिए जाने का इंतजार है। उनके जाने से हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया है, जिसकी फिल्मों का अंदाज हमेशा दूसरों से अलग रहा।

  • ‘रामायण’ की रिलीज से पहले बड़ा अपडेट, बिना किसी कट के पास हुई रणबीर-यश की फिल्म

    ‘रामायण’ की रिलीज से पहले बड़ा अपडेट, बिना किसी कट के पास हुई रणबीर-यश की फिल्म

    मुंबई 

    बड़े पर्दे पर भगवान राम की गाथा देखने के लिए दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले लगातार चर्चा में बनी हुई है. फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होने वाली है. लेकिन उससे पहले कभी इसके भव्य सेट और सितारों के लुक सुर्खियां बटोरते हैं, तो कभी फिल्म के बजट को लेकर चर्चाएं तेज हो जाती हैं. अब फिल्म से जुड़ी दो अहम जानकारियां सामने आई हैं. सेंसर बोर्ड ने इसे रिलीज की मंजूरी दे दी है, वहीं इसकी अवधि भी सामने आ गई है. खास बात यह है कि दर्शकों को सिनेमाघरों में तीन घंटे से ज्यादा समय तक इस महागाथा का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। 

    नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने U सर्टिफिकेट दिया है. यानी इस फिल्म को हर उम्र के दर्शक देख सकेंगे. तरण आदर्श के एक पोस्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने शुक्रवार को फिल्म को सर्टिफिकेट जारी किया है. इसके साथ ही फिल्म की थिएटर रिलीज का रास्ता भी साफ हो गया है। 

    195 मिनट की होगी फिल्म
    ‘रामायण’ की अवधि 195 मिनट रखी गई है. यानी फिल्म देखने के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों में करीब 3 घंटे 15 मिनट बिताने होंगे. इतने लंबे रनटाइम के साथ यह एक भव्य सिनेमाई अनुभव होने का दावा करती है. फिल्म दो हिस्सों में बनाई जा रही है और यह उसका पहला पार्ट है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म के रनटाइम और सर्टिफिकेट की जानकारी ऐसे समय में सामने आई है, जब इसकी लॉस एंजिलिस प्रीमियर के बाद शुरुआती प्रतिक्रियाएं भी चर्चा में हैं. अब दर्शकों की नजरें इसकी थिएटर रिलीज और पहले दिन की कमाई पर टिकी हैं। 

    एडवांस बुकिंग में धमाका
    ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी फिल्म को लेकर बढ़ती दिलचस्पी की कहानी बयां कर रहे हैं. सैकनिल्क की 31 अक्टूबर तक के आंकड़ों के मुताबिक,  ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग में अब तक 19.30 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है. ब्लॉक्ड सीटों को हटाने पर यह आंकड़ा 16 करोड़ रुपये है. वहीं, शहरों में NCR सबसे आगे है, जहां से फिल्म ने 3.21 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स की है. फिल्म की रिलीज में अभी समय बाकी है, ऐसे में टिकटों की बिक्री और प्री-सेल्स कलेक्शन में आगे और इजाफा होने की उम्मीद है। 

    भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म
    ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है. फिल्म को दो हिस्सों में तैयार किया गया है और दोनों पार्ट का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. लेकिन क्या दोनों पार्ट को बनाने में बराबर रुपये लगे या नहीं ये साफ नहीं है. दरअसल, फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे यश पहले बता चुके हैं कि इसमें प्रमोशन भी शामिल है. फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. सेंसर बोर्ड की मंजूरी और एडवांस बुकिंग के शानदार आंकड़ों के बाद अब सबकी निगाहें इसके ओपनिंग डे कलेक्शन पर रहेंगी। 

  • प्रियंका चोपड़ा ने बढ़ाया भारतीय फिल्म का हौसला, ‘वी वर हीअर’ को ऑस्कर तक पहुंचाने में करेंगी मदद

    प्रियंका चोपड़ा ने बढ़ाया भारतीय फिल्म का हौसला, ‘वी वर हीअर’ को ऑस्कर तक पहुंचाने में करेंगी मदद

    फिल्ममेकर प्रणव भसीन की फिल्म 'वी वर हीअर' को अब ऑस्कर की दौड़ के लिए तैयार किया जा रहा है। उनकी मदद के लिए अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने हाथ आगे बढ़ाया है। जानिए क्या है पूरा मामला।

    प्रियंका चोपड़ा का फिल्म से क्या है कनेक्शन?
    प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर भारतीय सिनेमा को इंटरनेशनल लेवल पर पहचान दिलाने की दिशा में कदम बढ़ाती नजर आ रही हैं। प्रणव भसीन के निर्देशन और लेखन में बनी शॉर्ट फिल्म 'वी वर हीअर' को अब तक 80 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जा चुका है।

    फिल्म से जुड़ने को लेकर प्रियंका चोपड़ा ने अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने एक प्रेस नोट में कहा, 'यह फिल्म एक ऐसे विषय को नए और मजेदार अंदाज में पेश करती है, जो आज के समय में काफी प्रसांगिक है। एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर इससे जुड़ने का मौका मिलते ही मैंने हां कर दी। मैं इस क्रिएटिव टीम का साथ देना चाहती हूं, ताकि उनकी शानदार और अनोखी सोच को वह पहचान मिल सके जिसकी वह हकदार है।'

     20 से ज्यादा अवॉर्ड जीत चुकी है फिल्म
    'वी वर हीअर' ने अपने फेस्टिवल सफर में कई बड़े अवॉर्ड जीते हैं। क्या है फिल्म की कहानी?
    'वी वर हीअर' की कहानी भारत के एक छोटे से शहर में रहने वाले तीन रिटायर्ड पुरुषों की है। उन्हें लगता है कि मशीनें धीरे-धीरे इंसानों की नौकरियां छीन रही हैं। इसके विरोध में वे तीनों एक अनोखा तरीका अपनाते हैं। वे घर में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का रूप धारण करके अपना विरोध जताने लगते हैं।

    हालांकि, उनकी इस कोशिश में तब नया मोड़ आता है, जब उनमें से एक के बच्चे की नौकरी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी में लग जाती है। फिल्म में कॉमेडी के जरिए तकनीक, रोजगार और बदलती दुनिया में इंसानों की जगह जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है।

        फिल्म को साउथ बाय साउथवेस्ट (SXSW) फिल्म फेस्टिवल में ऑडियंस अवॉर्ड फॉर बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट और रेडब्रेस्ट अनहिडन अवॉर्ड मिला।
        इसके अलावा पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट में फिल्म ने 15 मिनट से कम की बेस्ट लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म और बेस्ट कॉमेडी शॉर्ट का अवॉर्ड जीता।
        वहीं, क्लेरमॉन्ट-फेरांड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में इसे कैनाल प्लस प्राइज मिला था।
        इसी फिल्म फेस्टिवल में इसका वर्ल्ड प्रीमियर भी हुआ था।
        पाम स्प्रिंग्स में मिले अवॉर्ड की वजह से ही फिल्म ऑस्कर के लिए क्वालिफाई कर पाई।

  • 32 साल बाद फिर सिनेमाघरों में लौटेगी ‘मोहरा’, नसीरुद्दीन शाह के खतरनाक किरदार ने बनाया था यादगार

    32 साल बाद फिर सिनेमाघरों में लौटेगी ‘मोहरा’, नसीरुद्दीन शाह के खतरनाक किरदार ने बनाया था यादगार

    90 के दशक की बात ही कुछ और थी, जब फिल्में सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि सिनेमाघरों में त्योहार की तरह होती थीं. राजीव राय के निर्देशन में बनी साल 1994 की ब्लॉकबस्टर एक्शन थ्रिलर 'मोहरा' आज भी लोगों के जेहन में ताजा है. अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और रवीना टंडन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था.

    लेकिन क्या आप जानते हैं कि महज चार करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म के करोड़ों कमाने के पीछे असली वजह कोई एक्शन हीरो नहीं, बल्कि एक ऐसा शातिर विलेन था जो पर्दे पर खुद को गरीब और लाचार अंधा समाजसेवक दिखाता था? जी हां, हम बात कर रहे हैं दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह की, जिनके निभाए गए 'मिस्टर जिंदल' के किरदार ने इस फिल्म को इतिहास के पन्नों में अमर कर दिया.

    सबसे हटकर और खौफनाक विलेन
    उस दौर की फिल्मों के विलेन आमतौर पर काफी आक्रामक होते थे, जिनका लुक देखते ही डर पैदा कर देता था, जैसे गब्बर सिंह या मोगैम्बो को ही ले लीजिए. लेकिन 'मोहरा' में मेकर्स ने एक ऐसा दांव खेला जो किसी ने नहीं सोचा था. नसीरुद्दीन शाह ने फिल्म में मिस्टर जिंदल नाम के एक ऐसे मीडिया टाइकून का रोल निभाया, जो पर्दे पर बिल्कुल सीधा, शांत नजर आता था और जो दृष्टिहीन था. कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि एक ऐसा इंसान जो अपनी आंखों से देख नहीं सकता, वो शहर का सबसे खतरनाक क्रिमिनल मास्टरमाइंड हो सकता है. उनकी इसी खौफनाक एक्टिंग ने दर्शकों को सिनेमाघरों में हैरान कर दिया था.

    कैसे बुना गया था धोखाधड़ी का पूरा जाल?
    फिल्म में जिंदल अपनी इसी लाचारी और अंधेपन का ऐसा शानदार ढोंग रचता है कि जेल में बंद विशाल अग्निहोत्री (सुनील शेट्टी) पूरी तरह उसके झांसे में आ जाता है. विशाल अपनी पत्नी और बहन की मौत का बदला लेना चाहता था और जिंदल उसे समाज की गंदगी साफ करने के नाम पर अपने ही दुश्मनों को रास्ते से हटाने के लिए इस्तेमाल करने लगता है. जिंदल उसे अपने एक 'मोहरे' की तरह चलाता है. इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर अमर सक्सेना (अक्षय कुमार) जब मामलों की तह तक पहुंचते हैं, तब जाकर उस भयानक साजिश का पर्दाफाश होता है. फिल्म के क्लाइमैक्स से पहले जब यह सच सामने आता है कि असली खूनी और विलेन कोई और नहीं बल्कि वही अंधा नसीरुद्दीन है, तो देखने वालों के होश उड़ जाते हैं.

    बॉक्स ऑफिस पर 'मोहरा' का धमाका
    एक जुलाई 1994 को रिलीज हुई इस फिल्म का जादू जनता के सिर चढ़कर बोला था. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह का वह आइकॉनिक डायलॉग- 'एक चीज मांगो, तो सौ चीज देता हूं मैं' आज भी लोगों की जुबान पर है. गुलशन राय द्वारा निर्मित इस फिल्म ने अपने महज चार करोड़ के छोटे से बजट के मुकाबले दुनियाभर में करीब 23 करोड़ रुपये की धमाकेदार कमाई की थी. यह साल 1994 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली और सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिनी गई. हालांकि फिल्म की इस अपार सफलता में इसके गानों (जैसे 'तू चीज बड़ी है मस्त मस्त') के साथ-साथ बेहतरीन सस्पेंस और विलेन के दमदार किरदार का बहुत बड़ा हाथ था.

    अब 32 साल बाद सिनेमाघरों में होगी वापसी
    दशकों पुराना यह कल्ट क्लासिक अब एक बार फिर से बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है. 'मोहरा' अपनी रिलीज के 32 साल बाद यानी 6 नवंबर 2026 को नए और बेहतर (रीमास्टर्ड) रूप में सिनेमाघरों में लौट रही है. हालांकि, इस बार बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला एक बहुत बड़े प्रोजेक्ट से होने वाला है. ठीक इसी समय, यानी 5 नवंबर 2026 को नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' भी रिलीज हो रही है, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे दिग्गज कलाकार नजर आने वाले हैं.

  • ‘हैरी पॉटर’ के फैंस के लिए खुशखबरी, क्रिसमस पर रिलीज होगी HBO की नई सीरीज

    ‘हैरी पॉटर’ के फैंस के लिए खुशखबरी, क्रिसमस पर रिलीज होगी HBO की नई सीरीज

    फिल्म 'हैरी पॉटर' को लेकर दर्शकों में अलग ही दीवानगी है। दुनियाभर में जबरदस्त कामयाबी के बाद अब मेकर्स इस पर सीरीज ला रहे हैं। मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट का एलान किया है। यह सीरीज इस साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी।    

    कब रिलीज होगी 'हैरी पॉटर' सीरीज?
    मेकर्स ने सोशल मीडिया पर सीरीज का पोस्टर शेयर किया है। इसमें हॉगवर्ट्स का पहला लुक दिखाया गया है। पोस्टर के साथ मेकर्स ने फिल्म की रिलीज की तारीख का एलान किया है। इसके कैप्शन में लिखा है 'हमारी दुनिया में हर कोई उसका नाम जान जाएगा। HBO ओरिजिनल सीरीज 'हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन' का प्रीमियर 25 दिसंबर को HBO मैक्स पर होगा।'

     फैंस हुए उत्साहित
    इंस्टाग्राम पर इस पोस्ट के आने के बाद कई यूजर्स सीरीज की रिलीज डेट को लेकर उत्साहित हैं। कई यूजर्स ने कहा है कि वह क्रिसमस का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि सीरीज को देख सकें। वहीं कई यूजर्स सीरीज के पोस्टर को लेकर उत्साहित हैं। वह हॉगवर्ट्स के लुक को शानदार बता रहे हैं।

    मेकर्स ने दी सीरीज पर अपडेट
    इससे पहले मेकर्स ने सीरीज की रिलीज डेट का एलान करते हुए बताया था कि 'हैरी पॉटर' सीरीज के पहले सीजन का प्रीमियर होने में अभी वक्त है। एचबीओ के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर फ्रांसेस्का ने कहा था, 'हमने अपने ओवरलैपिंग प्रोडक्शन शेड्यूल के लिए प्लानिंग बनाई है, क्रिसमस तक हम पहले सीजन को पूरा कर लेंगे। जिसके बाद सर्दियों में दूसरे सीजन का प्रोडक्शन शुरू करेंगे।'

    सीरीज के बारे में जानकारी देते हुए एचबीओ की क्रिएटिव टीम ने जानकारी साझा करते हुए बताया था कि राइटर जे.के. रोलिंग की सात किताबों को 'हैरी पॉटर' के अलग-अलग सीजन के तौर पर बनाया जाएगा।

    कब रिलीज हुआ ट्रेलर?

    •     बता दें कि जहां 'हैरी पॉटर' सीरीज का पहला सीजन इस साल क्रिसमस पर रिलीज होगा।
    •     वहीं सीरीज के दूसरे सीजन के प्रोडक्शन का काम दिसंबर में ही शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
    •     दूसरे सीजन की रिलीज की तारीख अभी सामने नहीं आई है। सिर्फ शूटिंग से जुड़ी जानकारी ही बताई गई है।
    •     'हैरी पॉटर' सीरीज के पहले सीजन का ट्रेलर बीते मार्च को रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।
  • श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज, लावणी कलाकार के दमदार अवतार में आईं नजर

    श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज, लावणी कलाकार के दमदार अवतार में आईं नजर

    'स्त्री 2' की जबर्दस्त सफलता के बाद अब बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक बेहद अलग और पावरफुल अवतार में लौटने के लिए तैयार हैं. उनकी आने वाली मच-अवेटेड फिल्म 'ईठा' (Eetha) का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने आते ही इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है.

    मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की लोक कला 'लावणी' और 'तमाशा' की दुनिया में अपने हुनर का जलवा बिखेरती नजर आ रही हैं. ट्रेलर में मंच पर थिरकते कदम, चेहरे पर अटूट आत्मविश्वास और समाज की रूढ़ियों को तोड़कर अपनी अलग पहचान बनाने का जुनून साफ दिखाई दे रहा है.

    ट्रेलर को देखकर एक बात तो समझ आ गई है कि  यह महज एक एंटरटेनर फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसी कलाकार की कहानी है, जिसके लिए उसकी कला सिर्फ एक जरिया नहीं बल्कि उसके अस्तित्व और स्वाभिमान की लड़ाई है.

    विथाबाई नारायणगांवकर से प्रेरित किरदार
    फिल्म में श्रद्धा कपूर का किरदार महाराष्ट्र की मशहूर लावणी सम्राज्ञी विथाबाई नारायणगांवकर के जीवन और संघर्षों से प्रेरित है. 'स्त्री 2' के बाद एक पीरियड ड्रामा पर आधारित फिल्म में श्रद्धा को देखना उनके फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है. नौवारी साड़ी, हाथ में हरी चूड़ियां, गले में पारंपरिक गहने और लावणी का वो नटखट अंदाज श्रद्धा का यह लुक दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है.

    'ईथा' की सबसे खास बात यह है कि यह लावणी और तमाशा को सिर्फ नाच-गाने या मनोरंजन के तौर पर पेश नहीं करती. यह फिल्म लावणी कलाकारों के कड़े परिश्रम, उनके संघर्षों और समाज में मिलने वाले मान-सम्मान (या उसकी कमी) के कड़वे सच को उजागर करती है. ट्रेलर में उस दौर के बड़े-बड़े मंडपों, खचाखच भरी भीड़ और रंग-बिरंगे स्टेज शो को बहुत ही खूबसूरत ढंग से दिखाया गया है. लेकिन इस रंगीन दुनिया के पीछे जो चुनौतियां और सामाजिक दबाव छिपे होते हैं, वही इस कहानी की गहराई है.

    डायलॉग ने जीता दिल
    ट्रेलर का एक डायलॉग काफी दमदार है.जिसमें श्रद्धा कहती हैं,  'यह सिर्फ कपड़े का एक टुकड़ा नहीं है, यह हमारी अस्मिता और मान-सम्मान का प्रतीक है.' यह डायलॉग फिल्म की पूरी कहानी को बयां कर देता है. यहां 'नौवारी' साड़ी महज एक पारंपरिक पहनावा नहीं, बल्कि संस्कृति, आत्मसम्मान और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का एक मजबूत जरिया बनकर उभरती है.

    अजय-अतुल का दमदार म्यूजिक
    फिल्म के संगीत की कमान इंडस्ट्री की मशहूर जोड़ी अजय-अतुल ने संभाली है, जबकि गानों की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है. ऐसे में दर्शकों को पारंपरिक लावणी संगीत और जबर्दस्त डांस परफॉर्मेंस का बेहतरीन मेल देखने को मिलने वाला है. ट्रेलर में रणदीप हुड्डा का भी एक अलग और धाकड़ अवतार देखने को मिलता है. उनके अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव जैसे दमदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.

  • दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से 11 से ज्यादा सड़कें प्रभावित, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

    दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से 11 से ज्यादा सड़कें प्रभावित, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

    पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मचअवेटेड म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और आवाजाही को दुरुस्त रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं. आज यानी 30 अक्टूबर को लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस बड़े आयोजन के चलते आसपास की लगभग 11 से अधिक प्रमुख सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित रहेगी.

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के मुताबिक, दोपहर 1 बजे से लेकर देर रात 12 बजे तक कई रूटों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. ऐसे में अगर आप भी आज इस रूट से गुजरने की योजना बना रहे हैं, तो जाम से बचने के लिए पहले से ट्रैफिक एडवाइजरी को अच्छे से समझ लें और वैकल्पिक रास्तों का ही चुनाव करें.

    किन-किन रास्तों पर देखने को मिलेगा असर
    कॉन्सर्ट के चलते जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और उसके आसपास के बड़े इलाकों में ट्रैफिक काफी धीमा रहेगा. पुलिस के अनुसार भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी एवेन्यू रोड, पांचवीं एवेन्यू रोड, CGO कॉम्प्लेक्स और JLN स्टेडियम के अंदरूनी रास्तों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग सकती हैं. इसके अलावा बारापुला फ्लाईओवर, INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन तक का हिस्सा, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों पर भी गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है.

    भीड़ को संभालने और सड़कों को जाम से बचाने के लिए 8 प्रमुख जगहों पर डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं. लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज की तरफ जाने वाले वाहनों को अब सीधे जाने के बजाय लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा, हालांकि लोधी फ्लाईओवर रेड लाइट और ऑरोबिंदो मार्ग का सीधा रास्ता खुला रहेगा. लाला लाजपत राय मार्ग से स्टेडियम की तरफ जाने वाली गाड़ियों को भी लोधी फ्लाईओवर की तरफ मोड़ा जाएगा. यही नियम सिप रोड से सोचना भवन जाने वाली गाड़ियों पर भी लागू होगा.

    दूसरी तरफ, भीष्म पितामह मार्ग से JLN स्टेडियम रेड लाइट की ओर आने वाले वाहनों को गेट नंबर 1 और कोटला मुबारकपुर जाने से रोककर मेहरचंद मार्केट और लोधी कॉलोनी की तरफ भेजा जाएगा. कुशक नाला बस डिपो से आने वाले वाहन स्टेडियम के गेट नंबर 3 से 7 की तरफ नहीं जा सकेंगे, इन्हें चौथी एवेन्यू रोड से लोधी रोड और INA से अरबिंदो मार्ग की तरफ डायवर्ट किया गया है. साथ ही, लोधी कॉलोनी से पांचवीं एवेन्यू रोड आने वाले वाहनों को जोहर बाग रोड की तरफ मोड़ा जाएगा.

    स्थिति बिगड़ने पर दो अतिरिक्त डायवर्जन भी तैयार
    ट्रैफिक पुलिस ने आपात स्थिति या ज्यादा भीड़ बढ़ने की सूरत में दो बैकअप डायवर्जन पॉइंट भी तय किए हैं. अगर कोटला मुबारकपुर के भीष्म पितामह मार्ग रेड लाइट पर दबाव बढ़ता है, तो स्टेडियम की तरफ जाने वाली गाड़ियों को वर्मा मार्ग से लाला लाजपत राय मार्ग और फिर यू-टर्न दिलाकर सीधे रिंग रोड की ओर भेज दिया जाएगा. इसके अलावा, भीष्म पितामह मार्ग और लोधी रोड टी-पॉइंट से स्टेडियम जाने वाले वाहनों को आर्च बिशप मार्ग, लोधी फ्लाईओवर और मदरसा अरबिंदो मार्ग की तरफ मोड़ा जा सकता है.

    मेट्रो से ही सफर करने की सलाह
    कॉन्सर्ट में शामिल होने आ रहे लोगों को ट्रैफिक पुलिस ने साफ तौर पर अपनी निजी गाड़ियों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने को कहा है, क्योंकि स्टेडियम के आसपास पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. वायलेट और येलो लाइन पर मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से सामान्य रहेंगी.

    वायलेट लाइन का इस्तेमाल करने वाले दर्शक JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतरकर गेट नंबर 13, 14 और 17 तक आसानी से पैदल जा सकते हैं. वहीं, येलो लाइन से आने वाले लोग INA मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं और वहां से कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट तक कैब या ऑटो लेकर गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंच सकते हैं.

    कैब और ऑटो वालों के लिए प्लान
    अगर आप कैब, ऑटो या किसी अन्य वाहन से स्टेडियम पहुंच रहे हैं, तो पुलिस ने सिर्फ तीन पिकअप और ड्रॉप पॉइंट तय किए हैं. पहला आर्च बिशप मार्ग, दूसरा लाल मस्जिद-प्रगति विहार और तीसरा कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट है.

    आर्च बिशप मार्ग और लाल मस्जिद-प्रगति विहार के ड्रॉप पॉइंट से दर्शक सीधे स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक आसानी से पहुंच सकेंगे. जबकि कुशक नाला बस डिपो वाले पॉइंट से गेट नंबर 3, 6 और 8 की तरफ जाना आसान रहेगा.

    दिल्ली के अलग-अलग जगहों से आने वालों के लिए
    ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों के लिए सबसे सुगम रास्ते बताए हैं. उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण दिल्ली से आ रहे लोग अरबिंदो मार्ग से होकर लोधी रोड पहुंचें और आर्च बिशप मार्ग पर ही ड्रॉप लें. दक्षिण, पूर्व और दक्षिण-पूर्व दिल्ली की तरफ से आने वाले लोग लाला लाजपत राय मार्ग से होकर लाल मस्जिद-प्रगति विहार वाले पॉइंट का इस्तेमाल करें. इसके अलावा नई दिल्ली, सेंट्रल, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली से आने वालों को सलाह दी गई है कि वे आर्च बिशप मार्ग से लोधी रोड से ठीक पहले ही गाड़ी छोड़ दें.

    एम्बुलेंस को मिलेगी प्राथमिकता
    ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और अन्य मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके लिए रास्ते हमेशा खुले रखे जाएंगे. आम जनता से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें, सड़क किनारे अपनी गाड़ियां खड़ी न करें और मौके पर तैनात जवानों के निर्देशों का पालन करें. इसके अलावा किसी भी संदिग्ध वस्तु या हरकत को देखते ही तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें या फिर ट्रैफिक से जुड़ी पल-पल की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क करें.