Category: मनोरंजन

  • ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद अदा शर्मा का छलका दर्द: ‘केरल स्टोरी’ से पहले कोई नहीं लेता था सीरियसली

    ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद अदा शर्मा का छलका दर्द: ‘केरल स्टोरी’ से पहले कोई नहीं लेता था सीरियसली

    मुंबई 
     अभिनेत्री अदा शर्मा की फिल्म 'द केरल स्टोरी' ने रिलीज के बाद दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ने के साथ-साथ अभिनेत्री के नए रास्ते खोल दिए। अदा शर्मा का मानना है कि इस फिल्म से मिली सफलता ने उन्हें इंडस्ट्री में खुद को बेहतरीन कलाकार के रूप स्थापित करने का अवसर दिया है, जिससे उनके लिए अब नए रास्ते खुल गए हैं। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ हुई खास बातचीत के दौरान बताया कि इस फिल्म के बाद उन्हें कई अलग-अलग और कठिन भूमिकाएं निभाने के मौके मिले। अदा ने कहा, "मेरे साथ ऐसा हुआ कि जब आपकी फिल्म हिट होती है, तो ज्यादा लोग आप पर भरोसा करने लगते हैं और आपको बड़े काम देने के लिए तैयार होते हैं। अब मुझे ऐसे किरदार निभाने को मिल रहे हैं, जिसका सपना हर अभिनेता देखता है।"

    बता दें कि अभिनेत्री अदा शर्मा ने सुपरहिट फिल्म 'द केरल स्टोरी' में शालिनी नाम की एक पूर्व नर्सिंग छात्रा की भूमिका अदा करके दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। इसे सुदीप्तो सेन ने निर्देशित और विपुल अमृतलाल शाह ने निर्मित किया था। यह फिल्म जबरन धर्मांतरण और महिलाओं के आईएसआईएस में शामिल होने के दावों पर आधारित थी।
    अभिनेत्री अदा शर्मा को बड़ी पहचान उनकी सुपरहिट फिल्म "द केरला स्टोरी" से मिली। फिल्म में उसके जीवन के सफर को दिखाया गया है कि कैसे एक मासूम लड़की आतंकवाद की शिकार बन जाती है।

    फिल्म की शुरुआत शालिनी उन्नीकृष्णन (अदा शर्मा) नाम की एक लड़की से होती है, जो अफगानिस्तान-ईरान सीमा पर पकड़ी जाती है। पूछताछ के दौरान वह बताती है कि कैसे केरल में नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान उसका ब्रेनवॉश किया गया। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी कमर्शियल सक्सेस रही थी।

    हालांकि, फिल्म को रिलीज से पहले काफी विवादों का सामना करना पड़ा था। कई लोगों ने इसे प्रोपेगेंडा बताया, जबकि समर्थकों ने इसे एक कड़वा सच करार दिया। तीखे विवाद और विरोध के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल रही थी, जिसके बाद साल 2026 में केरल स्टोरी 2 भी रिलीज की गई थी।

  • द इंडिया स्टोरी रिव्यू: गंभीर मुद्दा, कमजोर कोर्टरूम ड्रामा और फीकी कहानी

    द इंडिया स्टोरी रिव्यू: गंभीर मुद्दा, कमजोर कोर्टरूम ड्रामा और फीकी कहानी

    अगर आपकी थाली में परोसा गया खाना ही धीरे-धीरे जहर बन जाए तो? यही सवाल लेकर आई है 'द इंडिया स्टोरी', जो सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि हमारे खाने, खेती और सिस्टम पर बड़ा सवाल उठाने की कोशिश करती है. श्रेयस तलपड़े और काजल अग्रवाल स्टारर ये कोर्टरूम ड्रामा एक ऐसे पिता की लड़ाई दिखाता है, जो अपनी मासूम बेटी की मौत के लिए सरकार, किसानों और बड़ी कीटनाशक कंपनियों को जिम्मेदार ठहराता है. विषय बेहद गंभीर और सोचने पर मजबूर करने वाला है, लेकिन क्या फिल्म इस मुद्दे को उतनी ही मजबूती से पर्दे पर उतार पाती है? आइए जानते हैं.

    क्या है कहानी?
    फिल्म की कहानी मेजर योगेश पाटिल (श्रेयस तलपड़े) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी छोटी बेटी परी (तृषा सरदा) कैंसर से दम तोड़ देती है. योगेश का दावा है कि उसकी बेटी की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि जहरीले कीटनाशकों और मिलावटी खाने की वजह से हुई है. जब पुलिस और वकील उसका साथ छोड़ देते हैं, तब पहली बार केस लड़ रही एडवोकेट अर्चना (काजल अग्रवाल) उसका हाथ थामती हैं.

    इसके बाद कोर्ट में सरकार, मल्टीनेशनल कंपनियों और किसानों के खिलाफ शुरू होती है एक ऐसी कानूनी जंग, जो पूरे देश में बहस का मुद्दा बन जाती है.

    कैसी है फिल्म?
    'द इंडिया स्टोरी' का सबसे बड़ा प्लस पॉइंट इसका टॉपिक है. फिल्म खाने में मिलावट, फसलों में जहरीले केमिकल, दूध में मिलावट और बढ़ते कैंसर जैसे मुद्दों पर बात करती है. पंजाब की 'कैंसर ट्रेन' से लेकर केरल के कीटनाशक विवाद तक कई वास्तविक घटनाओं का जिक्र कहानी को गंभीर बनाता है.

    लेकिन अफसोस, इतना दमदार मुद्दा कमजोर स्क्रीनप्ले का शिकार हो जाता है. कोर्टरूम ड्रामा में जिस तरह के तगड़े सवाल-जवाब, जोरदार बहस और सीटियां बजवा देने वाले डायलॉग्स की उम्मीद होती है, वह यहां नदारद हैं. विरोधी पक्ष के वकील सिर्फ जवाब देते नजर आते हैं, जबकि बड़ी कंपनियों की तरफ से कोई मजबूत रणनीति या गवाह तक नहीं दिखाया गया. इससे पूरी कानूनी लड़ाई काफी सपाट महसूस होती है.

    फिल्म का पहला हिस्सा ठीक-ठाक रफ्तार से आगे बढ़ता है, लेकिन दूसरे हाफ में अस्पताल और इलाज वाले दृश्य जरूरत से ज्यादा लंबे और भावुक हो जाते हैं. कई जगह कहानी मेलोड्रामा में बदल जाती है और क्लाइमैक्स भी वैसा असर नहीं छोड़ पाता, जैसा इतना बड़ा मुद्दा डिजर्व करता था.

    एक्टिंग कैसी है?
    श्रेयस तलपड़े ने एक बेबस और टूटे हुए पिता के दर्द को पूरी ईमानदारी से निभाया है. खासकर दूसरे हाफ में उनकी परफॉर्मेंस दिल छू लेती है. काजल अग्रवाल एक जुझारू वकील के रोल में अच्छी लगती हैं और फिल्म को मजबूती देने की कोशिश करती हैं, हालांकि कुछ सीन में उनकी एक्टिंग थोड़ी ओवर-ड्रामाटिक लगती है.

    छोटी परी बनी तृषा सरदा ने अपनी मासूमियत और बीमारी वाले दृश्यों में प्रभाव छोड़ा है. मुरली शर्मा हमेशा की तरह भरोसेमंद हैं, जबकि मनीष वाधवा सीमित मौके में भी असर छोड़ते हैं.

    फिल्म का संगीत याद नहीं रहता और कोई भी गाना थिएटर से निकलने के बाद साथ नहीं आता. बैकग्राउंड स्कोर ठीक-ठाक है. सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन कहानी के मुताबिक हैं, लेकिन कुछ जगह AI का इस्तेमाल अटपटा लगता है. एडिटिंग भी और बेहतर हो सकती थी.

    देखें या नहीं?
    'द इंडिया स्टोरी' एक ऐसे मुद्दे पर बनी फिल्म है जिस पर चर्चा होना बेहद जरूरी है. ये आपको सोचने पर मजबूर जरूर करती है कि आखिर हमारी थाली कितनी सुरक्षित है. लेकिन कमजोर लेखन, फीकी कोर्टरूम बहस, जरूरत से ज्यादा मेलोड्रामा और बेअसर क्लाइमैक्स इसकी ताकत कम कर देते हैं.

    अगर आप सामाजिक मुद्दों पर बनी गंभीर फिल्में देखना पसंद करते हैं, काजल अग्रवाल के फैन हैं और श्रेयस तलपड़े की दमदार एक्टिंग के लिए थिएटर जाना चाहते हैं, तो इसे एक मौका दिया जा सकता है. लेकिन अगर आप एक दमदार, रोमांचक और सीटियां बजवा देने वाला कोर्टरूम ड्रामा देखने की उम्मीद लेकर जा रहे हैं, तो ये फिल्म शायद आपकी उम्मीदों पर पूरी तरह खरी न उतरे.
     

  • विजय की आखिरी फिल्म जन नायगन देखकर भावुक हुईं तृषा, शेयर किया रिएक्शन

    विजय की आखिरी फिल्म जन नायगन देखकर भावुक हुईं तृषा, शेयर किया रिएक्शन

    अभिनेता से नेता बने सीएम विजय की आखिरी फिल्म " जन नायगन" सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म देखकर फैन्स की एक्साइटमेंट थमने का नाम नहीं ले रही है. तृषा कृष्णन ने भी विजय की आखिरी फिल्म "जना नायगन" देखकर अपनी पहली प्रतिक्रिया शेयर की है.

    क्या बोलीं तृषा
    तृषा अपने दोस्तों के साथ विजय की फिल्म "जन नायगन" का फर्स्ट डे फर्स्ट डे शो देखने पहुंचीं. दोस्तों ने कार में तृषा के साथ एक सेल्फी शेयर कर फिल्म की तारीफ की. तृषा की दोस्त ने लिखा- एक आखिरी बार. एक आखिरी नृत्य, जो पागलपन था वो " जना नायगन" था. तृषा ने सिंपल जींस और सफेद टी-शर्ट का कॉम्बिनेशन पहना था और राउंड-फ्रेम वाले सनग्लासेस और मिनिमल ज्वैलरी से अपना लुक कंप्लीट किया.

    तृषा के अलावा उनकी मां उमा कृष्णन ने भी विजय की फिल्म देखी और इसका रिव्यू किया. ANI से बात करते हुए उमा ने कहा,  हमने अच्छा समय बिताया. हमें फिल्म बहुत पसंद आई. मुझे दुख है कि ये उनकी आखिरी फिल्म है. हमें उनकी बहुत याद आएगी. उमा और तृषा की प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

    कैसा रहा फिल्म का कलेक्शन
    "जन नायगन" सर्टिफिकेट विवाद के बाद 6 महीने की देरी से दर्शकों के सामने आई. विजय के फैंस ने रिलीज को त्योहार जैसा सेलिब्रेट किया. Sacnilk के अनुसार, फिल्म की वर्ल्डवाइड ओपनिंग कमाई 78.27 करोड़ रुपये रही. वहीं घरेलू मार्केट में जन नायगन की नेट कमाई 41 करोड़ रही.

    सीएम बनने से पहले थलपति विजय बेहतरीन कलाकार रहे हैं. तमिल सिनेमा में उनकी फिल्में करोड़ों की कमाई करती थीं. उनकी फिल्म का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोलता रहा है. अब सीएम बनने के बाद विजय सिनेमा से दूरी बना चुके हैं. पर्दे पर उनकी कमी खलने वाली है.
     

  • जन नायगन रिलीज होते ही छाई, विजय के फैंस ने मनाया जश्न

    जन नायगन रिलीज होते ही छाई, विजय के फैंस ने मनाया जश्न

    करीबन 6 महीने के लंबे स्ट्रगल के बाद थलपति विजय की आखिरी फिल्म जन नायगन सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. सेंसर सर्टिफिकेट में फंसी ये फिल्म विवादों से गुजरने के बाद फैंस के बीच पहुंची है. इसलिए लोगों में इस मूवी को लेकर क्रेज है. तमिलनाडु में 23 जुलाई का दिन जश्न के तौर पर देखा जा रहा है. फैंस का कहना है ये फिल्म सुपर डुपर हिट होगी.

    फैंस के निकले आंसू
    जन नायगन थलपति विजय की आखिरी फिल्म है. वो अब पूरी तरह से राजनीति पर फोकस करेंगे. विजय को आखिरी बार स्क्रीन पर देखकर फैंस इमोशनल हुए हैं. इंटरनेट पर कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें फैंस थियेटर्स के अंदर रोते हुए दिखे.

    जन नायगन देखने पहुंचीं तृषा
    जन नायगन का जितना क्रेज पब्लिक में है. उतना ही फिल्मी सितारों के बीच दिखा. सीएम विजय की करीबी दोस्त तृषा कृष्णन को रोहिणी थियेटर जाते हुए पैप्स ने कैप्चर किया. उनके चेहरे पर स्माइल दिखी. हमेशा की तरह इस बार भी एक्ट्रेस ने विजय को अपना सपोर्ट दिया है. दोनों की नजदीकियों की अक्सर चर्चा होती है.

    फैंस को पसंद आई जन नायगन
    जन नायगन को पब्लिक का धमाकेदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. फैंस ने ब्लॉकबस्टर लोडिंग, हिट, एंटरटेनिंग जैसे कमेंट्स किए हैं. थियेटर्स के अंदर जश्न का माहौल दिखा है. फैंस सीटियां बजा रहे हैं, नोट उड़ा रहे हैं. यूं कहें तो जन नायगन का फीवर फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है.

    विजय-बॉबी देओल का आमना सामना
    मूवी में इंटरवल से पहले विजय और बॉबी देओल का क्लैश टीज किया गया. साउथ मूवी में बॉबी को देखकर फैंस का दिल खुशी से गदगद हो गया है. इस सीन का क्लिप यूजर्स ने वायरल किया है.

    विजय के एंट्री सीन पर झूमे फैंस
    थलपति विजय का फिल्म से एंट्री सीन वायरल हो रहा है. इसमें एक्टर को गुंड़ों की धुलाई करते हुए दिखाया गया है. विजय की फिल्म का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. लोग स्क्रीन पर विजय को देखकर चीख-चिल्ला रहे हैं. विजय का स्वैग देखना फैंस के लिए ट्रीट से कम नहीं है. दूसरे एक वीडियो में फैंस सीट पर खड़े होकर विजय-विजय के नारे लगाते दिखे.

    थियेटर्स के अंदर जश्न
    साउथ में थियेटर्स के बाहर फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने के लिए लंबी लाइन लगी हुई है. सोशल मीडिया पर सिनेमाहॉल के अंदर का नजारा दिखाते हुए कई वीडियोज सामने आए हैं, जिनमें फैंस हूटिंग कर रहे हैं, खुशी से झूम रहे हैं, तालियां बजा रहे हैं. मूवी शुरू होने पर विजय को सीएम विजय का टाइटल दिया गया है. ये मोमेंट फैंस अपने कैमरे में कैद करते हुए नजर आए. थियेटर्स लोगों की भीड़ से खचाखच भरे हुए दिखे.

    विजय का चला जादू
    सिनेमाघरों के बाहर विजय के बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग्स लगे हैं. बेंगलुरु के संध्या थियेटर के बाहर का विजुअल सामने आया है जिसमें सिनेमाहॉल से बड़ा विजय का कटआउट लगा है. वो अपने सिग्नेचर स्वैग को दिखाते नजर आए हैं. फैंस विजय के इस कटआउट के सामने फोटोज क्लिक करा रहे हैं. सिनेमाघरों के बाहर लोग पटाखे जलाते दिखे. कई लोग ग्रुप में डांस करते हुए नजर आए. वहीं मदुरई में सिनेमाहॉल के बाहर विजय के पोस्टर पर फैंस दूध चढ़ाते दिखे.

    इंडिया में ये फिल्म 2,500 स्क्रीन पर रिलीज हुई है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल में सुबह 6 बजे से पहले शो शुरू हो गए, जबकि तमिलनाडु में हमेशा की तरह सुबह 9 बजे से फिल्म की स्क्रीनिंग शुरू होगी. जन नायगन मूवी में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन और नारायण भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

    डायरेक्टर एच. विनोथ के निर्देशन में बनी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग कर सकती है. ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला के मुताबिक, मूवी इंडिया में ओपनिंग वीकेंड में 150-180 करोड़ कमा सकती है. वहीं इसके पहले दिन का कलेक्शन घरेलू मार्केट में 60 करोड़ होने का अनुमान है. वर्ल्डवाइड कलेक्शन 90-100 करोड़ बताया जा रहा है.

  • थलपति विजय से जयललिता तक, फिल्मों से राजनीति में आए ये सितारे

    थलपति विजय से जयललिता तक, फिल्मों से राजनीति में आए ये सितारे

    तमिलनाडु के सीएम थलपति विजय की फिल्म जन नायगन बड़े पर्दे पर रिलीज हो चुकी है. सीएम की कुर्सी पर बैठने से पहले विजय तमिल सिनेमा पर राज कर रहे थे. यही वजह है कि फैन्स को उनकी फिल्म का बेसब्री से इंतजार था. जन नायगन विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है. एक्टिंग छोड़कर वो राजनीति पर ध्यान देने वाले हैं.

    विजय अकेले ऐसे अभिनेता नहीं हैं, जिन्होंने एक्टिंग से राजनीति में कदम रखा है. उनसे पहले भी कई सितारे राजनीति की दुनिया में हाथ आजमा चुके हैं. आइए एक बार इन स्टार्स की रिपोर्टकार्ड पर नजर डालते हैं.

    कंगना रनौत
    बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत 2024 में लोकसभा सांसद बनी थीं. सांसद बनने के बाद वो राजनीति में एक्टिव हैं, लेकिन उनकी फिल्में बड़ा कमाल नहीं कर पा रही हैं. अब फैन्स उनकी फिल्म क्वीन 2 का इंतजार कर रहे हैं.

    रवि किशन
    रवि किशन ने अभिनय से पहचान बनाई और फिर राजनीति में कदम रखकर खुद को एक नेता के रूप में भी स्थापित किया. वो 2014 में राजनीति में आए, पहले कांग्रेस से जुड़े बाद में भाजपा में शामिल हुए और 2019 में गोरखपुर से लोकसभा सांसद चुने गए.  2024 में भी भाजपा ने उन पर दोबारा भरोसा जताया. रवि किशन सत्ता के साथ-साथ शोबिज की दुनिया भी संभाल रहे हैं. वो फिल्मों और ओटीटी शोज में धमाल मचा रहे हैं.

    चिराग पासवान
    चिराग पासवान ने 2011 में फिल्म मिले ना मिले हम से अभिनय की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें वहां बड़ी सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने राजनीति को अपना करियर बनाया. 2024 में वो हाजीपुर से सांसद बनने के साथ केंद्रीय मंत्री बने. आज चिराग पासवान को एक ऐसे नेता के रूप में देखा जाता है, जिन्होंने अभिनय से शुरुआत की लेकिन असली पहचान राजनीति में बनाई.

    कमल हासन
    कमल हासन ने 2017-18 में राजनीति की शुरुआत की. उन्होंने 2018 में अपनी पार्टी मक्कल निधि मैयम (MNM) बनाई, 2021 में विधानसभा चुनाव लड़ा, और 2025 में राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश किया. कमल हासन लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री के बड़े नाम रहे हैं और राजनीति में आने के बाद उनकी छवि सिर्फ अभिनेता की नहीं रही. अब वो बेहतरीन कलाकार होने के साथ-साथ अच्छे राजनेता भी हैं.

    पवन कल्याण
    पवन कल्याण भी उन सेलेब्स में से हैं, जिन्होंने एक्टिंग से राजनीति में पहचान बनाई. उन्होंने 2014 में जन सेना पार्टी बनाई और बाद में आंध्र प्रदेश की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाई. 2024 में वो पिथापुरम सीट से जीतकर राज्य के डिप्टी सीएम बने.

    जयललिता
    मशहूर एक्ट्रेस जयललिता तमिलनाडु की राजनीति का एक बड़ा चेहरा बनीं और वो राज्य की मुख्यमंत्री भी रहीं. जयललिता ने अभिनय के साथ-साथ सत्ता की कुर्सी को भी बखूबी संभाला.

  • काजल अग्रवाल ने बताया बॉलीवुड से दूरी का कारण, बोलीं- मजबूत किरदारों की तलाश रही प्राथमिकता

    काजल अग्रवाल ने बताया बॉलीवुड से दूरी का कारण, बोलीं- मजबूत किरदारों की तलाश रही प्राथमिकता

    बॉलीवुड और साउथ, दोनों इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुकीं काजल अग्रवाल ने अब खुलकर बताया है कि आखिर उन्होंने हिंदी फिल्मों से दूरी क्यों बना ली. काजल ने कहा कि उनके लिए हमेशा क्वालिटी, क्वांटिटी से ज्यादा मायने रखती है, इसलिए उन्होंने ऐसे प्रोजेक्ट्स चुने जहां उन्हें दमदार किरदार मिले.

    न्यूज बुक को दिए इंटरव्यू में काजल ने कहा- साउथ में मुझे जिस तरह के रोल मिल रहे थे, वैसे बॉलीवुड में नहीं मिल रहे थे. मुझे औसत रोल करने में कोई दिलचस्पी नहीं थी. मेरी प्राथमिकता हमेशा अच्छी फिल्में और मजबूत किरदार रहे. भाषा मेरे लिए कभी रुकावट नहीं बनी. शुरुआत में मुझे फिल्मों से इतना लगाव नहीं था, लेकिन सात फिल्में करने के बाद मुझे अपने काम से प्यार हो गया और फिर मैंने पूरी ईमानदारी से इसे अपनाया.

    'बॉलीवुड को साउथ से वक्त की कीमत सीखनी चाहिए'
    काजल ने दोनों फिल्म इंडस्ट्री की वर्क कल्चर की तुलना करते हुए कहा कि बॉलीवुड को साउथ से वक्त की पाबंदी सीखनी चाहिए. उन्होंने कहा- हिंदी फिल्मों में चीजें समय पर नहीं होतीं, जबकि साउथ में पूरा काम घड़ी देखकर चलता है. मैं हमेशा समय पर सेट पहुंचती हूं और मुझे उसी तरह काम करना पसंद है. बॉलीवुड में टाइमिंग काफी अलग होती है.

    'सलमान खान ने सबसे ज्यादा इंतजार करवाया'
    जब काजल से पूछा गया कि किस स्टार ने उन्हें सबसे ज्यादा इंतजार करवाया, तो उन्होंने बिना झिझक सलमान खान का नाम लिया. काजल ने कहा- सलमान खान ने मुझे सबसे ज्यादा इंतजार करवाया. मैं इसकी आदी नहीं थी. मैं सोचती थी कि आखिर हो क्या रहा है. वो दोपहर या फिर शाम तक सेट पर आते थे. तब तक मैं सेट पर बने जिम में जाकर एक्सरसाइज कर लेती थी. साउथ की डिसिप्लिन और वक्त की पाबंदी की मुझे आदत है.

    'अब साउथ में हीरोइनें सिर्फ ग्लैमर के लिए नहीं होतीं'
    काजल का मानना है कि साउथ सिनेमा अब तेजी से बदल रहा है. उनके मुताबिक अब फिल्मों में महिलाओं के किरदार पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और आजाद तरीके से लिखे जा रहे हैं.

    उन्होंने कहा- साउथ अब बॉलीवुड से महिला किरदारों और कमिंग-ऑफ-एज कहानियों को बेहतर तरीके से लिखना सीख रहा है. अब वहां सिर्फ हीरोइनों की नाभि दिखाने वाला दौर नहीं रहा. मैंने हमेशा ऐसी चीजों के लिए साफ मना किया. मैंने कहा था- मेरी नाभि पर फल मत फेंको, बॉस.

    इन फिल्मों में आएंगी नजर
    वर्क फ्रंट की बात करें तो काजल अग्रवाल जल्द ही 'द इंडिया स्टोरी' में दिखाई देंगी. इसके अलावा वह नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' पार्ट 1 और पार्ट 2 में मंदोदरी का किरदार निभाती नजर आएंगी.

  • नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद कार्तिक आर्यन पहुंचे महाकाल दरबार, माता-पिता संग लिया आशीर्वाद

    नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद कार्तिक आर्यन पहुंचे महाकाल दरबार, माता-पिता संग लिया आशीर्वाद

    72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में 'चंदू चैंपियन' के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद कार्तिक आर्यन ने अपनी खुशी सबसे पहले महाकाल के चरणों में जाकर जाहिर की. अवॉर्ड मिलने के कुछ ही दिनों बाद कार्तिक उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया.

    कार्तिक ने अपनी इस खास यात्रा की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं. मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच बेबी पिंक शर्ट पहने कार्तिक हाथ जोड़कर भगवान के सामने प्रार्थना करते नजर आए. उनके माथे पर तिलक लगा था और उन्होंने फोटो के साथ सिर्फ दो शब्द लिखे- "जय महाकाल".

    माता-पिता के साथ की पूजा
    मंदिर में कार्तिक अकेले नहीं थे. उनके साथ उनके माता-पिता भी मौजूद थे. तीनों ने मिलकर शयन आरती में हिस्सा लिया. पूजा के बाद कार्तिक ने मंदिर की परंपरा निभाते हुए नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही और फिर भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया.

    मां का रिएक्शन हुआ था वायरल
    नेशनल अवॉर्ड की घोषणा के बाद कार्तिक ने अपनी मां का एक इमोशनल वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें वह बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर बेहद खुश नजर आई थीं. कार्तिक ने उस पोस्ट में लिखा था- अब भी यकीन नहीं हो रहा. कुछ पल ऐसे होते हैं जिन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. सालों से देखा गया सपना आखिरकार पूरा हो गया. मैं हमेशा आभारी रहूंगा. बेस्ट एक्टर नेशनल अवॉर्ड. यह कार्तिक आर्यन के करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है.

    'चंदू चैंपियन' के लिए मिला सम्मान
    कबीर खान के निर्देशन में बनी 'चंदू चैंपियन' एक बायोपिक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसमें कार्तिक ने भारत के पहले पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया था. फिल्म में विजय राज, भुवन अरोड़ा, यशपाल शर्मा, राजपाल यादव और श्रेयस तलपड़े जैसे कलाकार भी नजर आए थे. हालांकि फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से खूब तारीफ मिली, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं कर सकी और दुनियाभर में करीब 89 करोड़ रुपये का कारोबार किया.

    कार्तिक की आने वाली फिल्में
    वर्क फ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन जल्द ही अनुराग बसु की म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म में श्रीलीला के साथ नजर आएंगे. इसके अलावा उनके पास करण जौहर के प्रोडक्शन की फिल्म 'नागजिला' भी है. इस फिल्म में कार्तिक एक इच्छाधारी नाग के किरदार में दिखाई देंगे. यह फिल्म 12 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

  • कियारा के बाद तारा सुतारिया संग यश का रोमांटिक अंदाज, ‘टॉक्सिक’ का ‘मदहोश’ गाना हुआ रिलीज

    कियारा के बाद तारा सुतारिया संग यश का रोमांटिक अंदाज, ‘टॉक्सिक’ का ‘मदहोश’ गाना हुआ रिलीज

    मुंबई 

    केजीएफ स्टार यश इस समय अपने अलग-अलग प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. कुछ दिन पहले दिल्ली में हुए रामायण ट्रेलर इवेंट में उनका अंदाज देख कई लोग हैरान हुए. ट्रेलर में यश ने जिस तरह रावण का किरदार निभाया है, वो भी सबको चौंकाने वाला होगा. मगर रामायण से पहले, यश अपनी सबसे कॉन्ट्रोवर्शियल फिल्म टॉक्सिक में नजर आएंगे। 

    तारा के लिए यश की मदहोशी
    फिल्म 'टॉक्सिक' इस समय कई सारे कारणों के चलते विवाद में है. सबसे अहम विवाद इसमें दिखाई इंटीमेसी को लेकर है, जिसे देखकर लोग खूब ट्रोल कर रहे हैं. कुछ दिन पहले जब यश और कियारा आडवाणी का गाना तबाही आया था, तब एक्ट्रेस को सबसे ज्यादा ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. उन्हें लेकर तरह-तरह के मीम्स बने और बातें कही गईं. अब यश ने अपनी फिल्म का एक और नया गाना मदहोश रिलीज किया है, जिसमें इस बार उनके साथ तारा सुतारिया हैं। 

    टॉक्सिक के गाने मदहोश में यश और तारा का रोमांस परवान पर नजर आता है. दोनों एक-दूसरे की बाहों में खोए हुए दिख रहे हैं. कभी कैफे में यश, तारा को अपनी गोद में बैठाकर किस कर रहे हैं, कभी बाथटब में एक्ट्रेस के साथ इंटीमेट हो रहे हैं. वहीं बारिश में भी तारा और यश रोमांस करते दिख रहे हैं. गाने में यश, तारा सुतारिया के लिए 'मदहोश' हो गए हैं. मगर साथ ही साथ उनके दिल में कियारा के किरदार के लिए भी फीलिंग्स मौजूद है। 

    'टॉक्सिक' होगा यश का किरदार!
    इस गाने से ये तो तय हो चुका है कि यश अपनी फिल्म में राया बनकर एक से ज्यादा लड़कियों के साथ रोमांस करते नजर आएंगे. उनका किरदार बाकी फिल्मों के मुकाबले काफी हटके और 'टॉक्सिक' रहने वाला है. फिल्म में उनका डबल रोल भी है, जिसमें फैंस उन्हें एक लंबे वक्त के बाद नए लुक में दिखाई देंगे. इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है. ये फिल्म 26 अगस्त को वर्ल्डवाइड थिएटर्स में रिलीज होगी।  

  • साहिबा बाली ने अर्जुन कपूर संग डेटिंग अफवाहों पर जताई नाराजगी

    साहिबा बाली ने अर्जुन कपूर संग डेटिंग अफवाहों पर जताई नाराजगी

    एक्ट्रेस-कंटेंट क्रिएटर साहिबा बाली अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. 19 जुलाई को साहिबा, अर्जुन कपूर के साथ लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारत और इंग्लैंड का मैच एंजॉय करती दिखीं. अर्जुन और साहिबा को साथ देखकर इनकी डेटिंग की खबरें उड़ने लगीं. साहिबा ने सोशल मीडिया पर डेटिंग रूमर्स को लेकर कटाक्ष भी कसा. एक बार फिर उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहों को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया है.

    अफेयर पर भड़कीं साहिबा
    साहिबा बाली ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि उनके और अर्जुन कपूर के अफेयर की अफवाहें ना फैलाई जाएं. साहिबा ने इंस्टाग्राम पर लंदन में इंडिया हाउस के बाहर सोनम वांगचुक के समर्थन में और दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के “चलो संसद” प्रदर्शन के समर्थन में रखी एक एकजुटता रैली का दृश्य शेयर किया. ये रैली सोमवार 20 जुलाई को हुई थी, जहां प्रदर्शनकारी NEET में अनियमितताओं के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे.

    साहिबा ने अपने इंस्टाग्राम पर अफेयर की अटकलों को संबोधित करते हुए लिखा, डियर मीडिया, लंदन में मेरी डेटिंग लाइफ के बारे में अफवाहें बंद करो. ये राष्ट्रीय खबर नहीं है, लेकिन दिखाना है तो ये दिखाओ ना.

    साहिबा ने साफ कर दिया कि उनकी पर्सनल को लेकर गलत खबरें चलाई जा रही हैं, जो कि उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं है. उन्होंने साफ-साफ कह दिया कि वो अर्जुन को डेट नहीं कर रही हैं.

    एक्ट्रेस की पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए फैन्स ने उनका सपोर्ट किया. फैन्स का कहना है कि वो बिल्कुल सही कह रही हैं. दो लोग साथ दिखे हैं, इसका मतलब ये नहीं कि उनका अफेयर चल रहा है. कई बार जो दिखता है, वो सच नहीं होता है.

    क्या है चलो संसद प्रोटेस्ट
    सोमवार को हजारों प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए और मानसून सत्र के पहले दिन संसद की तरफ मार्च किया. दावा है कि इस मार्च में कम से कम 20,000 लोग शामिल हुए, जिनपर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज की. सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशन अस्थायी रूप से बंद होने से नेटवर्क में खराबी और हलचल भी रही.

    सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते. ये प्रदर्शन NEET पेपर लीक और इससे जुड़ी छात्रों की मौतों के विरोध में किया जा रहा है.

     

  • अर्चना पूरन सिंह का छलका दर्द, बोलीं- फिल्मों में नहीं मिल रहे अच्छे रोल

    अर्चना पूरन सिंह का छलका दर्द, बोलीं- फिल्मों में नहीं मिल रहे अच्छे रोल

    अर्चना पूरन सिंह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं. टीवी से लेकर फिल्मों तक, उन्होंने अपनी धाक जमाई है. अब वो कपिल शर्मा के शो में बतौर जज नजर आती हैं. एक्ट्रेस यूट्यूब पर भी काफी पॉपुलर हैं. उनके फैमिली व्लॉग्स ट्रेंड में रहते हैं. मगर अर्चना का दावा है कि फिल्मों में उन्हें काम नहीं मिल रहा है.

    अर्चना का दर्द
    अर्चना पूरन 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' और 'टोस्टर' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं. लेकिन एक्ट्रेस का दावा है कि उन्हें फिल्मों के ऑफर्स उस तरह से नहीं मिल रहे, जैसे वो चाहती हैं.

    मीडिया से  बातचीत में अर्चना ने अपना दर्द बयां किया. वो बोलीं- मुझे ब्रांड एंडोर्समेंट के ऑफर तो मिल रहे हैं, लेकिन एक्टिंग के ऑफर अभी भी मेरे पास नहीं आ रहे हैं. ऐसा नहीं है कि 'टोस्टर' फिल्म के बाद मेरे पास ऑफर्स की लाइन लग गई हो.

    अर्चना ने आगे कहा- मैंने कुछ दिन पहले एक फिल्म का ऑफर ठुकरा दिया था, क्योंकि मुझे वो रोल पसंद नहीं आया था. बेहतरीन रोल अभी तक मेरे पास नहीं आ रहे हैं. मैं सभी फिल्ममेकर्स से यह बात कहना चाहूंगी कि मैं एक्टिंग करना चाहती हूं, लेकिन हमारी इंडस्ट्री बहुत अलग है.

    अर्चना ने बताया कि उनके करियर की चमक रोहित शेट्टी की फिल्म 'बोल बच्चन' की रिलीज के बाद फीकी पड़ी है. एक्ट्रेस ने कहा कि भले ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट हुई, लेकिन उनके करियर को इसका फायदा नहीं पहुंचा.

    क्यों नहीं मिल रहे फिल्मों के ऑफर्स?
    अर्चना ने कहा- जब 'बोल बच्चन' रिलीज हुई थी, तो मुझे ट्रेड एनालिस्ट्स के फोन आए थे. उन्होंने मुझसे कहा था कि मेरे पास ऑफर्स की बाढ़ आ जाएगी. मैंने उनसे कहा था कि जैसे ही मुझे पहला ऑफर मिलेगा, मैं उन्हें फोन करूंगी. इस बात को अब 10 साल बीत गए और मेरे पास उन्हें फोन करने की कोई वजह नहीं है. इन दस सालों में मुझे एक भी ऑफर नहीं मिला. हमारी इंडस्ट्री बहुत अजीब है.  

    अर्चना से आगे पूछा गया कि वो इसकी वजह किसे मानती हैं? एक्ट्रेस बोलीं- इसकी कई वजहें हो सकती हैं. बहुत से फिल्ममेकर्स को लगता था कि मैं कॉमेडी शोज करने में बिजी हूं, इसलिए मैं उन्हें अपनी डेट्स नहीं दे पाऊंगी. जब मैं टीवी पर शो कर रही थी, तब मैं उन कुछ फिल्मों को भी नहीं कर पा रही थी, जो मुझे ऑफर हो रही थीं.