Category: मनोरंजन

  • राजपाल यादव को बड़ा झटका, चेक बाउंस मामले में फिर जेल भेजने का आदेश

    राजपाल यादव को बड़ा झटका, चेक बाउंस मामले में फिर जेल भेजने का आदेश

    एक्टर राजपाल यादव पर चेक-बाउंस का केस कुछ महीने पहले बहुत चर्चा में था. बॉलीवुड सेलेब्रिटीज से राजपाल को इस मामले से निकालने के लिए काफी फाइनेंशियल मदद मिली थी और फरवरी में वो जेल से जमानत पर बाहर भी आ गए थे. लेकिन अब राजपाल को बड़ा झटका लगा है और उनके एक्शंस को 'संदिग्ध' बताते हुए प्रशासन से उन्हें फिर जेल भेजने को कहा है.

    हाई कोर्ट ने राजपाल को फिर भेजा जेल
    लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस स्वर्णकांत शर्मा ने राजपाल को दोषी मानते हुए सेशंस कोर्ट द्वारा सुनाई गई सजा में संशोधन किया. अदालत ने राजपाल यादव को सातों मामलों में शिकायतकर्ता को 1.05 करोड़ रुपये की पेमेंट करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा शिकायतकर्ता को 1.04 लाख रुपये और 75 हजार रुपये, जबकि राज्य को 25 हजार रुपये देने का भी आदेश दिया गया.

    हाई कोर्ट ने राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव को भी हर मामले में शिकायतकर्ता को 5,51,380 रुपये की पेमेंट करने को कहा है. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि राजपाल की ओर से पहले ही जमा किए जा चुके 2.25 करोड़ रुपये फाइनल पेमेंट में एडजस्ट कर दिए जाएंगे.

    चेक बाउंस मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं राजपाल
    2010 में राजपाल ने अपने प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'अता पता लापता' के लिए 5 करोड़ का उधार लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई और राजपाल समय पर उधार चुकता नहीं कर पाए थे. बार-बार पेमेंट्स के लिए दिए चेक बाउंस होने के बाद ये मामला एक लंबी कानूनी लड़ाई बन गया.

    इस मामले में हाई कोर्ट ने राजपाल यादव को पहली बार 2013 में, 10 दिन के लिए जेल भेजा था. लेकिन हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच में अपील के बाद वो 4 दिन में जेल से बाहर आ गए थे. नवंबर 2018 में वो फिर से तीन महीनों के लिए जेल गए और फरवरी 2019 में बाहर आए थे.

    फरवरी 2026 में राजपाल एक बार फिर इस मामले में कुछ दिनों के लिए जेल में रहे थे. बाहर आने के बाद उन्होंने अथॉरिटीज के सामने एक इमोशनल अपील में कहा था कि उनके पास न पैसा है और न ऐसे दोस्त जो इस क्राइसिस में उनकी मदद कर सकें. इस अपील के बाद फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें बहुत सपोर्ट मिला था और कई लोग उनकी आर्थिक मदद के लिए भी आगे आए थे.

    मगर इसके बाद भी राजपाल अपना उधार नहीं चुकता पर पाए. जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने सुनवाई के दौरान अभिनेता के रवैए को 'संदिग्ध' बताया और कहा कि उन्हें रकम चुकाने के कई मौके दिए गए, लेकिन वो अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रहे. जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने कहा कि राजपाल यादव को अदालत में दिए गए अपने अंडरटेकिंग का पालन करने के लिए कई मौके दिए गए, लेकिन उन्होंने बार-बार अवसर मिलने के बावजूद उसका पालन नहीं किया.

    बकाया रकम के भुगतान को लेकर किए गए समझौते के बार-बार उल्लंघन के कारण कोर्ट ने सख्त रवैया अपनाया है. इसी कोर्ट ने राजपाल को राहत भी दी थी. लेकिन राजपाल इस दलील पर अड़े रहे कि जब कुछ दिन जेल काट ली तो अब कैसे पैसे? कौन सा बकाया और कैसी वापसी? कोर्ट ने उन्हें पहले भी चेतावनी दी थी.

  • खेसारी-अंजना विवाद में घमासान, भोजपुरी इंडस्ट्री की छवि पर उठे सवाल

    खेसारी-अंजना विवाद में घमासान, भोजपुरी इंडस्ट्री की छवि पर उठे सवाल

    भोजपुरी सिनेमा इन दिनों फिल्मों से ज्यादा सोशल मीडिया पर चल रही जुबानी जंग को लेकर सुर्खियों में है. एक तरफ हैं अंजना सिंह, तो दूसरी तरफ खेसारी लाल यादव और उनके समर्थक. मामला इतना बढ़ गया कि इसमें गाली-गलौज, निजी जिंदगी पर आरोप, ट्रोलिंग, परिवार को घसीटना और चप्पल दिखाने तक की नौबत आ गई. अब भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकार भी इस विवाद में कूद पड़े हैं.

    पॉडकास्ट से शुरू हुआ बवाल
    पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब अंजना सिंह एक पॉडकास्ट में पहुंचीं. वहां उनसे खेसारी लाल यादव के उस पुराने बयान पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने कास्टिंग काउच पर कहा था कि 'हर हीरोइन कहती है कि इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच होता है, लेकिन मैंने तो नहीं किया. फिर हुआ किसके साथ?'

    इस सवाल पर अंजना ने खेसारी का मजाक उड़ाते हुए कहा कि वो कुछ भी बोलते हैं, उनकी बातों का कोई मतलब नहीं होता. बस, यहीं से सोशल मीडिया पर बवाल शुरू हो गया.

    खेसारी के फैंस हुए आगबबूला, चुप नहीं रहीं अंजना
    अंजना का बयान सामने आते ही खेसारी लाल यादव के फैंस भड़क गए. सोशल मीडिया पर अंजना को जमकर ट्रोल किया गया. उन्हें लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं. बात यहीं नहीं रुकी, कुछ ट्रोल्स ने उनकी बेटी को लेकर भी अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं.

    ट्रोलिंग से नाराज अंजना सिंह इंस्टाग्राम लाइव पर आईं. यहां उन्होंने खेसारी लाल यादव और उनकी टीम पर कई गंभीर आरोप लगाए.

    लाइव के दौरान अंजना ने खेसारी की निजी जिंदगी का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि एक पुराने होटल विवाद में खेसारी लाल यादव को उनकी पत्नी चंदा यादव ने कथित तौर पर दूसरी एक्ट्रेस के साथ पकड़ लिया था. अंजना ने ये भी आरोप लगाया कि उस दौरान उनकी पिटाई हुई थी. इसके साथ ही उन्होंने खेसारी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. खबर है कि इसी दौरान उन्होंने पर आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया.

    खेसारी ने बिना नाम लिए दिया जवाब
    पूरे विवाद के दौरान खेसारी लाल यादव ने सीधे तौर पर अंजना सिंह का नाम नहीं लिया. हालांकि उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपने फैंस का समर्थन करने के लिए धन्यवाद कहा और कहा कि आप लोगों का शुक्रिया जो इतना प्यार जताया और मेरे लिए लड़े. इसे कई लोगों ने इस विवाद पर उनका अंजना को दिया जवाब माना.

    खेसारी ने भले ही इतने पर चुप्पी साध ली लेकिन उनकी टीम और समर्थकों ने भी अंजना पर पलटवार शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर उन्हें 'बूढ़ी चाची' और 'आंटी' जैसे शब्द कहे गए. ट्रोलिंग लगातार बढ़ती गई और विवाद और ज्यादा गर्म हो गया.

    चप्पल दिखाकर दी चेतावनी
    इसके बाद अंजना सिंह एक बार फिर लाइव आईं. इस बार उन्होंने खेसारी की टीम से जुड़े लेखक अखिलेश कश्यप पर धमकी देने का आरोप लगाया. लाइव के दौरान उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, खेसारी को अनपढ़-गंवार बताते हुए जातिसूचक शब्द कहे और कैमरे पर चप्पल दिखाते हुए मारने तक की बात कह दी. इसके बाद ये विवाद सोशल मीडिया पर और ज्यादा वायरल हो गया.

    हालांकि खेसारी के सपोर्टर ने एक वीडियो जारी कर हंसी उड़ाते हुए कहा कि क्यों इतना बोल रही हो, लाइमलाइट में आने के लिए विवाद को खामखा तूल दिए जा रही हो. ये सुनकर अंजना फिर भड़क गई और कहा कि- मेरी साल में 20-20 फिल्में आ जाती हैं. 3 साल में 2 फिल्म करने वालों को जरूरत होगी विवाद पैदा करने की. ये तुम लोगों का हमेशा से है जब कोई गाना लाना होता है कॉन्ट्रोवर्सी करने लगते हो.

    इंडस्ट्री भी बंट गई
    अब ये मामला सिर्फ दो कलाकारों तक सीमित नहीं रहा. भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकार खुलकर सामने आए. कुछ ने कहा कि किसी भी महिला को इस तरह ट्रोल करना और उसके परिवार को निशाना बनाना गलत है. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की भाषा और निजी आरोपों से पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री की छवि खराब हो रही है.

    अंजना सिंह के सपोर्ट में उनके एक्स-हसबैंड यश कुमार मिश्रा भी सामने आए. इतना ही नहीं, यश की मौजूदा पत्नी निधि झा ने भी अंजना का समर्थन करते हुए कहा कि किसी महिला का इस तरह अपमान करना बिल्कुल सही नहीं है. वहीं पूनम दुबे और पाखा हेगड़े समेत कई एक्ट्रेसेस ने इस विवाद को तूल न देने और महिला का सम्मान करने की बात कही.

    अब सबसे बड़ा सवाल…
    इस पूरे विवाद ने भोजपुरी सिनेमा की पब्लिक इमेज पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. क्या ये सिर्फ दो कलाकारों के बीच का निजी विवाद है, या फिर सोशल मीडिया की लड़ाई ने भोजपुरी इंडस्ट्री के स्तर को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है? फिलहाल आरोप, पलटवार और लाइव वीडियो का ये सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा और फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ये विवाद आगे क्या नया मोड़ लेता है.

  • धमाल 4 की एडवांस बुकिंग शानदार, पहले दिन 16 करोड़ की उम्मीद

    धमाल 4 की एडवांस बुकिंग शानदार, पहले दिन 16 करोड़ की उम्मीद

    अजय देवगन की फिल्म धमाल 4 कल यानी 10 जुलाई को रिलीज होने वाली है. फिल्म रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाती नजर आ रही है. धमाल 4 की एडवांस बुकिंग रिलीज से कुछ दिन पहले शुरू हुई थी. गुरुवार 12 बजे तक फिल्म ने करीब 3.33 करोड़ रुपये की कमाई कर ली. ये नंबर्स ब्लॉक सीट्स को मिलाकर दिया गया है. हालांकि ये आंकड़े अभी और बढ़ेंगे.

    पहले दिन कितनी कमाई करेगी धमाल 4?
    बॉक्स ऑफिस पर धमाल 4 को सबसे बड़ा फायदा इसकी फ्रेंचाइजी वैल्यू का मिल सकता है. इसके अलावा फिल्म के सामने फिलहाल कोई बड़ी रिलीज नहीं है. पिछले हफ्ते रिलीज हुई 'अल्फा' की कमाई भी अब धीमी पड़ चुकी है. ऐसे में धमाल 4 के पास बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाने के लिए अच्छा मौका है. ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म भारत में पहले दिन करीब 15 से 16 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन कर सकती है. वहीं कुछ अनुमान इसे 13 करोड़ रुपये के आसपास भी बता रहे हैं. अगर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करती है तो यह अजय देवगन के करियर की टॉप 10 ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो सकती है.

    धमाल 4 तोड़ेगी अजय देवगन की बड़ी फिल्मों का रिकॉर्ड?
    अगर धमाल 4 की ओपनिंग 15 करोड़ रुपये से ज्यादा रहती है, तो यह अजय देवगन की कई बड़ी फिल्मों के शुरुआती कलेक्शन को पीछे छोड़ सकती है. फिल्म तानाजी ने पहले दिन 15.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि दृश्यम 2 ने 15.50 करोड़ रुपये का ओपनिंग कलेक्शन किया था. धमाल फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म टोटल धमाल का रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं होगा. साल 2019 में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 16.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी.

    धमाल 4 की रिलीज डेट
    इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी धमाल 4 में अजय देवगन के अलावा अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेन्द्र लिमये, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और विजय पाटकर नजर आएंगे. फिल्म 10 जुलाई को रिलीज हो रही है.

  • सोहेल-सीमा फिर आएंगे साथ, ‘अलायंस’ में दिखेगी एक्स कपल की जोड़ी

    सोहेल-सीमा फिर आएंगे साथ, ‘अलायंस’ में दिखेगी एक्स कपल की जोड़ी

    खान परिवार के चिराग सोहेल खान इन दिनों रियलिटी शो 'अलायंस' में दिखाई दे रहे हैं. सबसे खास बात ये है कि अब शो में सोहेल की एक्स वाइफ सीमा सजदेह संग दूरियां मिटती दिखेंगी. जी हां, सीमा सजदेह और सोहेल खान 'अलायंस' में फिर साथ दिखेंगे. खान खानदान के बेटे और एक्स बहू को शो में एक साथ देखने के लिए फैंस की एक्साइटमेंट सुपर हाई है.

    सोहेल-सीमा की मिटेंगी दूरियां?
    सोहेल खान कुछ दिन पहले ही प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'अलायंस' में शामिल हुए हैं. अब उनकी एक्स वाइफ सीमा सजदेह भी जल्द ही शो में ग्रैंड वाइल्ड कार्ड एंट्री करने वाली हैं. शो में एक्स कपल सोहेल-सीमा एक ही छत के नीचे एक-दूसरे को टक्कर देते दिखेंगे. हालांकि सीमा का मानना है कि शो में भले ही उनकी एक दूसरे से टक्कर होगी, मगर वो जिंदगी भर एक-दूसरे के सपोर्टर बने रहेंगे.

    इंडिया टुडे संग खास बातचीत में सीमा ने बताया कि शो में आने से पहले दोनों के बीच बात हुई थी और सोहेल ने उन्हें एक खास सलाह भी दी थी. सीमा ने मुस्कुराते हुए कहा- हमने बस मजे करने और जैसे हैं वैसे रहने के बारे में बात की. आखिरी बात जो उन्होंने मुझसे कही, वो थी- किसी से दबना मत, तो मैंने कहा- ठीक है, तुम वहां हो ही, तो मैं कंफर्ट फील करूंगी.

    खेल से बढ़कर है हमारा रिश्ता- बोलीं सीमा
    जब से शो का ट्रेलर सामने आया है, तब से दर्शकों के मन में यह सवाल है कि शो में सीमा और सोहेल की इक्वेशन क्या होगी? सीमा से पूछा गया कि क्या उनका अतीत या एक-दूसरे के खिलाफ खेलना उनके रिश्ते पर बुरा असर डाल सकता है? इसपर सीमा ने हंसते हुए कहा कि कुछ रिश्ते खेल से बढ़कर होते हैं. उन्होंने कहा- हम निर्वाण और योहान के पेरेंट्स हैं. हमारा रिश्ता पहले से है. चाहे पसंद हो या न हो, हम एक टीम हैं. अब अगर खेल के चक्कर में यह बदलता है, तो मुझे बहुत हैरानी होगी. यह मेरे लिए भी चौंकाने वाला होगा.

    खास बात यह है कि सीमा को शो में जाने के लिए उनके बेटों से खास सलाह मिली है. सीमा ने बताया कि उनके छोटे बेटे योहान ने इस शो के लिए दोनों को सबसे ज्यादा मोटिवेट किया है. मगर बड़े बेटे निर्वाण ने शो में जाने को लेकर उनके सामने एक शर्त रखी थी.

    सीमा ने हंसते हुए बेटे की शर्त के बारे में बताया- मेरे बड़े बेटे ने मुझसे कहा था- शो में किसी से भी मेरे बारे में बात करने की हिम्मत मत करना, यहां तक कि पापा से भी नहीं. मैंने कहा-मैं तुम्हारे बारे में क्यों बात करूंगी? हर चीज तुम्हारे बारे में नहीं होती. लेकिन हमारा छोटा बेटा हमें इस शो में देखने के लिए बहुत एक्साइटेड है. उसी ने हमें शो के लिए प्रेरित किया और कहा- आपको यह शो करना ही है और यह कपड़े पहनने हैं. इसलिए मुझे लगता है कि हम उसके लिए भी खेलेंगे.

    'अलायंस' शो क्यों है अलग?
    सीमा सजदेह का मानना है कि अलायंस शो लड़ाई-झगड़ों और चीखने-चिल्लाने के बजाय स्ट्रैटिजी पर बेस्ड है. इसलिए यह शो बाकी रियलिटी शोज से काफी अलग और नया है. उनके लिए सबसे बड़ी बात सेलिब्रिटी या कैमरे नहीं, बल्कि इस शो का फॉर्मेट था. शो के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- मुझे शो का फॉर्मेट पसंद आया. यह बहुत साफ-सुथरा शो है. यह सिर्फ गेम्स के बारे में है और मजेदार लगता है. इसमें दूसरे रियलिटी शोज की तरह निजी जिंदगी की कीचड़ उछालने पर ध्यान नहीं दिया जाता. इसमें आपको सरेआम अपने घर के झगड़ों पर बात नहीं करनी पड़ती. इसलिए यह एक बेहतर, क्लासी और साफ-सुथरा गेम शो लगता है, जिसे मैं कर सकती हूं.

    सीमा के मुताबिक, इस शो में टिके रहना किसी एक के शानदार खेल पर नहीं, बल्कि टीम की सोच पर निर्भर करता है. सीमा ने बात खत्म करते हुए कहा- जैसा कि नाम से ही साफ है, यह सब टीमवर्क के बारे में है. यह अकेले की परफॉर्मेंस का शो नहीं है, बल्कि मिलकर जीतने का खेल है. इसमें साथ मिलकर रणनीति बनानी होती है. लोगों को खुद से अलग करना आपको कहीं नहीं ले जाएगा, बल्कि इससे आप शो से बाहर हो जाएंगे.

    अली गोनी की भी होगी वाइल्ड कार्ड एंट्री
    बता दें कि सीमा के साथ शो में टीवी एक्टर अली गोनी भी वाइल्ड कार्ड के रूप में एंट्री करेंगे. दिलचस्प बात यह है कि अली शो के एक और कंटेस्टेंट अर्सलान गोनी के कजिन हैं, इसलिए आने वाले एपिसोड्स में दोनों भाइयों का तालमेल देखना भी मजेदार होगा.

  • Rajkummar Rao First Look: सौरव गांगुली की बायोपिक से सामने आया पहला लुक, ‘दादा’ के अंदाज में छाए एक्टर

    Rajkummar Rao First Look: सौरव गांगुली की बायोपिक से सामने आया पहला लुक, ‘दादा’ के अंदाज में छाए एक्टर

    मुंबई 

    क्रिकेट और बॉलीवुड के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चर्चा में रही सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का पहला लुक आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में राजकुमार राव पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का किरदार निभा रहे हैं। फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी तारीफ शुरू कर दी है।

    फिल्म का पहला लुक सौरव गांगुली के जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया। इसी के साथ मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की भी घोषणा की। पोस्टर में राजकुमार राव लॉर्ड्स की बालकनी वाले उस यादगार पल को दोबारा जीते दिखाई दे रहे हैं, जब साल 2002 में नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद सौरव गांगुली ने अपनी टी-शर्ट हवा में लहराकर जीत का जश्न मनाया था।

    फर्स्ट लुक में फिर दिखा लॉर्ड्स वाला ऐतिहासिक पल
    फिल्म का पोस्टर आते ही सोशल मीडिया पर लोगों को सबसे पहले 2002 की वही ऐतिहासिक जीत याद आ गई। इंग्लैंड के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद सौरव गांगुली का टी-शर्ट लहराने वाला जश्न भारतीय क्रिकेट के सबसे आइकॉनिक पलों में गिना जाता है।

    राजकुमार राव ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म से जुड़ा पहला लुक शेयर किया। उन्होंने सौरव गांगुली को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। फैंस का कहना है कि राजकुमार का लुक और बॉडी लैंग्वेज काफी हद तक गांगुली जैसी लग रही है।

    फिल्म में सिर्फ क्रिकेट नहीं, संघर्ष और कप्तानी की कहानी भी दिखेगी

    ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ सिर्फ एक क्रिकेट फिल्म नहीं होगी, बल्कि यह भारतीय क्रिकेट के एक ऐसे दौर की कहानी भी दिखाएगी, जब टीम इंडिया बदलाव के दौर से गुजर रही थी। सौरव गांगुली को उस कप्तान के तौर पर याद किया जाता है, जिन्होंने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया और भारतीय टीम को विदेशों में जीतना सिखाया।

    स्पोर्ट्स बायोपिक फिल्मों को पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ऐसे में सौरव गांगुली की जिंदगी पर बनी यह फिल्म भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास मानी जा रही है। मेकर्स की ओर से रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है, जबकि शूटिंग अभी जारी है। फर्स्ट लुक ने साफ कर दिया है कि फिल्म में उस दौर की कई यादगार घटनाओं को बड़े पर्दे पर दोबारा जीवंत करने की कोशिश की जाएगी।

  • यश की टॉक्सिक पर हुमा कुरैशी बोलीं, देरी के बावजूद फिल्म होगी शानदार

    यश की टॉक्सिक पर हुमा कुरैशी बोलीं, देरी के बावजूद फिल्म होगी शानदार

    साउथ सुपरस्टार यश की आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. हालांकि फिल्म की रिलीज डेट कई बार आगे बढ़ाई जा चुकी है. फिल्म में अहम किरदार निभा रही एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने फिल्म की देरी को लेकर अपनी बात रखी. इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया कि आखिर फिल्म की रिलीज बार-बार क्यों टल रही है. इस पर हुमा ने क्या जवाब दिया आपको बताते हैं.

    हुमा कुरैशी ने 'लल्लनटॉप' के साथ एक इंटरव्यू में कहा, "नई रिलीज डेट 26 अगस्त है. देरी की वजह जो भी रही हो, मुझे लगता है कि अब ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि फैंस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मैं भी फिल्म को लेकर बहुत एक्साइटेड हूं, क्योंकि मैंने जितना भी देखा है, उसके आधार पर कह सकती हूं कि यह एक शानदार विजुअल अनुभव होने वाली है. यह बहुत बड़ी फिल्म है."

    'टॉक्सिक' के एक्शन को बताया अनोखा अनुभव
    हुमा कुरैशी ने आगे कहा, "मैंने अभी पूरी फिल्म नहीं देखी है, लेकिन मैंने जितना देखा है, उसके हिसाब से हर कलाकार और हर किरदार ने अपना बेस्ट प्रदर्शन किया है. मुझे नहीं लगता कि दर्शकों ने इससे पहले इतने बड़े लेवल का एक्शन अनुभव किया होगा." उन्होंने यह भी कहा कि किसी फिल्म को सिर्फ इसलिए जल्दी रिलीज नहीं करना चाहिए कि वह बाकी फिल्मों से पहले सिनेमाघरों में आ जाए. फिल्म को तभी रिलीज किया जाना चाहिए, जब वह पूरी तरह तैयार हो. हुमा ने कहा, "फिल्म मार्च में आए, जून में आए या अगस्त में, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता. मकसद सबसे पहले रिलीज करना नहीं होना चाहिए, बल्कि फिल्म को तब रिलीज करना चाहिए जब वह पूरी तरह तैयार हो."

     यश की 'टॉक्सिक' में नजर आएंगे ये सितारे
    'टॉक्सिक' का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं. फिल्म में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म की शूटिंग कन्नड़ और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में एक साथ की गई है. इसके अलावा इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा.

  • सतलुज विवाद पर बोले राम गोपाल वर्मा, फिल्म हटाने पर उठाए सवाल

    सतलुज विवाद पर बोले राम गोपाल वर्मा, फिल्म हटाने पर उठाए सवाल

    दिलजीत दोसांझ और अर्जुन रामपाल स्टारर फिल्म 'सतलुज' को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा. रिलीज के महज 48 घंटे के भीतर ही फिल्म को ZEE5 ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई. अब इस पूरे विवाद पर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने भी खुलकर अपनी राय रखी है.

    राम गोपाल वर्मा ने अपने X अकाउंट पर एक लंबा-चौड़ा नोट शेयर करते हुए फिल्म की जमकर तारीफ की और साथ ही इसे हटाए जाने पर बेबाक तरीके से सवाल भी उठाए.

    'ये फिल्म नहीं, कभी न भरने वाला जख्म है'
    राम गोपाल वर्मा ने लिखा कि 'सतलुज' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि ऐसा गहरा जख्म है जो कभी नहीं भर सकता. उनके मुताबिक ये फिल्म देश के इतिहास के सबसे अंधेरे अध्यायों में से एक को फिर से सामने ले आती है. उन्होंने कहा कि ये सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सच से सामना कराने वाला माध्यम है.

    राम गोपाल वर्मा ने दिलजीत दोसांझ की एक्टिंग की जमकर सराहना की. उन्होंने लिखा कि फिल्म में दिलजीत ने बिना किसी हीरो वाली दिखावटी बहादुरी के बेहद संयम और गुस्से से भरा शानदार अभिनय किया है. दिलजीत के हाथ में कोई हथियार नहीं, सिर्फ एक रजिस्टर (लेजर) और उनका जमीर है. यही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरता है.

    RGV ने अर्जुन रामपाल की एक्टिंग की भी खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि अर्जुन ने फिल्म में सिस्टम और सत्ता की कड़वी सच्चाई को बहुत दमदार तरीके से दिखाया है. उनका किरदार इतना असली लगता है कि उसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं.

    'डायरेक्टर ने सनसनी नहीं, सच्चाई दिखाई'
    राम गोपाल वर्मा ने डायरेक्टर हनी त्रेहान की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्होंने इस संवेदनशील विषय को सनसनीखेज बनाने की बजाय बेहद संजीदगी से पेश किया है. उन्होंने कहा कि फिल्म धीरे-धीरे एक इन्वेस्टिगेशन थ्रिलर की तरह खुलती है, जिसमें सरकारी फाइलें, श्मशान घाट के रिकॉर्ड और धीमी बातचीत के जरिए सच्चाई सामने आती है. यही संयम फिल्म को और ज्यादा असरदार बना देता है.

    अपने पोस्ट में राम गोपाल वर्मा ने लिखा कि फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष ये है कि ये दिखाती है कि कैसे एक लोकतंत्र कभी-कभी अपने ही नागरिकों को निगल जाता है और बाद में सबूत मिटाने की कोशिश करता है. उन्होंने कहा कि फिल्म किसी तरह का भाषण नहीं देती, बल्कि दर्शकों को खुद सोचने पर मजबूर करती है.

    'सतलुज के साथ खालड़ा जैसा मत होने देना'
    पोस्ट के आखिर में राम गोपाल वर्मा ने भावुक अपील करते हुए लिखा- मैं सत्ता में बैठे सभी लोगों से अपील करता हूं कि 'सतलुज' के साथ वही मत कीजिए जो जसवंत सिंह खालड़ा के साथ हुआ था. उन्होंने आगे लिखा- सच्चाई को जितना छिपाने की कोशिश की जाती है, वो उतनी ही ज्यादा ताकत के साथ सामने आती है.

    राम गोपाल वर्मा का ये बयान ऐसे समय आया है, जब 'सतलुज' को ZEE5 से हटाए जाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है. सोशल मीडिया पर भी फिल्म को दोबारा स्ट्रीम करने की मांग तेज होती जा रही है, जबकि इस पूरे मामले पर बहस अभी थमती नहीं दिख रही है. एक के बाद एक कई सेलेब्स इस मामले पर अपनी राय दे रहे हैं, साथ ही फिल्म बॉडीज ने भी सेंसरशिप पर सवाल उठाए हैं.

  • रामायण की शूटिंग में दीपिका चिखलिया ने बताईं मुश्किलें, कपड़े बदलने तक की नहीं थी सुविधा

    रामायण की शूटिंग में दीपिका चिखलिया ने बताईं मुश्किलें, कपड़े बदलने तक की नहीं थी सुविधा

    दीपिका चिखलिया का नाम जेहन में आते ही उनका देवी सीता वाला रूप उभर आता है, जो रामानंद सागर की 'रामायण' में देखने को मिला था। इस सीरियल ने दीपिका को सीता के किरदार में हमेशा के लिए 'अमर' कर दिया। दीपिका चिखलिया को लोग देवी सीता मानकर पूजते थे और उनका आशीर्वाद लेते थे। और आज भी यही आलम है। हालांकि, सीता बनने के लिए दीपिका चिखलिया को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इसके बारे में 61 वर्षीय एक्ट्रेस ने कुछ साल पहले एक इंटरव्यू में बताया था।

    दीपिका चिखलिया ने बताया था कि 'रामायण' की शूटिंग के दौरान उन्हें किन तकलीफों से गुजरना पड़ा और क्यों सीता के रोल में उनके जितनी शोहरत किसी और एक्ट्रेस को क्यों नहीं मिली। साथ ही बताया था कि वह सीता के लुक में आने के लिए क्या खास तरह की तैयारी करती थीं।

    शूट की मुश्किलें, पुराने कपड़ों का टेंट, लोगों के घर वॉशरूम इस्तेमाल करना
    दीपिका चिखलिया ने साल 2023 में 'आजतक' को दिए इंटरव्यू में 'रामायण' के सेट की मुश्किलें बयां की थीं। दीपिका ने बताया था कि उस वक्त आउटडोर शूटिंग में सबसे बड़ी दिक्कत होती थी, क्योंकि वॉशरूम की परेशानी हो जाती थी। उन्हें और बाकी फीमेल कास्ट को लोकल लोगों के घर-घर जाकर वॉशरूम इस्तेमाल करने की रिक्वेस्ट करनी पड़ती थी। वहीं, जब कपड़े बदलने की बारी आती थी, तो उसके लिए भी कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में पुराने कपड़े पकड़कर टेंट बनाया जाता और फिर उसके बीच में दीपिका चिखलिया और बाकी महिलाएं कपड़े बदलती थीं। पुराने कपड़ों के टेंट के बीच में रहकर ही वो धूप से खुद को बचाती थीं।

    कार में बैठकर साड़ी बदलनी पड़ती थी
    दीपिका ने यह भी बताया था कि कई बार तो ऐसा हुआ कि उन्हें कार में बैठकर साड़ी बदलनी पड़ी। इसके लिए क्रू मेंबर्स कार के शीशों पर कपड़ा लगा देते थे ताकि बाहर से कुछ न दिखे, और फिर दीपिका कपड़े बदलती थीं।

    सीता बनने के लिए दीपिका चिखलिया की तैयारी
    सीता बनने के लिए दीपिका चिखलिया क्या खास और क्या अलग तैयारी करती थीं? इसके बारे में एक्ट्रेस ने बताया था कि रामानंद सागर ने उन्हें देवी सीता का एक रफ स्कैच बनाकर दिया था और बताया था कि सीता ऐसी होनी चाहिए। उसे दीपिका चिखलिया ने दिमाग में रखा। वह रोजाना रामायण पढ़ती थीं और किरदार की गरिमा पर फोकस किया। चूंकि सीता का किरदार गंभीर था, इसलिए दीपिका को बोलने के अंदाज, रिएक्शन और डायलेक्ट पर काम करना पड़ा। उस किरदार को दीपिका चिखलिया ने तीन साल तक निभाया था।

    क्यों कोई और एक्ट्रेस सीता बन नहीं पा सकी दीपिका जितनी शोहरत?
    जब भी कोई एक्ट्रेस सीता का किरदार निभाती है, तो उसकी तुलना दीपिका चिखलिया के निभाए सीता के किरदार से ही की जाती है। 'रामायण' सीरियल को बने 39 साल हो चुके हैं। तबसे अभी तक कई एक्ट्रेसेस ने सीता का किरदार निभाया, पर दीपिका को छू न सकीं। आखिर ऐसी क्या वजह है कि सीता के किरदार में दीपिका चिखलिया जितनी शोहरत किसी और एक्ट्रेस को नहीं मिली? इसकी वजह दीपिका ने बताई थी। उनके मुताबिक, उनका चेहरा ऐसा रहा, जिस पर धार्मिक प्रोजेक्ट्स ही शूट करते हैं। उनके चेहरे पर पहले से ही भक्ति भाव था और वह माला पर राम का 100 बार नाम जपती थीं।

    बताया था आज की एक्ट्रेसेस में क्या है सबसे बड़ी कमी
    दीपिका चिखलिया ने कहा था कि बाकी एक्ट्रेसेस जहां एक्टिंग करती हैं, वहीं सीता का किरदार उनके लिए एक्टिंग नहीं था। दीपिका के मुताबिक, वह सीता के किरदार को भक्ति की तरह देखती थीं। वो ऐसे सोचती थीं कि वह सीता हैं, राम का दौर है और उनके साथ वह सब हो रहा है, जो 'रामायण' में दिखाया गया। दीपिका चिखलिया ने कहा था कि आज की एक्ट्रेसेस के अंदर भक्ति भाव नहीं है, और इसलिए वो 'सीता' नहीं बन पा रही हैं।

     

  • आमिर खान की तीसरी शादी पर 16 साल वाले फॉर्मूले की सोशल मीडिया में चर्चा

    आमिर खान की तीसरी शादी पर 16 साल वाले फॉर्मूले की सोशल मीडिया में चर्चा

    बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने हाल ही मे अपने रिलेशनशिप स्टेटस को सिंगल से मिंगल कर लिया है. उन्होंने अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर गौरी स्प्रैट से शादी कर ली है. 5 जुलाई को हुई इस शादी ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी. फैंस ने आमिर को बधाई देते हुए गौरी का वेलकम तो किया ही लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस '16 साल वाले फॉर्मूले' की हो रही है, जिसे लेकर यूजर्स मजेदार मीम्स और कमेंट्स कर रहे हैं.

    दरअसल, सोशल मीडिया पर लोग आमिर की पहली और दूसरी शादी का हिसाब जोड़ते हुए कह रहे हैं कि क्या तीसरी शादी भी 16 साल ही चलेगी? कई यूजर्स लिख रहे हैं- आमिर का मैरिज कॉन्ट्रैक्ट 16 साल का होता है क्या? तो किसी ने मजाक में लिखा- अब 2042 का इंतजार करो.

    पहली शादी: बचपन का प्यार, 16 साल बाद अलग राह
    आमिर खान ने 18 अप्रैल 1986 को अपनी बचपन की दोस्त रीना दत्ता से परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी. दोनों के दो बच्चे जुनैद खान और आइरा खान हैं. शादी करीब 16 साल चली और फिर दिसंबर 2002 में दोनों का तलाक हो गया. अलग होने के बाद भी दोनों ने बच्चों की परवरिश साथ मिलकर की और आज भी दोस्ताना रिश्ता रखते हैं.

    'लगान' के सेट से शुरू हुआ था दूसरा रिश्ता
    रीना दत्ता से अलग होने के करीब तीन साल बाद आमिर ने 28 दिसंबर 2005 को फिल्ममेकर किरण राव से पंचगनी के फार्महाउस पर प्राइवेट शादी की. दोनों की मुलाकात फिल्म 'लगान' के दौरान हुई थी. साल 2011 में सरोगेसी के जरिए बेटे आजाद राव खान का जन्म हुआ. लेकिन जुलाई 2021 में आमिर और किरण ने आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान कर दिया. यानी ये रिश्ता भी करीब 16 साल तक ही चला.

    अब 61 की उम्र में तीसरी बार बसाया घर
    अब आमिर-गौरी परिवार और करीबी दोस्तों के बीच अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर चुके हैं, लेकिन यूजर्स अलग ही जोड़-घटा करने में बिजी हैं. उनके लिए आमिर का ये नया रिश्ता किसी मीम मटैरियल से कम नहीं साबित हो रहा है. जैसे ही ये खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर लोगों ने पहली और दूसरी शादी का गणित निकालना शुरू कर दिया. कई यूजर्स का कहना है कि अगर पिछला रिकॉर्ड देखा जाए, तो तीसरी शादी भी 16 साल तक चलेगी. हालांकि ये सिर्फ सोशल मीडिया पर चल रही सिर्फ एक चर्चा ही हैं, जिनका कोई आधार नहीं है. लेकिन इसने यूजर्स का ध्यान अपनी ओर जरूर खींच लिया है.

    कई सेलेब्स भी इस पर हैरानी जता चुके हैं कि आमिर अपनी पत्नियों को कितनी इज्जत देते होंगे जो उन्हें उनके आने वाले रिलेशनशिप्स पर कोई एतराज नहीं होता.

    फिलहाल सोशल मीडिया पर मीम्स और मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आई हुई है. कोई आमिर की शादी का '16 साल का रिकॉर्ड' गिना रहा है, तो कोई तीसरी पारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है. अब वक्त ही बताएगा कि सोशल मीडिया का ये '16 साल वाला गणित' सिर्फ मजाक साबित होता है या नहीं.

  • आमिर खान ने 61 की उम्र में गौरी स्प्रैट से रजिस्टर मैरिज की, पहली तस्वीर आई सामने

    आमिर खान ने 61 की उम्र में गौरी स्प्रैट से रजिस्टर मैरिज की, पहली तस्वीर आई सामने

    बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने आज अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी कर ली है। एक्टर ने 61 की उम्र में रजिस्टर मैरिज की है जिसकी पहली तस्वीर सामने आ गई है। तस्वीर में एक्टर को पेपर पर साइन करते हुए देखा जा सकता है। आमिर खान की तीसरी शादी के लिए उनका पूरा परिवार एक साथ नजर खुशियां मनाता नजर आ रहा है। आमिर ने ऑफ वाइट शेरवानी में नजर आ रहे हैं। वहीं गौरी ने शिमरी ड्रेस कैरी की हुई है। खास बात ये है कि आमिर और गौरी की शादी में उनके पिछली शादियों से बच्चे मौजूद हुए हैं।

    आमिर और गौरी की शादी की पहली तस्वीर
    सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई है। आमिर खान अपनी तीसरी शादी के पेपर्स पर साइन करते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में उनके और किरण राव से बेटे आजाद साथ दिख रहे हैं। तीसरी पत्नी गौरी भी अपने बेटे के साथ हैं। आमिर की मां जीनत और परिवार के कुछ खास सदस्यों को तस्वीर में देखा जा सकता है। आमिर ने गौरी को कुछ समय तक डेट करने के बाद आखिरकार उन्हें अपनी तीसरी पत्नी बनाया है।

    आमिर खान की शादियां
    आमिर खान की लव लाइफ की बात करें तो एक्टर ने अपने बॉलीवुड में डेब्यू से पहले 1986 में रीना दत्ता से शादी कर ली थी। इस शादी से उन्हें दो बच्चे आयरा और जुनैद हुए। लेकिन ये शादी करीब 16 साल बाद टूट गई। दोनों ने साल 2002 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया। इसके बाद एक्टर की जिंदगी में किरन राव आई।कुछ समय तक एक दूसरे को डेट करने के बाद किरन और आमिर ने साल 2005 में शादी कर ली। साल 2011 में दोनों बेटे आजाद के पेरेंट्स बने। आजाद को सरोगेसी की मदद से दुनिया में लाया गया था। लेकिन आमिर की ये शादी भी साल 2021 में टूट गई। हालांकि, आमिर के अपनी दोनों पूर्व पत्नियों और बच्चों के साथ अच्छे संबंध रहे।

    गौरी से मुलाकात
    अब आमिर तीसरी बार शादी के बंधन में बंध गए हैं। आमिर ने स्टाइलिस्ट गौरी स्प्रैट से शादी की है। एक्टर के मुताबिक उनकी और गौरी की मुलाकात सबसे पहले करीब दो दशक पहले हुई थी। लेकिन उस समय जीवन अलग दिशा में चल रहा था। फिर दूसरी मुलाकात 2023 में हुई और दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। आमिर ने गौरी को अपने दोस्तों और परिवार के साथ मिलाया था। सभी ने साथ में क्वालिटी टाइम बिताया और अब गौरी खान परिवार का हिस्सा बन गई हैं।