Tag: Paddy

  • किसानों के लिए राहत की खबर, सुकमा में 6 नए धान खरीदी केंद्रों को मंजूरी

    किसानों के लिए राहत की खबर, सुकमा में 6 नए धान खरीदी केंद्रों को मंजूरी

    सुकमा.

    जिले के किसानों के लिए धान बेचने की राह अब पहले से आसान होने की उम्मीद है. जिले में छह नए धान खरीदी केंद्र खोलने का ऐलान किया गया है. बुड़दी, बड़ेशेट्टी, हमीरगढ़, गोरली, भेज्जी और चिंतलनार में नए केंद्र प्रस्तावित हैं.

    इन केंद्रों से आसपास के कई गांवों के किसानों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है. अब किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी. इससे उपज के परिवहन में लगने वाला समय और खर्च दोनों कम हो सकते हैं. किसानों की लंबे समय से मांग थी कि उनके गांवों के आसपास ही खरीदी की सुविधा मिले. इसी समस्या को लेकर विधायक कवासी लखमा ने खाद्य मंत्री के समक्ष मांग रखी थी. अब छह नए केंद्रों की घोषणा के बाद किसानों को खरीदी व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद है. दूरस्थ इलाकों में केंद्र खुलने से धान परिवहन की परेशानी भी कम होगी. हालांकि किसानों को वास्तविक राहत केंद्रों के समय पर शुरू होने और सुचारु संचालन के बाद ही मिल सकेगी.

    छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 354 नए धान खरीदी केंद्र –
    छत्तीसगढ़ में किसानों को धान बेचने में सुविधा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोलने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें खरीदी केंद्रों तक पहुंचने में ज्यादा दूरी और परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है।

    धान खरीदी के दौरान किसानों को सुविधा देने और खरीदी व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए 354 नए केंद्र शुरू किए जाएंगे। नए केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम होगी। इससे समय और परिवहन खर्च की बचत होने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से किसानों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पात्र किसानों को लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।

  • अधिक धान उत्पादन के लिए कृषि विभाग का अभियान तेज, हरी खाद से खेतों में वृद्धि

    अधिक धान उत्पादन के लिए कृषि विभाग का अभियान तेज, हरी खाद से खेतों में वृद्धि

    हरी खाद से लहलहाएंगे खेत: धान उत्पादन बढ़ाने कृषि विभाग का विशेष अभियान तेज

    "रासायनिक उर्वरकों का विकल्प बन रही हरी खाद, 176 हेक्टेयर में विस्तार का लक्ष्य तय"

    मनेन्द्रगढ़/एमसीबी

    जिले में मृदा की सेहत सुधारने और धान उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने खरीफ सीजन में हरी खाद और जैव उर्वरकों को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। विभाग का मानना है कि रासायनिक उर्वरकों के लगातार उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है।

    अभियान के तहत किसानों को रोपा पद्धति से धान की खेती से पहले खेतों में ढैंचा, सन जैसी शीघ्र बढ़ने वाली दलहनी फसलों की बुवाई करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन फसलों को एक निश्चित अवस्था में मिट्टी में पलटने से मिट्टी में जैविक तत्वों की मात्रा बढ़ती है और प्राकृतिक रूप से पोषक तत्वों की पूर्ति होती है।

    कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, ढैंचा एक अत्यंत प्रभावी हरी खाद है, जिससे प्रति हेक्टेयर 30 से 40 किलोग्राम तक नाइट्रोजन प्राप्त हो सकती है। इसकी बुवाई 35 से 45 दिन पहले की जाती है और 2 से 3 फीट ऊंचाई होने पर इसे मिट्टी में मिला दिया जाता है, जो कुछ ही दिनों में सड़-गलकर फसल के लिए पोषक तत्व उपलब्ध कराती है।

    जिले में इस अभियान के तहत कुल 176 हेक्टेयर क्षेत्र में हरी खाद के उपयोग का लक्ष्य रखा गया है। इसमें मनेन्द्रगढ़ के लिए 62 हेक्टेयर, खड़गवां के लिए 52 हेक्टेयर और भरतपुर के लिए 62 हेक्टेयर निर्धारित किए गए हैं।
    कृषि विभाग किसानों को हरी खाद के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करा रहा है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे इस पहल का लाभ उठाकर मृदा स्वास्थ्य सुधारें और बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करें।

  • धान उपार्जन में फर्जीवाड़ा करने वाले राइस मिल के मुंशी समेत 4 गिरफ्तार

    धान उपार्जन में फर्जीवाड़ा करने वाले राइस मिल के मुंशी समेत 4 गिरफ्तार

    बिलासपुर.

    बिल्हा थाना क्षेत्र में धान उपार्जन में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राइस मिल के मुंशी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 360 क्विंटल धान की फर्जी आवक-जावक दर्शाकर शासन को लगभग 8 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। मामले में प्रार्थी धर्मराज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मुंशी श्यामसुंदर अग्रवाल ने बिना जानकारी के फर्जी डीओ लेटर और गेट पास जारी कर उपार्जन केंद्र बोडसरा और बिटकुली से 180-180 क्विंटल, कुल 360 क्विंटल धान (करीब 450 बोरी) की हेराफेरी की। इस धान की कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है।

    शिकायत पर बिल्हा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान श्यामसुंदर अग्रवाल को सिलतरा, रायपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि महावीर एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से फर्जी डीओ लेटर और गेट पास जारी कर बोडसरा केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटर धनंजय यादव और प्रभारी प्रबंधक अशोक मरावी के साथ मिलकर 180 क्विंटल धान की हेराफेरी की, जिससे करीब 4 लाख रुपये की अवैध कमाई हुई। इसी प्रकार बिटकुली केंद्र में प्रभारी प्रबंधक ललित बघेल के साथ मिलकर 180 क्विंटल धान की हेराफेरी कर शासन को लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।

    पुलिस ने श्यामसुंदर अग्रवाल, अशोक कुमार मरावी, ललित कुमार बघेल और धनंजय यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बिल्हा के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।