Category: मनोरंजन

  • ‘बिग बॉस’ में रोहित शेट्टी ने लगाई लव गिल और स्काउट ओपी की क्लास, ‘कंबल कांड’ पर उठाए सवाल

    ‘बिग बॉस’ में रोहित शेट्टी ने लगाई लव गिल और स्काउट ओपी की क्लास, ‘कंबल कांड’ पर उठाए सवाल

    इस हफ्ते का 'वीकेंड का वार' कितना धमाकेदार होने वाला है, इसकी एक झलक हाल ही में दिख चुकी है. इस बार सलमान खान की जगह रोहित शेट्टी घरवालों की क्लास लगाने वाले हैं. वीकेंड का वार के लेटेस्ट प्रोमो में उन्हें आसिफ खान, और लव गिल- स्काउट ओपी को फटकार लगाते हुए देखा जा सकता है.

    वीकेंड का वार के जिस प्रोमो की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वो लव गिल और स्काउट ओपी का है. रोहित शेट्टी ने आते ही दोनों के रिश्ते पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. वो पंजाबी एक्ट्रेस से पूछते हैं कि स्काउट संग उनका क्या रिश्ता है, वो उनके क्या लगते हैं? इसके जवाब में लव कहती हैं कि स्काउट उनके भाई हैं. लेकिन तभी रोहित उनके सामने उन मुद्दों को रखते हैं जिसके कारण उस 'भाई-बहन' के रिश्ते को बाहर पब्लिक में कुछ और समझा जा रहा है.

    रोहित ने उठाए गंभीर सवाल
    रोहित शेट्टी लव और स्काउट से कंबल में मसाज देने वाली बात कहते हैं. डायरेक्टर ने कहा कि जिस तरीके से स्काउट उनके हाथ, पैर या गर्दन दबा रहे हैं, वो ठीक नहीं लग रहा है. रोहित ने लव से कहा कि सलमान ने उन्हें पहले हिंट देने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने उनकी बात नहीं समझी. दोनों का साथ आना कई मायनों में सही इमेज नहीं सेट कर रहा है. रोहित ने कहा कि लव, स्काउट के मसाज देने के वक्त अजीब सी आवाजें निकाल रही थीं, जो लोगों के बीच एक अलग मतलब से देखा गया.

    हालांकि स्काउट उन्हें सफाई देने की कोशिश करते हैं. वो बताते हैं कि लव के अलावा वो घर में कई लोगों की मसाज करते हैं. मगर रोहित उन्हें टोकते हुए कहते हैं कि जब वो घर के बाहर निकलेंगे, तब शायद उन्हें उनकी बातें समझ आएंगी. ये पहला मौका नहीं जब स्काउट और लव के भाई-बहन वाले रिश्ते पर सवाल उठे थे. दोनों कई मौकों पर एक-दूसरे संग कोजी होते दिखे हैं, जिसका जिक्र घर में भी कई बार हुआ है.

    स्काउट पर इस समय इंटरनेट पर उंगलियां भी उठ रही हैं. शो के बाहर उनकी गर्लफ्रेंड काशवी हैं, जो उन्हीं की तरह एक गेमर हैं. स्काउट और काशवी काफी लंबे वक्त से एक साथ है. कहा जा रहा है कि घर में लव गिल संग उनके रिश्ते पर उठे सवालों के कारण काशवी की शो में एंट्री होने वाली है. शनिवार या रविवार के एपिसोड में उन्हें आते हुए देखा जा सकता है, और वो इस दौरान स्काउट को सपोर्ट करती नजर आएंगी. हालांकि वो उन्हें समझाएंगी भी कि लव के साथ बाहर जो कुछ उनकी केमिस्ट्री दिख रही है, वो सही नहीं है.

    क्या है कंबल कांड?
    दरअसल कुछ एपिसोड्स पहले स्काउट ओपी, लव गिल को बेड में मसाज दे रहे थे. मसाज के दौरान स्काउट ने लव के ऊपर कंबल डाल दिया, और मसाज जारी रखी. ये सिलसिला काफी देर तक चला. फिर स्काउट ने लव को गर्दन के आसपास मसाज देनी शुरू की, जिसके बाद एक्ट्रेस ने अजीब-अजीब आवाजें निकालनी शुरू की. इस बात से कई लोग नाराज हुए थे, और स्काउट को जमकर फटकार लगाई थी.

    रोहित शेट्टी को वीकेंड का वार में इस तरह अनफिल्टर होकर बात करता देख, कई लोगों को खुशी महसूस हुई है. सभी का कहना है कि शो में इस मुद्दे का उठना जरूरी था. लव गिल और स्काउट ओपी के रिश्ते की सच्चाई भले जो भी हो, मगर ऑडियंस का मानना है कि उन्हें नेशनल टेलीविजन पर एक सीमा रखनी चाहिए जो पार ना हो तो बेहतर है. अब देखना है कि क्या रोहित की क्लास के बाद स्काउट और लव के बीच दूरियां आएंगी या नहीं.

  • ‘KBC 18’ में पहुंचेगी ‘रामायण’ की स्टारकास्ट, रणबीर कपूर के सवाल पर बिग बी ने सुनाया दिवाली का मजेदार किस्सा

    ‘KBC 18’ में पहुंचेगी ‘रामायण’ की स्टारकास्ट, रणबीर कपूर के सवाल पर बिग बी ने सुनाया दिवाली का मजेदार किस्सा

    फिल्म रामायण' की स्टारकास्ट जल्द ही अमिताभ बच्चन के गेम शो कौन बनेगा करोड़पति 18 में नजर आने वाली है. शो के दिवाली स्पेशल एपिसोड में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे बिग बी के साथ मस्ती करते दिखाई देंगे. शो के मेकर्स ने इस खास एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है.

    केबीसी में रामायण की टीम
    प्रोमो में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे को अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है. वो वहां रअपनी अपकमिंग फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड' को प्रमोट करने KBC 18 के सेट पर पहुंचेंगे. पूरा एपिसोड दिवाली के माहौल में रंगा हुआ नजर आएगा. इसमें रणबीर अमिताभ बच्चन से उनकी बचपन की दिवाली से जुड़ी कोई याद पूछते हैं. रणबीर उनसे कहते हैं कि आपकी कोई दिवाली की याद है?

    तो इस पर अमिताभ बच्चन अपने बचपन का एक मजेदार किस्सा सुनाते हैं. बिग बी ने कहा- दिवाली की केवल यही याद रहती थी कि अगर बगल वाले के यहां बम फटा है, तो हमारा बम उससे ज्यादा तेज होना चाहिए. अमिताभ की ये बात सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं. प्रोमो में साई पल्लवी और रणबीर का शॉक्ड रिएक्शन भी देखने लायक है.

    फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी सीता का रोल निभा रही हैं. रवि दुबे फिल्म में लक्ष्मण के किरदार में हैं. रावण का रोल कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार 'रॉकी भाई' यानी यश निभा रहे हैं. फिल्म रामायण को नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है. फिल्म को बड़े स्तर पर बनाया गया है और इसे दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा.

    'रामायण: पार्ट 1' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है. फिल्म हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज होगी, जिसे DNEG वाले नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है. वो अपनी फिल्म को दुनिया के हर कोने में पहुंचाने के लिए सोनी पिक्चर्स संग हाथ मिला चुके हैं, जिन्हें स्पाइडरमैन की फिल्में बनाने के लिए जाना जाता है.

  • रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, ‘बॉर्डर 2’ और ‘हनुमान अंश’ को कमाई में पछाड़ा

    रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, ‘बॉर्डर 2’ और ‘हनुमान अंश’ को कमाई में पछाड़ा

    सुपरस्टार रजनीकांत की 'जेलर 2' ने 'बॉर्डर 2' और 'हनुमान अंश' की कुल घरेलू कमाई (लाइफटाइम डोमेस्टिक कलेक्शन) के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है. दूसरे शुक्रवार को कमाई में थोड़ी गिरावट आने के बावजूद, इस एक्शन थ्रिलर फिल्म ने यह मुकाम हासिल कर लिया है.

    त्योहारी छुट्टियों के बाद सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या कम होने से कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई थी. अब दूसरे वीकेंड के शुरू होने के साथ, उम्मीद है कि फिल्म की कमाई में फिर से उछाल आएगा और यह अपने अगले घरेलू माइलस्टोन की ओर बढ़ेगी.

    जेलर 2 की रिकॉर्ड तोड़ कमाई
    सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, 'जेलर 2' ने भारत में अपने नौवें दिन 14.50 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई की. इसके साथ ही, नौ दिनों में फिल्म की कुल घरेलू कमाई 348.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो इसे 350 करोड़ रुपये के आंकड़े के बहुत करीब ले आई है. फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई 628.05 करोड़ रुपये हो गई है.

    'जेलर 2' ने 15,887 शोज के साथ भारत में 59.70 करोड़ रुपये (नेट) की शुरुआती कमाई की थी. फिल्म की रिलीज़ से पांच दिन पहले, 10 अक्टूबर को एडवांस बुकिंग शुरू हो गई थी, और 14 अक्टूबर के अंत तक यह दुनियाभर में 80 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गई.

    फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में ही भारत में 300 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई कर ली थी. हफ्ते के अंत तक इसका कुल घरेलू नेट कलेक्शन 334.35 करोड़ रुपये था. नौवें दिन की कमाई के बाद, यह आंकड़ा बढ़कर 348.85 करोड़ रुपये हो गया है.

    दूसरी फिल्मों से निकली आगे
    इन नए आंकड़ों के साथ, 'जेलर 2' दो अन्य बड़ी रिलीज फिल्मों से आगे निकल गई है. 'बॉर्डर 2' ने लगभग 329 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि 'हनुमान अंश' ने 339 करोड़ रुपये कमाए थे. रजनीकांत की इस फिल्म ने इन दोनों फिल्मों की कुल कमाई को पीछे छोड़ दिया है.

    उम्मीद है कि दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई में और तेजी आएगी. अगर बिजनेस बढ़ता है, तो इसका घरेलू कलेक्शन 380 करोड़ रुपये के और करीब पहुंच सकता है.

    'जेलर 2' के बारे में
    नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा लिखित और निर्देशित 'जेलर 2' को कलानिधि मारन ने 'सन पिक्चर्स' बैनर के तहत प्रोड्यूस किया है. यह 2023 में आई फिल्म 'जेलर' का सीक्वल है. रजनीकांत के साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक भी वापस आ रहे हैं, जो पहली फिल्म वाले अपने किरदारों को ही निभाएंगे.

    इस सीक्वल में एस.जे. सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु और विद्या बालन भी हैं. मोहनलाल, शिव राजकुमार और जैकी श्रॉफ कैमियो रोल में वापसी कर रहे हैं.

  • रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, 600 करोड़ पार

    रजनीकांत की ‘जेलर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, 600 करोड़ पार

    पिछले हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर एक नहीं, बल्कि 4-5 फिल्में एक साथ रिलीज हुई थी. कुछ बॉलीवुड से तो कुछ साउथ की बड़ी फिल्मों के बीच क्लैश हुआ. प्रहार, नई नवेली, रणबाली, और एक हॉलीवुड की स्ट्रीट फाइटर सिनेमाघरों में लगीं. मगर इन सभी का जादू सिनेमा के 'थलाइवा' रजनीकांत के आगे फीका सा पड़ गया.

    रजनीकांत के आगे सब फीके पड़े!
    रजनीकांत अपनी फिल्म जेलर 2 लेकर आए, जो उनकी तीन साल पुरानी ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है. टाइगर मुथुवेल पांड्यन के रोल में उन्हें बड़ा पसंद किया गया था. इसलिए जेलर 2 का इंतजार और बेसब्री से किया गया. साउथ में तो फिल्म का क्रेज था ही, साथ ही साथ हिंदी बेल्ट में भी इसके लिए दीवानगी देखी गई. रजनीकांत की फिल्म में सुपरस्टार ऋतिक रोशन का कैमियो था, जिसने थिएटर में स्टेडियम जैसा माहौल पैदा किया.

    फिल्म जेलर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की. एक ही हफ्ते के अंदर रजनीकांत ने अपने सामने आई हर फिल्म को पीछे छोड़ा. प्रहार, नई नवेली, रणबाली, स्ट्रीट फाइटर- इनमें से कोई फिल्म खास नहीं चल पाई. यहां तक कि अजय देवगन की दृश्यम 3, जो इस महीने बॉलीवुड की सबसे सफल फिल्म है उसे भी जेलर 2 के आने से भारी डेंट पहुंचा.

    1000 करोड़ कमाने की फिराक में जेलर 2
    रजनीकांत की फिल्म अभी तक बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ से ज्यादा कमा चुकी है, और ये उनके करियर की चौथी बड़ी फिल्म साबित हुई है. जिस रफ्तार से ये आगे बढ़ रही है, ऐसे में ये कह पाना गलत नहीं होगा कि फिल्म अब 1000 करोड़ कमाने की फिराक में है. इसका कारण विदेश में जेलर 2 को लेकर देखा गया क्रेज है, आठ दिनों में फिल्म बाहर 200 करोड़ से ज्यादा कमा गई है जो कोई छोटी बात नहीं है.

    जेलर 2 के पास ये कारनामा करने के लिए दिवाली तक का समय है, क्योंकि उसके बाद रणबीर कपूर और यश स्टारर रामायण आ रही है. एडवांस बुकिंग से ही इसने साबित कर दिया है कि ये बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग लेने वाली है. हालांकि रजनीकांत का काम बिगड़ सकता है अगर आयुष्मान खुराना की नई फिल्म उड़ता तीर लोगों के बीच क्लिक कर गई. ये फिल्म एक स्पाई कॉमेडी एंटरटेनर है, जिसका ट्रेलर लोगों को काफी पसंद आया था. ऑडियंस और क्रिटिक्स की ओर से भी इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. अब देखना है कि क्या उड़ता तीर कमाल करेगी या रजनीकांत का 'औरा' जारी रहेगा.

  • मनोज बाजपेयी ने ‘घूसखोर पंडत’ विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों बदला गया फिल्म का नाम

    मनोज बाजपेयी ने ‘घूसखोर पंडत’ विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों बदला गया फिल्म का नाम

    कई महीनों पहले मनोज बाजपेयी की नेटफ्लिक्स फिल्म के टाइटल पर बवाल खड़ा हो गया था. फिल्म का नाम घूसखोर पंडत था, जिसपर कई लोगों ने नाराजगी जाहिर की. उनका कहना था कि ‘घूसखोर’ और ‘पंडत’ शब्दों को साथ इस्तेमाल करने से एक खास समुदाय को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है. मामला इतना बढ़ा कि फिल्म के खिलाफ FIR भी दर्ज हुई और कोर्ट में याचिका भी दाखिल की गई. बाद में फिल्म का प्रमोशनल मटीरियल भी हटा दिया गया था.

    टाइटल पर छिड़े विवाद से क्या था मनोज का रिएक्शन?
    अब ये गजब रात के नाम से नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, जिसका ट्रेलर कुछ वक्त पहले ही रिलीज हुआ. फिल्म की रिलीज के मौके पर मनोज बाजपेयी ने इस विवाद पर भी अपनी बात रखी. जूम संग बातचीत में एक्टर ने बताया कि फिल्म का वर्किंग टाइटल शुरू से 'घूसखोर पंडित' नहीं था. फिल्म के क्लैपबोर्ड पर कोई दूसरा नाम लिखा हुआ था. बाद में टीम को लगा कि 'घूसखोर पंडित' नाम फिल्म के किरदार को ज्यादा सही तरीके से दिखाता है. इसलिए प्रमोशन के दौरान इस नाम को अपनाया गया.

    मनोज ने कहा- आपत्ति उन लोगों की तरफ से आई, जिन्होंने फिल्म या ट्रेलर नहीं देखा था. वो सिर्फ टाइटल से ही नाराज थे. हमने तुरंत इस पर ध्यान दिया, इसे ठीक किया और फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में चली गई. मनोज बाजपेयी ने इस बात से भी इनकार किया कि टाइटल को लेकर हुए विवाद की वजह से फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाई गई. उन्होंने कहा कि फिल्म की रिलीज हमेशा इसी समय के आसपास तय थी. इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ.

    उन्होंने बताया कि फिल्म को साल के फर्स्ट हाफ में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन OTT प्लेटफॉर्म्स अपना शेड्यूल काफी पहले तैयार कर लेते हैं. मनोज ने कहा- मैं इसे लेकर किसी तरह की सफाई नहीं दे रहा हूं, क्योंकि आपको पता है कि OTT और नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म पूरे साल का शेड्यूल काफी पहले ही तय कर लेते हैं.

    घूसखोर पंडत टाइटल पर क्या बोले थे प्रोड्यूसर?
    फिल्म के प्रोड्यूसर नीरज पांडे ने सफाई देते हुए कहा था कि फिल्म एक काल्पनिक पुलिस कहानी है और ‘पंडत’ सिर्फ फिल्म के एक काल्पनिक किरदार का बोलचाल वाला नाम है. उनका कहना था कि फिल्म का मकसद किसी जाति, धर्म या समुदाय पर टिप्पणी करना नहीं है.

  • बिग बॉस 20 में स्काउट ओपी और लव गिल की नजदीकियों पर बवाल, गर्लफ्रेंड काशवी का रिएक्शन वायरल

    बिग बॉस 20 में स्काउट ओपी और लव गिल की नजदीकियों पर बवाल, गर्लफ्रेंड काशवी का रिएक्शन वायरल

    बिग बॉस 20 में यूट्यूबर स्काउट ओपी और एक्ट्रेस लव गिल का रिश्ता क्या कहलाता है, ये सवाल हर किसी के जहन में है. पब्लिक के अलावा सेलेब्स भी दोनों के रिश्ते पर सवाल उठाने लगे हैं. भाई-बहन बोलकर जिस तरह की नजदीकियां उनके बीच देखने को मिलती है, उससे हर कोई अनकंफर्टेबल हो जाता है. बीते एपिसोड में दिखी उनकी करीबी फिर से चर्चा में है.

    लव-स्काउट के रिश्ते पर सवाल
    बीबी हाउस में कैप्टेंसी टास्क को लेकर एक एक्टिविटी हुई थी. जिसमें स्काउट को कैप्टेंसी के लिए 3 डिजर्विंग और 3 नॉन डिजर्विंग कंटेस्टेंट्स के नाम बताने थे. यहां पर स्काउट ने डिजर्विंग खिलाड़ी के जो नाम दिए उसमें आम्रपाली दुबे और लव गिल शामिल नहीं थे. जबकि वो उन दोनों के ही बेहद करीब हैं. अपनी गलती का एहसास होने पर स्काउट बेहद बुरा फील करते हैं. उनकी आंखें भी नम हो जाती हैं. यूट्यूबर को परेशान देखने पर लव गिल अपनी नाराजगी भुलाकर स्काउट को सीने से लगा लेती हैं.

    वो बेडरूम में सबके सामने स्काउट को गले से लगाती हैं. उन्हें पैंपर करती हैं. कई मिनटों तक वो स्काउट को अपने सीने से लगाकर सहलाती हैं. ये सीन स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी लाइव स्ट्रीमिंग में देख रही थीं. अपने बॉयफ्रेंड को हीरोइन की बांहों में देखकर काशवी अनकंफर्टेबल हो जाती हैं. काशवी कुछ कहती नहीं हैं लेकिन उनका रिएक्शन सब कुछ बयां कर देता है. फिर कुछ पल बाद वो लाइव स्ट्रीमिंग खत्म करके चली जाती हैं. भाई-बहन बोलकर एक दूसरे के साथ यूं नजदीकियां दिखाने पर यूजर्स शॉक्ड हैं. लोग पूछ रहे ऐसे कौन से भाई-बहन होते हैं? लोगों ने उनकी हरकतों को क्रिंज बताया है. एक शख्स ने कहा नेशनल टीवी पर ऐसी हरकत करना शर्मनाक है. ये फैमिली शो है. कभी कंबल के अंदर टची बिहेवियर दिखाना, गले लगाना, पैरों की मसाज करना.. ये कौन से

    भाई बहन करते हैं?
    बीबी फैंस ने सलमान खान से इन जेस्चर के प्रति एक्शन लेने की मांग की है. काम्या पंजाबी ने ट्वीट कर लिखा- इन दोनों का मसाज पार्लर पहले बंद कराओ. मुनव्वर फारुकी ने भी स्काउट-लव के पूरा दिन एक दूसरे की मसाज करने पर रिएक्ट किया है. सोशल मीडिया पर हो रही हैवी बैशिंग के बाद देखना होगा वीकेंड के वार में स्काउट-लव की नजदीकियों का मुद्दा उठता है या नहीं.

  • रजनीकांत की जेलर 2 ने 8 दिन में कमाए 606 करोड़, दूसरे हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ी रफ्तार

    रजनीकांत की जेलर 2 ने 8 दिन में कमाए 606 करोड़, दूसरे हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ी रफ्तार

    तमिल सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 रिकॉर्ड-तोड़ कमाई कर गई है. मात्र आठ दिनों के अंदर-अंदर फिल्म ने वर्ल्डवाइड 600 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया. रजनीकांत का स्टारडम सभी के सिर चढ़कर बोला, और ये उनके करियर की चौथी बड़ी फिल्म साबित हुई. हालांकि दूसरा हफ्ता शुरू होते ही इसके हाथ थोड़ी निराशा भी लगी है.

    दूसरे हफ्ते धीमी पड़ी रफ्तार
    सैकनिल्क की रिपोर्ट अनुसार, पहले हफ्ते के मुकाबले फिल्म जेलर 2 ने अपने दूसरे हफ्ते की शुरुआत काफी धीमी की है. गुरुवार को अपने आठवें दिन इसने 17.15 करोड़ का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया. इसमें से हिंदी में 2.40 करोड़ कमाई हुई. आठ दिनों का नेट कलेक्शन मिलाकर, रजनीकांत की फिल्म ने कुल 334.35 करोड़ कमा लिए हैं.

    वर्ल्डवाइड की बात करें, तो इस फिल्म ने एक बार फिर बड़ा धमाका किया है. विदेश में रजनीकांत की फिल्म का जलवा साफ दिखाई दिया है. आठ दिनों में वहां इसने 214.50 करोड़ ग्रॉस कमाए हैं. वर्ल्डवाइड फिल्म जेलर 2 ने 606.50 करोड़ कमा लिए हैं, जो रजनीकांत के करियर की अभी तक की सबसे तेज 600 करोड़ क्लब में एंट्री भी है.

    हिंदी में कमजोर है जेलर 2
    फिल्म जेलर 2 को हिंदी में लिमिटेड रिलीज मिलती नजर आई है. दिल्ली-एनसीआर में उम्मीद के मुताबिक कम शोज लगे हैं, इसलिए हिंदी में रजनीकांत की फिल्म कमजोर रही है. अगर तमिल भाषा की तरह, हिंदी में फिल्म के बढ़िया शोज लगे होते तो कमाई अभी तक 700 करोड़ पार हो गई होती. क्योंकि जिस रफ्तार से जेलर 2 बॉक्स ऑफिस पर भाग रही थी, उसे देखते हुए ऐसा ही अनुमान लग रहा था. कई लोगों का ये भी मानना था कि रजनीकांत तमिल सिनेमा की पहली 1000 करोड़ रुपये फिल्म देने वाले हैं. लेकिन अब ऐसा संभव होता हुआ फिलहाल नहीं दिख रहा है.

    आयुष्मान खुराना मारेंगे नया 'डेंट'?
    रजनीकांत की फिल्म को हिंदी में इस हफ्ते झटका लग सकता है. आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की स्पाई कॉमेडी फिल्म उड़ता तीर सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. क्रिटिक्स से फिलहाल फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. अब ये ऑडियंस पर निर्भर करता है कि क्या वो आयुष्मान की फिल्म को मौका देंगे, या रजनीकांत के स्वैग और मासी अंदाज को ही देखते रहना पसंद करेंगे.

  • मुंबई के अमेरिकन स्कूल को धमकी भरा ईमेल, अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ के नाम का जिक्र

    मुंबई के अमेरिकन स्कूल को धमकी भरा ईमेल, अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ के नाम का जिक्र

    बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि मायानगरी मुंबई में एक नए विवाद और धमकी ने पुलिस से लेकर आम लोगों तक की नींद उड़ा दी है. इस बार निशाना किसी सीधे सितारे का घर नहीं, बल्कि मुंबई के एक प्रतिष्ठित अमेरिकन स्कूल बना है, जिसे एक खौफनाक धमकी भरा ईमेल मिला है.

    इस ईमेल की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसमें महानायक अमिताभ बच्चन, दिलजीत दोसांझ समेत कई अन्य प्रमुख हस्तियों के नामों का सीधा उल्लेख किया गया है. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अमिताभ बच्चन को सीधे तौर पर कोई धमकी भरा मेल नहीं मिला है, बल्कि स्कूल को भेजे गए मेल में ही उनके और अन्य सेलिब्रिटीज के नामों का जिक्र किया गया है.

    स्कूल को मिला धमकी भरा ईमेल
    अमेरिकन स्कूल को मिले इस धमकी भरे ईमेल में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. सूत्रों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस मेल में पंजाब से जुड़े किसी संवेदनशील मुद्दे का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया है. मेल में जिस तरह की भाषा और संदर्भों का इस्तेमाल हुआ है, उसने सुरक्षा तंत्र को और अधिक सतर्क कर दिया है.

    धमकी भरा संदेश मिलने के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने बिना किसी देरी के मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय बीकेसी थाना पुलिस ने तुरंत मिलकर जांच का जिम्मा संभाल लिया है. पुलिस की एक विशेष टीम मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) और सर्वर की लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह ईमेल देश के भीतर से भेजा गया है या फिर इसके तार विदेशों से जुड़े हैं.

    बीएमसी को भी आया धमकी भरा मेल
    इस पूरे घटनाक्रम के बीच मुंबई महानगर पालिका (BMC) को भी एक इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिलने की खबर से हड़कंप मच गया है. हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि शहर में डर और दहशत का माहौल पैदा करने के इरादे से यह फर्जी मेल (Hoax Mail) भेजा गया हो सकता है, लेकिन पुलिस किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है.

  • सुशांत सिंह राजपूत से अस्पताल में मिली थीं स्मिता जयकर, रिया चक्रवर्ती ने कराया था हीलिंग सेशन

    सुशांत सिंह राजपूत से अस्पताल में मिली थीं स्मिता जयकर, रिया चक्रवर्ती ने कराया था हीलिंग सेशन

    बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस  और आध्यात्मिक हीलर स्मिता जयकर ने मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत से अपनी मुलाकात को याद किया, जहां वे डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे. उन्होंने रिया चक्रवर्ती द्वारा अपने रिश्ते के दौरान सुशांत की मदद करने की कोशिशों के बारे में भी बात की.

    सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत में, स्मिता ने बताया कि उन्होंने अस्पताल में सुशांत से मुलाकात की थी और उन्हें एक 'हीलिंग सेशन' (उपचार सत्र) देने की पेशकश की थी. रिया चक्रवर्ती जिनके साथ स्मिता ने 'सोनाली केबल' फिल्म में काम किया था – ने ही उनसे संपर्क किया था. स्मिता ने कहा, 'सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या के ख्यालों से जूझ रहे थे. जब वे हिंदुजा अस्पताल में डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे, तब मैं वहां गई थी और उन्हें हीलिंग भी दी थी. मैंने सुशांत सिंह राजपूत को कसकर गले लगाया. वह बहुत ही भावुक और कमजोर स्थिति में थे. स्मिता ने खुलासा किया कि रिया चक्रवर्ती ने एक 'हीलिंग सेशन' का इंतजाम किया था.'

    अपनी बातचीत को याद करते हुए, स्मिता ने बताया कि सुशांत खुश लग रहे थे और उन्होंने बहुत अच्छे से बात की. उन्होंने आगे कहा कि सुशांत उनके सुझाए गए हीलिंग प्रोसेस में हिस्सा लेने के लिए आश्रम जाने को भी तैयार थे. हालांकि, ऐसा हो नहीं पाया.

    उन्होंने आगे बताया, 'रात में रिया ने मुझे मैसेज किया, 'स्मिता, वह फिर से अस्थिर स्थिति में हैं.' काश ऐसा हो पाता, काश वह आ जाते.'

    सुशांत सिंह राजपूत ड्रग्स नहीं ले रहे थे
    जब उनसे पूछा गया कि क्या सुशांत ड्रग्स के प्रभाव में थे, तो स्मिता ने इन अटकलों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वह अस्पताल में उनसे मिली थीं और उनका मानना ​​है कि सुशांत शायद केवल अपनी दवाइयां ले रहे थे.

    रिया चक्रवर्ती का बचाव किया
    सुशांत की मौत पर अपना रिएक्शन को याद करते हुए, स्मिता ने कहा कि उन्होंने सोचा कि सुशांत ने उनसे दोबारा संपर्क क्यों नहीं किया, शायद वह उनकी कुछ मदद कर पातीं. उन्होंने रिया चक्रवर्ती का बचाव करते हुए कहा कि जब वे दोनों साथ थे, तो रिया सच में सुशांत की मदद करना चाहती थीं.

    बता दें कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली थी.

  • उड़ता तीर’ मूवी रिव्यू: आयुष्मान खुराना की कॉमेडी और राहुल बोस की अदाकारी ने जमाया रंग

    उड़ता तीर’ मूवी रिव्यू: आयुष्मान खुराना की कॉमेडी और राहुल बोस की अदाकारी ने जमाया रंग

    बॉलीवुड में जासूसी, देशभक्ति और कॉमेडी का तड़का लगाकर दर्शकों को हंसाने और रोमांचित करने की कोशिश नई नहीं है, लेकिन हर बार यह फॉर्मूला काम करे, जरूरी नहीं. आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ भी कुछ ऐसे ही मसाले लेकर आई है, जहां जासूसी मिशन है, पहचान का झोल है और कहानी में कॉमेडी का तड़का भी लगाया गया है. मगर सवाल यह है कि क्या फिल्म इन तमाम मसालों को मिलाकर मनोरंजन की चटपटी डिश परोस पाती है या फिर कहानी उलझकर रह जाती है?

    बॉलीवुड में देशभक्ति और जासूसी पर कई फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन ‘उड़ता तीर’ इस मसाले में कॉमेडी का ऐसा तड़का लगाती है कि कहानी धीरे-धीरे हंसी के पटाखे फोड़ने लगती है. फिल्म की सबसे बड़ी खूबी है इसका अलग अंदाज, जहां गलत पहचान, जासूसी और मजेदार हालात मिलकर दर्शकों को एंटरटेन करते हैं.

    कहानी का कन्फ्यूजन ही है असली खेल
    आयुष्मान खुराना फिल्म में विक्रांत के किरदार में हैं, जो खुद को भारतीय खुफिया एजेंसी CTS का अधिकारी समझता है. लेकिन असली ट्विस्ट यह है कि वह दरअसल पाकिस्तानी एजेंट बिलाल है, जिसकी याददाश्त एक हादसे के बाद चली जाती है. इसके बाद वह अपने ही लोगों के पीछे पड़ जाता है. यही पहचान का खेल फिल्म में कॉमेडी और सस्पेंस दोनों पैदा करता है.

    फिल्म अपनी कहानी और किरदारों को जमाने में करीब आधा घंटा लेती है, इसलिए शुरुआत में थोड़े धैर्य की जरूरत पड़ती है. लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, मजेदार घटनाएं और एक के बाद एक ट्विस्ट माहौल बना देते हैं. इंटरवल के बाद शुरुआती हिस्सा थोड़ा सुस्त जरूर लगता है, मगर फिर फिल्म दोबारा रफ्तार पकड़ लेती है. फिल्म में ऐसा कुछ नहीं है जो आपको सस्पेंस में छोड़े, बीच-बीच में आनेवाले छोटे-छोटे कॉमेडी पंच और जोक्स आपको हंसाने का भरपूर काम करते हैं.

    आयुष्मान खुराना ने निभाया दमदार किरदार
    आयुष्मान खुराना एक बार फिर लीक से हटकर किरदार में नजर आते हैं. दो अलग पहचानों के बीच फंसे शख्स की उलझन और उसके भोलेपन को उन्होंने अच्छे से निभाया है. उनकी अदाकारी फिल्म की कहानी को सहारा देती है और कॉमेडी वाले सीन में भी उनका अंदाज जंचता है.

    फिल्म में राहुल बोस का अंदाज सबसे ज्यादा चौंकाता है. उन्हें इस तरह मजेदार किरदार में देखना दिलचस्प है और वह कई मौकों पर महफिल लूट ले जाते हैं. उनकी कॉमिक टाइमिंग फिल्म के मनोरंजन को बढ़ाती है और उनका किरदार लंबे समय तक याद रह सकता है.

    दिवंगत मुकुल देव की मौजूदगी खास
    दिवंगत एक्टर मुकुल देव भी फिल्म में अपनी छाप छोड़ते हैं. उनका काम कहानी को मजबूती देता है और पर्दे पर उनकी मौजूदगी खास महसूस होती है. उनकी आखिरी फिल्म के तौर पर ‘उड़ता तीर’ देखना भावुक भी कर सकता है, क्योंकि दर्शकों के लिए यह उनकी यादों से जुड़ा एक अहम पड़ाव है.

    सुहैल नैय्यर को अच्छा रोल मिला है और वह इसका पूरा फायदा उठाते हैं. सारा अली खान और स्मिता तांबे अपने-अपने किरदारों में ठीक लगती हैं. वहीं राम कपूर, बृजेंद्र काला और गुलशन ग्रोवर भी कहानी में मनोरंजन का रंग भरते हैं. सपोर्टिंग कास्ट की वजह से कॉमेडी कई जगह और मजेदार बन जाती है.

    फिल्म के गाने बहुत खास असर नहीं छोड़ते और औसत ही लगते हैं. इसके उलट बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी के सस्पेंस और कॉमेडी को बेहतर बनाता है. सिनेमैटोग्राफी और एडिटिंग भी ठीक हैं, हालांकि कुछ जगह कहानी की रफ्तार और बेहतर हो सकती थी.

    कॉमेडी के दीवानों के लिए मजेदार पैकेज
    डायरेक्टर-राइटर आकाश ए कौशिक ने देशभक्ति, एक्शन, सस्पेंस और कॉमेडी को मिलाकर एक मनोरंजक फिल्म पेश की है. कुछ जगहों पर धीमी रफ्तार खटकती है, लेकिन दमदार ट्विस्ट, राहुल बोस की शानदार कॉमिक अदाकारी और आयुष्मान का अलग अंदाज इसकी भरपाई करते हैं. अगर आप ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जिसमें गलत पहचान से पैदा हुआ कन्फ्यूजन और लगातार बदलते हालात हंसने का मौका दें, तो ‘उड़ता तीर’ एक बार देखी जा सकती है.