सैंडपेपरगेट कांड पर 8 साल बाद मचा बवाल, ख्वाजा बोले- पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी बॉल टैम्परिंग की जानकारी

Written by

in

सिडनी
2018 के सैंडपेपरगेट कांड को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. उनका दावा है कि गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी. ख्वाजा के मुताबिक, साउथ अफ्रीका के खिलाफ इससे पहले गकेबरहा टेस्ट में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था। 

उस्मान ख्वाजा ने यह बातें सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए इंटरव्यू में कहीं हैं. उनकी आत्मकथा 'सब्र' में भी इस विवाद का जिक्र है, जो जल्द रिलीज होने वाली है. ख्वाजा ने कहा, 'यह हम सभी थे. ना बल्लेबाज, ना गेंदबाज और ना ही स्टाफ इससे अलग था. हम सभी को इसकी जानकारी थी.' उन्होंने बताया कि घटना के बाद ड्रेसिंग रूम में उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी टीम के तौर पर जिम्मेदारी लेने की अपील की थी। 

उस्मान ख्वाजा का मानना था कि बॉल टेम्परिंग का ठीकरा केवल तीन खिलाड़ियों पर नहीं फोड़ा जाना चाहिए. हालांकि, उनकी यह बात नहीं मानी गई और स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर के साथ-साथ कैमरन बैनक्रॉफ्ट को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा। 

मार्च 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की सतह रगड़ते हुए कैमरे में पकड़ा गया था. इसके बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्वीकार किया कि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई थी। 

तीन खिलाड़ियों पर लगा था बैन
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की जांच के बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का प्रतिबंध लगा, जबकि कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए निलंबित किया गया. स्मिथ पर अतिरिक्त 12 महीने तक कप्तानी करने की रोक भी लगी. वॉर्नर पर लगा आजीवन कप्तानी प्रतिबंध 2024 में हटा दिया गया था। 

उस्मान ख्वाजा ने जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उन्होंने बताया कि वह पूरे टेस्ट मैच में कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनसे पूछताछ नहीं की. उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों के फोन का इंतजार करते रहे, मगर उनसे संपर्क नहीं किया गया। 

उस्मान ख्वाजा को लगता है कि बोर्ड जानता था कि वह इस मामले में पूरी टीम की जिम्मेदारी की बात करेंगे. इसी वजह से शायद उनका बयान दर्ज नहीं किया गया. उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि जांच पूरी हो गई और खिलाड़ियों को सजा भी सुना दी गई, लेकिन उनसे कुछ पूछा तक नहीं गया। 

उस्मान ख्वाजा ने बताया कि उन्होंने हालिया साउथ अफ्रीका दौरे से पहले पैट कमिंस को अपनी किताब में इस विवाद पर खुलकर लिखने के बारे में बताया था. उनका कहना है कि स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को लंबे समय तक इस घटना का बोझ अकेले उठाना पड़ा. वह अब इस मुद्दे पर सच सामने लाकर विवाद को पीछे छोड़ना चाहते हैं। 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *